सुंदरबनी । बैरीपतन तहसील के गांव कांगडी में बरात लेकर जा रही एक बस पलट गई। इस हादसे में बस में सवार पांच बराती घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया। उन्हें इलाज के बाद देर शाम छुट्टी दे दी गई।
पुलिस के अनुसार नौशेरा के भजनौआ क्षेत्र से एक बस न. जेके 02 वी 2286 बरात लेकर जम्मू की तरफ जा रही थी। गांव कांगड़ी के पास पहुंचने पर बस सड़क किनारे पलट गई, जिससे बस में सवार पांच बराती घायल हो गए। बस पलटने की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी एसडी सिंह मौके पर पहुंच गए और उन्होंने सभी घायलों को उपजिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल लाए गए सभी पांच घायलों की पहचान सेहन लाल निवासी भजनौआ, अंकुश चौधरी निवासी टन्नका, सपना निवासी लंगर, ईशा चौधरी निवासी लंगर तथा गुलशन निवासी गन्नैआ के रूप में हुई। जिन्हें इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं सुंदरबनी पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।