सरकारी डॉक्टर ने पहले महिला को थप्पड़ मारे, फिर अगरबत्ती से की पूजा
महिलाओं के बाल काटने की अफवाह धीरे-धीरे कई जिलों में फैलती जा रही है। शुरुआती तौर पर यह अफवाह जैसलमेर, जोधपुर व बाड़मेर में फैली हुई है।
इसी अफवाह का शिकार एक महिला का ईलाज करवाने उसके परिजन बाड़मेर के सरकारी अस्पताल पहुंचे, लेकिन अस्पताल में चिकित्सक डॉ सुरेन्द्र बाहरी ने अंधविश्वास की हदें ही पार कर दी। डॉ सुरेन्द्र ने महिला को होश में लाने के लिए उसकी अगरबत्ती से पूजा की।
इसके बाद भी जब महिला को होश नहीं आया तो चिकित्सक ने महिला के थप्पड़ जड़ दिए। चिकित्सक के इस ईलाज का वीडियो वायरल हो गया है। जब इस सबंध में चिकित्सक से बात की गई तो उसका कहना है कि महिला का ईलाज करते समय उसका सिर भी भारी हो गया है।
चिकित्सक भी हुआ अंधविश्वासी।
दरअसल बाड़मेर व अन्य कई जिलों में बीते कई दिनों से महिलाओं के बाल काटने की शिकायते पुलिस के पास पहुंच रही है। अफवाह का आलम यह है कि बाड़मेर एसपी गगनदीप सिंगला को सोशल मीडिया पर अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील जारी करनी पड़ी है।
वहीं बाड़मेर शहर के नजदीक स्थित महाबार गांव के लोगों का कहना है भारी बारिश के चलते गांव में बीते कई दिनों से बिजली नहीं है। इस दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर महिलाओं के बाल काटे जा रहें है।