Rajasthan: गहलोत सरकार का फैसला, राजस्थान के सभी जिलों में खुलेंगे साइबर पुलिस स्टेशन
पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने बताया कि राज्य सरकार के इस फैसले से साइबर अपराधों को रोकने में मदद मिलेगी। साइबर थानों के पुलिस अधिकारी पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी होंगे।
विस्तार
राजस्थान सरकार ने बढ़ते साइबर क्राइम को रोकने के लिए अहम फैसला किया है। गहलोत सरकार ने राज्य के सभी जिलों में साइबर पुलिस थाने खोलने की मंजूरी दी है।
पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार ने साइबर अपराधों को रोकने और साइबर अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के लिए सभी 32 जिलों में साइबर पुलिस थाने खोलने की मंजूरी जारी कर दी है। बता दें कि जयपुर में पहले से ही एक साइबर थाना है।
मिश्रा ने विश्वास जताया कि प्रदेश के सभी जिलों में साइबर थाने खुलने से साइबर अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी। डीजीपी ने जानकारी दी कि जिलों के साइबर थानों में प्रतिनियुक्त अधिकारी और पुलिस कर्मी संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक के अधीन काम करेंगे। वहीं जयपुर और जोधपुर के साइबर पुलिस थानों के अधिकारी और पुलिस कर्मी सीधे डीसीपी के निगरानी में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि साइबर थानों के पुलिस अधिकारी पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी होंगे।