रामकोट। कृषि विभाग जोन नगरोटा गुजरू की ओर से मोटे अनाज को बढ़ावा देने के लिए शुक्रवार रामकोट के नगरोटा गुजरू में जागरूकता रैली का आयोजन कर लोगों को मोटे अनाज और बाजरा के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिला विकास परिषद नगरोटा गुजरू नारायण दत्त त्रिपाठी, एडीसी बिलावर विनय खोसला, चौकी प्रभारी रामकोट ज्योति चौधरी, मुख्य कृषि अधिकारी कठुआ संजीव राय गुप्ता, ह्मूमन राइट्स के जिला कठुआ के अध्यक्ष महेंद्र सिंह मनकोटिया, विभिन्न पंचायतों से पूर्व पंचायत प्रतिनिधि, राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूल नगरोटा के विद्यार्थी, किसान और कृषि विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न तारों में मोटा अनाज सुपर फूड, मैदा चीनी छोड़ो मोटे अनाज से नाता जोड़ो, देश की थाली में मोटा अनाज, मोटा अनाज खाओ ताकत अपनी बढ़ाओ आदि नारों के जरिए मोटे अनाज को अपनाने पर जोर देने का संदेश दिया। कृषि विभाग ने दुर्गा माता मंदिर नगरोटा में विभिन्न प्रकार के मोटे अनाजों की प्रदर्शनी लगाकर कृषि विभाग के कर्मचारियों ने लोगों को बताया कि मोटा अनाज पोषण से भरपूर है। मोटे अनाज में गेहूं व चावल की अपेक्षा विटामिंस, फाइबर व अन्य पोषक तत्व अधिक होते हैं। रैली के जरिए इन बातों से किसानों को जागरूक कर उन्हें मोटे अनाज के उत्पादन के लिए प्रेरित किया गया। विभाग द्वारा निकाली गई रैली दुर्गा माता मंदिर नगरोटा में जाकर संपन्न हुई, जहां सभी को एकत्रित कर विभाग द्वारा जनसभा का आयोजन कर लोगों को विभिन्न कृषि क्षेत्र से जुड़ी जानकारियां दी गई। इसमें कार्य कर रहे किसानों को सम्मानित किया गया। इस दौरान रंगारंग कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ।