बिलावर। नगर कमेटी का वार्ड एक आज भी कई मूलभूत सुविधाओं से वंचित है वार्ड के कई मोहल्लों में आज तक सड़क नहीं बन पाई है, जिसके चलते लोगों को आज भी पैदल रास्ता तय करके कस्बे में पहुंचना पड़त है। इससे सबसे अधिक परेशानी बुजुर्ग और छोटे-छोटे बच्चों को उठानी पड़ती है। वार्ड निवासी कमलेश कुमारी, रेणु देवी, उत्तमचंद, पवन कुमार और चाननो रानी ने बताया के नगर कमेटी का वार्ड एक कस्बे के साथ स्थित पहाड़ी पर बसता है। सरकार की ओर से इलाके को सड़क संपर्क से जोड़ने के लिए सड़कें बनाई गई जिनका काम अधर में लटका है। उन्होंने कहा कि मोहल्ला लड़ैन और अन्य कई मोहल्लों के लिए केवल एक किलोमीटर सड़क ही बन पाई है, जो नाले में तब्दील हो गई है। इस संबंध में कई बार सरकार के आगे गुहार लगा चुके हैं कि वार्ड एक के महलों को सड़क संपर्क से जोड़ा जाए लेकिन कोई भी सुनने को तैयार नहीं है। लोगों ने बताया के वार्ड के करीब 50 घरों को आज तक सरकार पेयजल सप्लाई भी उपलब्ध नहीं कर पाई है और लोग आज भी वार्ड में स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी लाकर पीते हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि अगर लोगों के घरों में कोई विवाह या अन्य कोई समारोह हो तो पेयजल की किल्लत के कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। सड़क सुविधा ना होने के कारण पानी का टैंकर भी लोगों के घरों तक नहीं पहुंच पाते हैं। ऐसे में लोगों को घोड़ों और खच्चरों के माध्यम से पेयजल लाना पड़ता है। बड़ी संख्या में आज भी लोग कई मूलभूत सुविधाओं से वंचित रह कर अपना जीवन व्यतीत कर रहे हैं। लोगों ने सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द नगर कमेटी वार्ड एक के मोहल्लों के लिए सड़क का निर्माण किया जाए और लोगों को पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए पाइप लाइन बिछाई जाए, जिससे लोगों को राहत मिल सके।