पिछले एक सप्ताह से बिजली की अघोषित कटौती से परेशान शहर के वार्ड 14 के लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ कड़ा रोष जताया है। साल के पहले दिन स्थानीय लोगों ने सावन चक में सड़क पर उतर कर विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान समस्या के जल्द समाधान की मांग की। मार्ग जाम होने की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोगों ने सड़क को खोल दिया। करीब एक घंटा बंद रहे मार्ग के कारण परेशान लोगों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय रोशन लाल ने बताया कि करीब एक सप्ताह पूर्व उनके वार्ड में बिजली की सप्लाई करने वाला ट्रांसफार्मर खराब हुआ था, जिसे विभाग ने 24 घंटों के अंदर ही बदल भी दिया। लेकिन इसके बाद बिजली आने जाने का जो सिलसिला शुरू हुआ वह लगातार बना हुआ है। हालात यह है कि 24 घंटों के दौरान बिजली कब आएगी और कब चली जाएगी पता नहीं है। उन्होंने कहा कि एक तरफ विभाग लोगों को बिजली के किराया अदा करने के नाम पर बड़े-बड़े बिल भेज रहा है। वहीं सेवाएं देने में पूरी तरह से फिसड्डी साबित हो रहा है। इस कारण लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि जब तक विभाग उनकी समस्या का पक्का समाधान नहीं करता तब तक वह लोग सड़क से नहीं हटेंगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने विभाग के अधिकारियों को बुलाया और अधिकारियों द्वारा समस्या का फौरी तौर पर समाधान किए जाने का आश्वासन दिए जाने के बाद लोग सड़कों से हट गए।