कठुआ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज ऑफ एजूकेशन ने कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस दौरान प्रधानाचार्या बृजबाला कोहली की अध्यक्षता में दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम के तहत कॉलेज की टीम ने प्राइमरी स्कूल बकराल में विद्यार्थियों एवं स्टाफ के साथ पौधरोपण किया। और, स्कूल के विद्यार्थियों को लेखन सामग्री वितरित कर उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। प्रधानाचार्य ने कहा कि देश के इन महान नेताओं का सपना भारत को उसकी स्वर्णिम ऊंचाइयों तक पहुंचाना था। अपने जीवन काल में उन्होंने अनेक कष्ट सहकर भी देश की उन्नति और समाज के उत्थान के लिए हर संभव प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी ऐसी महान विभूति थे, जिनके लिए पद नहीं बल्कि देश का हित सर्वोपरि था। लोगों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अपना जीवन राष्ट्र को समर्पित करना चाहिए। कई बार आम धारणा के अनुसार लोग सिर्फ अपने बारे में सोचते हैं। वह भूल जाते हैं कि सिर्फ अपनी तरक्की ही महत्वपूर्ण नहीं है। जब पूरा समाज व देश तरक्की करेगा, सही मायने में तभी एक विकसित देश का हिस्सा बना जा सकता है। उन्होंने उपस्थित युवाओं को देश के उत्थान में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया।