बिलावर। 15 अगस्त के दिन इलाके में हुई मूसलाधार बारिश के बाद नाज नाले में आई बाढ़ से हनुमान की शीला की ओर जाने वाला रास्ता क्षतिग्रस्त हो गया। जिसे बाढ़ नियंत्रण विभाग ने आज तक ठीक नहीं किया है। नतीजतन लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर कमेटी के पूर्व चेयरमैन नरेंद्र कुमार, हिम्मत वर्मा, कपिल वर्मा, गिरधारी लाल और कपिल मेहरा ने बताया कि शीला के पास हनुमान डेवलपमेंट कमेटी की और से लाखों रुपये खर्च करके सराय भी बनाई गई है, जिस पर भी बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। लोगों ने बताया कि 2 महीने पूर्व हनुमान कमेटी बिलावर की ओर से शीला की ओर जाने वाले रास्ते और सराय के संरक्षण के लिए काम शुरू किया गया था, लेकिन बाढ़ नियंत्रण विभाग की ओर से काम को बंद करवा दिया गया था और आश्वासन मिला था कि सरकार की ओर से जल्द सुरक्षा दीवार लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद भी आज तक संबंधित विभाग की ओर से नाज नाले के पास सीढ़ियों के रास्ते और सराय के संरक्षण के लिए कुछ नहीं किया गया। लोगों ने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द बिलावर कस्बे से हनुमान शीला की ओर जाने वाले मार्ग के संरक्षण के लिए सुरक्षा दीवार लगाई जाए। इस संबंध में बाढ़ नियंत्रण विभाग बिलावर के एईई गौरव जंगराल ने बताया कि यूटी केपेक्स बजट के तहत हनुमान शीला के पास के इलाके के संरक्षण के लिए 15 लाख रुपये जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि संरक्षण कार्य का टेंडर लगने के बाद ठेकेदार को कार्य आवंटित भी की जा चुकी है। नाले का जलस्तर थोड़ा कम होने पर काम शुरू कर दिया जाएगा।