राजोरी। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने राजोेरी जिले के लोगों, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों को कोविड टीकाकरण की पहली डोज में 100 प्रतिशत कवरेज प्राप्त करने के लिए बधाई दी है। जिले में प्रवर्तन टीमों (ईटी) ने बुधवार को कोविड -19 एसओपी का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया। वीरवार को 26,700 रुपये का जुर्माना वसूल किया जिससे एक अप्रैल से लेकर अब तक कुल जुर्माना 55,30,007 रुपये हो गया। प्रवर्तन अधिकारियों ने लोगों से अपने नजदीकी कोविड टीकाकरण केंद्र में कोविड टीकाकरण की खुराक लेने के अलावा फेस मास्क पहनने और शारीरिक दूरी बनाए रखने का आग्रह किया है। उधर, बुधवार को जिले भर में 5141 व्यक्तियों को पहली (1749) और दूसरी (3392) कोविड वैक्सीन की खुराक दी गई। वीरवार को प्राप्त 1877 रिपोर्टों में से जिले में केवल एक व्यक्ति कोविड पॉजिटिव पाया गया, जबकि जिले में इस समय 16 सक्रिय मामले हैं और 9 को आज स्वस्थ कर घर भेज दिया गया है। 16 सक्रिय मामलों में से 9 होम आइसोलेशन में हैं, 7 को जीएमसी राजोेरी में 1 सहित अस्पतालों और ट्राइएज में भर्ती कराया गया था। पहली और दूसरी लहर के दौरान वीरवार तक जिले में आरएटी (4,32,478) और आरटी-पीसीआर (1,3,335) सहित 5,75,813 परीक्षण किए गए, जिनमें से 11261 का परीक्षण पॉजिटिव आया है और जबकि 237 की मौत हो गई। जिले में शत-प्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए डीसी राजेश कुमार शवन ने सरपंचों और ग्राम स्तर के कार्यकर्ताओं (वीएलडब्ल्यू) से लोगों को ढोल पीटकर टीकाकरण के बारे में जागरूक करने की अपील की है।