Rajasthan: पूनिया का पलटवार, कहा-कुर्सी की असुरक्षा आदमी को कितना विचलित करती है, ये सीएम के बयान से पता चला
सीएम गहलोत ने भाजपा को औकात में रहने की नसीहत दी थी। जिसपर पूनिया ने पलटवार करते हुए कहा कि 2023 में राजस्थान की जनता आपको आपकी हैसियत भी दिखा देगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जिनके घर शीशे के हों वो दूसरों के घर पर पत्थर नहीं फेंकते। वहीं हैसियत की बात करें तो अशोक गहलोत जी इतिहास से बाहर निकल देश के वर्तमान जनादेश पर नजर डालें। 2023 में राजस्थान की जनता आपको आपकी हैसियत भी दिखा देगी।
सतीश पूनिया ने कहा कि कुर्सी की असुरक्षा आदमी को कितना विचलित कर देती है, ये सीएम गहलोत के बयानों से पता चलता है। आपके घर का क्या हाल है माननीय? अपनी विफलताएं छिपाने के लिए भाजपा और केंद्र पर झूठे आरोप लगाने के बजाय अशोक गहलोत स्वयं की सरकार की हकीकत देखिए। प्रदेश में बहन-बेटियां कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं, यहां तक हिंदुओं के खिलाफ भी राजस्थान में प्रताड़ना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और आप आंखें मूंदे बैठे हैं।
उन्होंने कहा कि राजस्थान को शांतिपूर्ण प्रदेश माना जाता है। दुनिया का हर तीसरा पर्यटक जो भारत आता है, वह राजस्थान जरूर आता है। पर्यटन राजस्थान की आर्थिक तरक्की में योगदान करता है लेकिन पिछले चार साल में अशोक गहलोत के शासनकाल में राजस्थान मॉडल कैसा है। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के अनुसार जो पिछले साल का जो आंकड़ा है वह राजस्थान की कानून व्यवस्था की पोल खोल देता है।
पूनिया ने कहा कि ये आंकड़ा अपने आप में उजागर कर देता है। प्रदेश में 6337 रेप केस दर्ज किए गए। जो कि देश में नंबर वन पर है। प्रतिदिन औसत 17 दुष्कर्म और सात हत्याएं प्रतिदिन दर्ज की जाती हैं।कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार चरम पर है। यह राजस्थान की कांग्रेस सरकार का विकास मॉडल है। 32 प्रतिशत बेरोजगारी दर यह राजस्थान की देश में सर्वाधिक है। हमारे यहां 70 लाख बच्चों ने एग्जाम दिए। अशोक गहलोत की सरकार ने सदन के फ्लोर पर एक लाख रोजगार का आंकड़ा बताया। जो 69 लाख बच्चे हैं, उनके बारे में उनका ना कोई विजन है ना रोडमैप है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार में चल रहे झगड़े का असर राजस्थान सरकार पर हुआ। राजस्थान का विकास ठप हुआ। यह सारी कमजोरियां केवल कांग्रेस के झगड़े के कारण उजागर हुई हैं। 4 साल तक कांग्रेस का आलाकमान सोता रहा। 50 दिन बाड़े में बंद रहकर इस सरकार ने एक विश्व रिकॉर्ड बनाया है। राजस्थान को अपराधों की राजधानी बनाने वाली कांग्रेस पार्टी, राजस्थान को बेरोजगारी में नंबर वन बनाने वाली पार्टी, राजस्थान को दुष्कर्म में नंबर वन, भ्रष्टाचार में नंबर वन, यह कांग्रेस सरकार का राजस्थान मॉडल है।
बता दें कि सीएम गहलोत ने भाजपा को नसीहत दी थी कि वो अपनी औकात में रहे। वे कांग्रेस के मामलों में दखल न दें। भाजपा की इतनी औकात नहीं है कि वे कांग्रेस के मामलों में दखल दे सकें।