जयपुर: शातिर चोरों का गिरोह बेनकाब, एक निकला यूपी का ग्राम प्रधान तो दूसरा ग्राम प्रधान का पति
जयपुर में चोरों के अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस ने गिरोह के दो चोरों को पकड़ा है। पुलिस इस बात से चकित हो गई कि पकड़े गए चोरों में से एक खुद ग्राम प्रधान है तो दूसरा ग्राम प्रधान का पति है। उनकी पहचान चंद्रभान और हरीश चंद्र के रूप में हुई है। ये दोनों यूपी के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों के कब्जे से नकदी, सोने-चांदी के गहने और अन्य सामान बरामद किया।
चंद्रभान और हरीश जयपुर में तीसरे साथी संग करते थे चोरी
डीसीपी के मुताबिक, नकबजन गिरोह का सरगना चंद्रभान और हरीश चंद्र उत्तर प्रदेश से जयपुर आते थे। यहां ये दिन के समय स्कूटी पर घूमकर सूने मकानों और फ्लैट को चिन्हित करते थे। फिर ये दोनों आरोपी अपने तीसरे साथी के साथ मिलकर जयपुर में चोरी और नकबजनी की वारदात को अंजाम देते थे।
आरोपियों ने स्वीकारा अपना जुर्म
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह ने राजस्थान और दिल्ली सहित अन्य राज्यों में दर्जनभर से ज्यादा चोरी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम दिया है। आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार लिया है। अब माना जा रहा है कि इन बदमाशों से पूछताछ के बाद पुलिस कई और चौकाने वाले खुलासे कर सकती है।
बढ़ गई थी नकबजनी की घटनाएं
बता दें, जयपुर में नकबजनी की घटनाएं पिछले कुछ समय से लगातार हो रही थीं। 2 जनवरी को भी एक वृद्ध दंपति के घर में चोरी की शिकायत दर्ज हुई थी। ऐसे में पुलिस अपराधियों की धरपकड़ में जुट गई और जांच में नकबजन गिरोह के 2 बदमाशों को धर-दबोचा।