{"_id":"630c8b2f57d5641d470b47a1","slug":"congress-leader-jitu-patwari-says-rupee-has-become-bigger-than-the-age-of-prime-minister","type":"story","status":"publish","title_hn":"Political News: कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने कहा- प्रधानमंत्री की उम्र से बड़ा हो गया रुपया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Political News: कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने कहा- प्रधानमंत्री की उम्र से बड़ा हो गया रुपया
Mon, 29 Aug 2022 03:50 PM IST
अरविंद कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
Published by: अरविंद कुमार
Updated Mon, 29 Aug 2022 03:50 PM IST
सार
कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने राजस्थान के जयपुर में प्रेस वार्ता के दौरान कहा, स्विस बैंक में रखा काला धन साल 2014 की तुलना में आज दोगुना हो गया। 2G स्पेक्ट्रम और 4G स्पेक्ट्रम जैसे आरोप केंद्र सरकार आठ साल में आज तक सिद्ध नहीं कर पाई। महंगाई इसी तरह बढ़ती रही तो देश में श्रीलंका जैसे हालात होंगे।
विज्ञापन
कांग्रेस नेता जीतू पटवारी
- फोटो : Social Media
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ सोमवार को मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। जयपुर में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए जीतू पटवारी ने कहा, डॉलर के मुकाबले रुपया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उम्र से भी बड़ा हो गया है और 80 के आसपास पहुंच गया है।
विज्ञापन
जीतू पटवारी ने कहा, सत्ता में आने से पहले बीजेपी ने विदेशों से काला धन लाने और हर साल दो करोड़ रोजगार देने के बड़े-बड़े वादे किए थे। लेकिन एक भी वादा आज तक पूरा नहीं हुआ। स्विस बैंक में साल 2014 की तुलना में आज काला धन दोगुना हो गया है। काला धन लाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से आज तक कोई कदम नहीं उठाया गया।
विज्ञापन
जीतू पटवारी ने कहा, आज देश में 45 साल में सबसे बड़ी बेरोजगारी है। 42 फ़ीसदी लोगों के पास कोई रोजगार नहीं है। देश में आर्थिक हालात बिगड़ते जा रहे हैं। जब आर्थिक हालत बिगड़ते हैं तो सरकार की इनकम ऑफ़ सोर्स कम हो जाती है। ऐसे में सरकार ने अपना खजाना भरने के लिए खाद्य पदार्थों पर ही जीएसटी लगा दिया।
विज्ञापन
आटा-गेहूं, चावल जैसे खाद्य पदार्थों पर ही जीएसटी लगाकर अपना खजाना भरने का काम किया है। सरकार को सोचना चाहिए कि वो कोई प्राइवेट लिमिटेड कंपनी नहीं है, बल्कि जनता द्वारा चुनी हुई सरकार है, जिसे जनता के हित के लिए काम करना है। लेकिन केंद्र सरकार जनता के ही मुंह से निवाला छीनने का काम कर रही है।
पटवारी ने कहा, केंद्र सरकार ने उद्योगपतियों का 12 लाख करोड़ रुपए का ऋण माफ कर दिया। जबकि किसानों का ऋण माफ नहीं किया। आंदोलन करने वाले किसानों को झूठ बोल कर उनका आंदोलन खत्म करवाया गया और आज तक न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कोई बात नहीं की गई। जब किसानों का ऋण माफ करने की बात कही जाती हो तो प्रधानमंत्री उसे रेवड़ी कल्चर कहना शुरू कर देते हैं। उन्होंने कहा कि देश में अगर महंगाई और बेरोजगारी के यही हालात रहे तो देश का हाल भी श्रीलंका जैसा होने वाला है।
8 साल में सिद्ध नहीं कर पाए 2 जी और 4 जी स्पेक्ट्रम के आरोप
जीतू ने कहा, यूपीए सरकार के समय बीजेपी और अन्य लोग 2 जी और 4 जी स्पेक्ट्रम के आरोप लगाते रहे थे कि सरकार में बड़े भ्रष्टाचार हुए हैं। लेकिन आठ साल के शासन के बावजूद भी मोदी सरकार 2 जी और 4 जी स्पेक्ट्रम के आरोप सिद्ध नहीं कर पाई। इससे साफ जाहिर है कि उस वक्त सिर्फ एक प्रोपेगेंडा फैलाया गया था।
पटवारी ने कहा, आज भ्रष्टाचार के मामले बीजेपी के राज में सामने आ रहे हैं। धीरे-धीरे केंद्र सरकार के भ्रष्टाचार की परतें खुल रही हैं। लेकिन केंद्र सरकार उन पर जवाब देने के बजाए विपक्ष के नेताओं पर ही सीबीआई, ईडी और इनकम टैक्स के छापे डाल रही है। उन्होंने कहा, आने वाले 4 सितंबर को महंगाई के विरोध में दिल्ली में राष्ट्रव्यापी रैली के जरिए खेल सरकार पर महंगाई कम करने का दबाव बनाएंगे।
