सामान की ऐसी फिक्र, बैग समेत एक्स-रे मशीन में घुस गई महिला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
क्या आप सुरक्षा जांच के दौरान कभी अपने सामान की हिफाजत को लेकर फिक्रमंद हुए हैं? चीन की एक महिला स्टेशन पर सुरक्षा जांच के दौरान अपने बैग को लेकर इस कदर चिंतित थीं कि उन्हें एक्स-रे मशीन से गुजरने में भी दिक्कत नहीं हुई।
अपने आप में अनूठा ये मामला बीते रविवार का है। दक्षिणी चीन के डूंगग्वान रेलवे स्टेशन के स्टाफ ने जब सामान की जांच करने वाली एक्स-रे मशीन के मॉनिटर में इस महिला का छाया चित्र देखा तो वो हैरान हो गए।
एक ऑनलाइन वीडियो के जरिए ये पूरी घटना सामने आई। बीते रविवार को चीनी नए साल की छुट्टियां शुरू होने की वजह से स्टेशन पर काफी भीड़ थी। चीन में गुरुवार को नया साल मनाया जाएगा।
हैरान हुए सुरक्षाकर्मी
वीडियो से जाहिर होता है कि इस महिला ने अपने सूटकेस को कन्वेयर बेल्ट पर रखा और हैंडबैग लेकर स्टेशन की तरफ बढ़ीं। लेकिन जब उन्हें बताया गया कि सभी बैग एक्स-रे मशीन से होकर ही गुजरेंगे तो वो खुद कन्वेयर बेल्ट पर चढ़ गईं और सामान के साथ दूसरी तरफ पहुंच गईं।
इस दौरान उनकी एक्स-रे इमेज कैद हो गई। इसमें वो अपने सामान के पीछे घुटनों के बल बैठी दिख रही हैं। उन्हें देखकर सुरक्षाकर्मी हैरान भी थे और उन्हें हंसी भी आ रही थी।
ये जानकारी नहीं हो सकी है कि ये महिला अपने हैंडबैग को लेकर इस कदर फिक्रमंद क्यों थीं। हालांकि, ये माना जाता है कि चीन में नए साल के मौके पर घर जाने वाले लोग अपने साथ बड़ी मात्रा में नकदी ले जाते हैं।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक इस घटना के बाद से डूंगग्वान स्टेशन के कर्मचारियों ने यात्रियों को चेतावनी देना शुरू कर दिया है कि वो एक्सरे मशीन में दाखिल न हों।