कठुआ/लखनपुर। प्रदेश में रेल सेवाओं के बहाल होने के साथ ही लखनपुर के रास्ते प्रदेश में दाखिल होने वाले दैनिक यात्रियों की संख्या अब कम होना शुरू हो गई है। हालांकि नव वर्ष पर पर्यटकों और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। वहीं, जिले में कोरोना संक्रमण के मामले एक एक कर आने का सिलसिला जारी है। वीरवार को कठुआ जिले में संक्रमण के जहां तीन नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों का आंकड़ा नौ पहुंच गया है, वहीं लखनपुर कॉरिडोर पर जांच के दौरान एक ही दिन में 34 लोगों को संक्रमित पाया गया है। इनमें से 8 दिल्ली से आए थे जिन्हें लौटकर घर में ही आइसोलेट होने की हिदायत दे दी गई है। पिछले कुछ दिनों में एक ही दिन में संक्रमित पाए गए तीन दिन से अधिक लोगों का यह दूसरा मामला है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले कोलकाता से आई एक बस में 40 लोगों को संक्रमित पाया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरवार को लखनपुर कॉरिडोर पर चार हजार यात्रियों की रैपिड जांच की गई। इसके अतिरिक्त 603 यात्रियों आरटीपीसीआर जांच की गई हैं। इनमें से 34 संक्रमित पाए गए हैं। बीते एक सप्ताह से जहां रोजाना प्रदेश में दाखिल होने वाले यात्रियों का आंकड़ा चालीस से पचास हजार के बीच था वहीं रेल सेवा बहाल होने के बाद आंकड़ में गिरावट का दौर शुरू हो गया है। पिछले दो दिन से यह आंकड़ा 30 से 35 हजार रह गया है और आने वाले दिनों में इसके 20 हजार के लगभग रहने का अनुमान है।