फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Winter Season havoc Cold fog in North India dense fog warning issued after 25 deaths in UP

उत्तर भारत में ठंड का कहर, यूपी में 25 की मौत के बाद घने कोहरे की चेतावनी जारी

Fri, 20 Dec 2019 05:56 AM IST
योगेश साहू न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली/वाराणसी/कानपुर/देहरादून/शिमला/जम्मू
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली/वाराणसी/कानपुर/देहरादून/शिमला/जम्मू Published by: योगेश साहू Updated Fri, 20 Dec 2019 05:56 AM IST
विज्ञापन
Winter Season havoc Cold fog in North India dense fog warning issued after 25 deaths in UP
ठंड का कहर - फोटो : अमर उजाला

पहाड़ों में लगातार हो रही बर्फबारी के चलते उत्तरी भारत शीतलहर की चपेट में है। ठंड से उत्तर प्रदेश में बुधवार रात से बृहस्पतिवार तक विभिन्न जिलों में 25 लोगों की जान चली गई। 

विज्ञापन


इनमें चंदौली में 6, हमीरपुर में 4, बांदा, बलिया व गाजीपुर में 2-2, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, चित्रकूट, महोबा, फतेहपुर व हाथरस में एक-एक की मौत हुई है। प्रदेश में बागपत में न्यूनतम तापमान 4.9, मुजफ्फनरगर में 5 और सहारनपुर 6 व वाराणसी में 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 
विज्ञापन


फिलहाल ठंड से राहत के कोई आसार नहीं नजर आ रहे हैं। पूर्वांचल में बीते 24 घंटे में 15 लोगों की जान चली गई। चंदौली जिले में मजनू (5), इंद्रनाथ सिंह चौहान (62), लक्ष्मण यादव (65), रज्जन मौर्या (60), रामवृक्ष मौर्य (60) और वीरेंद्र माली (55) की ठंड से मौत हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन


गाजीपुर में चमेला देवी (68) व रेखा (6) और बलिया में शिव शंकर यादव उर्फ पेटू (70), उपेंद्र यादव (48) की मौत हुई है। इसके अलावा वाराणसी में सिताबुन (75), भदोही में राजनारायण गुप्ता उर्फ नबी (53), जौनपुर में सालिक राम (50) और आजमगढ़ में बालचंद (58) तथा मऊ में एक अज्ञात वृद्ध की भी मौत हो गई।

बुंदेलखंड के महोबा में रूपरानी (70), हमीरपुर में समर (7), गजराज यादव (75), फूलमती (85) व सुखदेई सिंह (90) की भी ठंड से जान चली गई। चित्रकूट में जगदीश प्रसाद, बांदा में दुर्गेश लोध (38) और झंडू (90) की मौत हुई है। उधर, फतेहपुर जिले के असोथर क्षेत्र के बेसढ़ी गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक राजविभीषण राजपूत व हाथरस में अलीगढ़ रोड स्थित गांव तमनागढ़ी में एक बुजुर्ग की ठंड से मौत हो गई। 

उत्तर प्रदेश: धूप से भी राहत नहीं, प्रदेश में घने कोहरे की चेतावनी जारी

  • दो दिनों बाद प्रदेश के अधिकतर इलाकों में दोपहर केसमय खिली धूप के बावजूद प्रदेश को गलन भरी बर्फीली ठंड से कोई राहत नहीं मिली। ठिठुराती पछुआ केसाथ बृहस्पतिवार को दिन भर मौसम के तेवरों ने कंपाया। दो दिन बाद अधिकांश इलाकों में धूप खिली जरूर, लेकिन हवा के झोंके गलन का अहसास कराते रहे, इसलिये धूप के बावजूद गलन से कोई खास राहत नहीं मिली।
  • मौसम विज्ञानियों ने शुक्रवार को प्रदेश के कई इलाकों में कोल्ड डे कंडीशन जारी रहने और घना कोहरा पड़ने की चेतावनी जारी की है। प्रदेश में बृहस्पतिवार को आगरा 5.5 और मेरठ 5.6 डिग्री न्यूनतम तापमान केसाथ सबसे ठंडे शहर रहे। वाराणसी एपी 6.6, झांसी 6, चुर्क 6.6, बांदा 6 डिग्री केसाथ प्रदेश के अन्य ठंडे शहर रहे।
  • कामचलाऊ धूप खिलने और हवाओं केचलते प्रदेश के अधिकतर इलाकों में अधिकतम तापमान भी 14 से 18 डिग्री सेल्सियस केबीच दर्ज किया गया। ये सामान्य से 4 से 10 डिग्री सेल्सियस तक  कमदर्ज किया गया।

कोहरे की चादर में ढका गुरुग्राम, पारा लुढ़का 

  • एक दिन पहले के मुकाबले बृहस्पतिवार को एक बार फिर से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया और घने कोहरे के साथ ही ठंड में बढ़ोतरी हो गई। ठंड बढ़ने के कारण लोग दिन भर ठिठुरते नजर आए तो शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने ठंड से बचाव के लिए अलाव का भी सहारा लिया।
  • तापमान में भी एक दिन पहले के मुकाबले बृहस्पतिवार को 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस था। वहीं बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, देर रात पारा और भी लुढ़क गया और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 
  • खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में लोग अलाव तापते नजर आए। बृहस्पतिवार को भी कड़ाके की ठंड के बीच बच्चे अपने अभिभावकों के साथ स्कूलों में पहुंचे। सुबह के समय छाए घने कोहरे के कारण दृश्यता महज 200-300 मीटर की रह गई थी, जिसके कारण सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। 
  • दिन भर जली अलाव: कोहरे के कारण बढ़ी ठंड से बचने के लिए लोगों ने जगह-जगह अलाव जलाकर ठंड से बचाव का इंतजाम किया। रेलवे स्टेशन से लेकर झुग्गी-झोपड़ियों व अन्य जगहों पर लोग अलाव जलाकर हाथ-पैर सेंकते नजर आए। हालांकि, मौसम विभाग ने आगामी दो-तीन दिनों के दौरान तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने से ठंड से राहत मिलने की उम्मीद जताई है। 
  • एक्सप्रेसवे पर थमी वाहनों की रफ्तार: दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सामान्य दिनों में एक्सप्रेसवे पर वाहनों की औसत गति 60-80 किमी प्रति घंटा रहती है, जबकि शनिवार की सुबह वाहन चालक 30-35 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से वाहन चलाते नजर आए। 
  • मेरठ: ठिठुरे लोग, 5.6 डिग्री पहुंचा तापमान: चरम पर पहुंची ठंड से शहरवासियों की कंपकंपी छूट रही है। लोग घरों में कैद हैं और जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दिन का तापमान पांच डिग्री के आसपास पहुंच गया है, जो कि सामान्य से आठ डिग्री कम है। बीते तीन दिनों से लोगों को सूरज के दर्शन भी नहीं हुए हैं। वहीं आने वाले दो दिनों तक ठंड से राहत के आसार नहीं दिखाई दे रहे हैं।
  • मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 14.3 डिग्री व न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 94 व न्यूनतम 75 प्रतिशत दर्ज की गई है। हवा की रफ्तार दिन में 6 से 8 किमी प्रति घंटे रही। आईआईएफएसआर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष ने कहा कि दिन का तापमान सामान्य से आठ डिग्री और रात का दो डिग्री कम रहा। आने वाले दो दिनों तक मौसम में बदलाव के आसार नहीं है। सुबह कोहरा रहेगा। धूप हल्की रहेगी।
  • एनसीआर में फिर बढ़ा एक्यूआई: मेरठ में बीते दो दिनों से लगातार एक्यूआई बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार को मेरठ का एक्यूआई 264 रहा। जबकि बागपत 337, गाजियाबाद 391 व नोएडा में 378 है। हवाओं की गति धीमी होने से सुबह के समय कोहरा व दिन में धुंध होने के कारण एक्यूआई बढ़ रहा है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है।
  • बागपत सबसे ठंडा, न्यूनतम पारा 4.9: वहीं, बागपत, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, शामली में भी शीत लहर का प्रकोप है। सुबह और शाम के समय कोहरा पड़ा, तो दिन भर सूरज नहीं निकला। बागपत में न्यूनतम तापमान 4.9 रहने से सबसे ज्यादा ठंड रही। जिले के भड़ल गांव के पास मानसिक रोगी महिला का शव पड़ा मिला। ठंड से मौत होना बताया गया है।
  • मुजफ्फरनगर में तापमान न्यूनतम 5 और अधिकतम 12.7, सहारनपुर में न्यूनतम 6 और अधिकतम 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शामली में न्यूनतम 7 और अधिकतम 16 डिग्री सेल्सियस रहा। बिजनौर में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस और सहारनपुर में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहा।
     

नई दिल्ली: 24 घंटे में तीन डिग्री गिरा तापमान, बारिश के आसार

  • दिल्ली की बृहस्पतिवार की सुबह इस मौसम में सबसे सर्द रही। तड़के का तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं, दिन के तापमान में भी बुधवार की तुलना में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को भी तापमान कमोवेश स्थिर रहेगा। वहीं, 21 दिसंबर को हल्की बारिश होने का अंदेशा है।
  • मौसम विभाग का कहना है कि बृहस्पतिवार तड़के दिल्ली में इस मौसम की सबसे ज्यादा ठंड पड़ी। न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे 5.2 पर पहुंच गया। इससे पहले बुधवार का तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे 7 डिग्री सेल्सियस पर रिकार्ड किया गया था।
  • वहीं, दिल्ली पहुंच रही हवाओं की दिशा पश्चिमी हिमालय की तरफ से रही। इससे दिन के तापमान में बुधवार की तुलना में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मंगलवार को यह 12.2 डिग्री सेल्सियस पर चला गया था।
  • मौसम विभाग का कहना है कि सुबह के कोहरे से एक बार फिर वातावरण के निचले स्तर पर बादल छाया रहा। इससे दिन में धूप नहीं निकल सकी। इसका असर दिन के तापमान पर पड़ा। तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ यह इस मौसम में दूसरी बार सबसे निचले स्तर पर चला गया।

उत्तराखंड : पहाड़ों पर फिर बर्फबारी से बढ़ा ठंड प्रकोप

  • पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही बृहस्पतिवार को पहाड़ों पर फिर बर्फबारी का दौर शुरू हो गया जिससे उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप बढ़ गया। उत्तराखंड के केदारनाथ, बदरीनाथ, तुंगनाथ, हेमकुंड साहिब, मद्महेश्वर समेत ऊंचाई वाले स्थानों व हिमाचल के रोहतांग और किन्नौर में हिमपात हुआ है। वहीं जम्मू लगातार तीसरे दिन धुंध की चपेट में रहा, शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर में कई जगहों पर हल्की बर्फबारी या बारिश होने की संभावना है।   
  • उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे के बाद से हल्की बर्फबारी शुरू हो गई थी, जो शाम तक जारी रही। यहां पहले से छह फुट से अधिक बर्फ मौजूद है। उधर, चमोली जिले में 12-13 दिसंबर को हुई बर्फबारी के चलते अभी भी करीब 90 गांवों में विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी है। वहीं सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने बृहस्पतिवार को नीती और माणा घाटियों को जोड़ने वाली सड़कों को वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारु कर दिया है। 
  • हिमाचल में ताजा बर्फबारी के चलते प्रशासन ने सैलानियों को सोलंगनाला जाने से रोक दिया है। रोहतांग दर्रा के साथ कुल्लू, लाहौल और किन्नौर की ऊंची पहाड़ियों में बृहस्पतिवार को रुक-रुककर बर्फबारी का दौर जारी रहा। खराब मौसम की वजह से गगल हवाई अड्डे में जहाज भी नहीं उतर पाए। वहीं हिमाचल में इस बार भी व्हाइट क्रिसमस की उम्मीद टूट गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 22 से 25 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है।
  • रिलकोट में बर्फबारी में फंसे जवान-पोर्टर सुरक्षित निकाले जाएंगे: मुनस्यारी के रिलकोट में बर्फबारी के बीच फंसे आईटीबीपी के आठ जवानों और सात पोर्टरों को सुरक्षित निकालने की कोशिश शुरू हो गई हैं। आईटीबीपी ने रेलकोट में हैलीपेड तैयार कर लिया है। साथ ही एयरफोर्स अधिकारियों से फंसे जवानों और पोर्टरों को निकालने के लिए पत्र लिखा गया है।
न्यूनतम तापमान    (डिग्री सेल्सियस में)
1-लेह                     माइनस 12.6 
2-केदारनाथ            माइनस 12.0
3-केलांग                 माइनस 12.0  
4-गुलमर्ग                माइनस    7.2  
5-श्रीनगर                माइनस 2.3 
6-मनाली                 1.0
7-कटड़ा                 5.0
8-शिमला                6.5
9-जम्मू                   8.6  
10-देहरादून            8.2

हरियाणा : रोहतक, करनाल और हिसार में शिमला से भी ज्यादा सर्द रही रात

  • मौसम के बदलते मिजाज के बीच मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड के साथ कोहरा भी कहर बरपाने लगा है। तापमान करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने से रोहतक, करनाल, हिसार समेत हरियाणा के कई शहरों की रात शिमला से भी ज्यादा सर्द रही। वीरवार सुबह से छाए घने कोहरे के कारण भिवानी में दृश्यता महज 10 मीटर तो हिसार में 50 मीटर रही, जिसके कारण सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए।
  • ट्रेनों की रफ्तार पर भी इसका असर पड़ा। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने 20 दिसंबर को भी शीतलहर चलने और कोल्ड डे का प्रकोप जारी रहने की चेतावनी जारी की है। साथ ही 23 दिसंबर तक सुबह के समय घना कोहरा छाने के आसार हैं।   
  • आसमान में छाए बादलों और धुंध के चलते दिनभर धरती पर सूर्य की तपिश पहुंच नहीं पाई। बीते छह दिनों से पड़ रही कड़ाके की सर्दी से लोगों के साथ-साथ पशु-पक्षी भी परेशान रहे। सिरसा प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहां वीरवार को दिन का तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं नारनौल की रात सबसे ज्यादा ठिठुरी, वहां बुधवार की रात 3.5 डिग्री पारा रिकार्ड हुआ।
  • हालांकि नारनौल में न्यूनतम तामपान में एक डिग्री इजाफा हुआ, वहां मंगलवार की रात 2.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। हिसार में 2.2 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलीं। पहाड़ों पर बर्फबारी और ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश के ज्यादातर जिलों में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
  • शिमला में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री दर्ज हुआ, वहीं हिसार में 4.1, करनाल में 4.6 और रोहतक में 5.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यही हाल हरियाणा के अन्य शहरों का भी रहा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आगामी चार दिनों में सुबह के समय घने कोहरे की वजह से दृश्यता 50 मीटर से भी कम हो सकती है। 21 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ के असर से आंशिक बूंदाबांदी की संभावना है। 
  • कोल्ड डे का कहर जारी: हिसार, रोहतक, अंबाला समेत प्रदेश के कई जिले भीषण कोल्ड डे की चपेट में रहे। हिसार में दिन का तापमान सामान्य से 10, तो रोहतक में 9 और अंबाला में 7 डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया। 
  • कोहरे के कारण नहीं दिखा खराब ट्रक, कैंटर भिड़ा, पांच घायल: नरवाना (जींद)। कोहरे के चलते सुबह हिसार-चंडीगढ़ राष्ट्रीय मार्ग पर बिधराना गांव के पास रोड पर खड़े खराब ट्रक में पीछे से कैंटर की टक्कर हो गई। इसके अलावा एक अन्य वाहन चालक इन वाहनों से खुद के वाहन को बचाना चाहा तो वह डिवाइडर पर चढ़ गया। वाहनों की टक्कर से हाईवे जाम हो गया। इस दुर्घटना में पांच लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
  • धुंध व गिरते तापमान से गेहूं को फायदा, सब्जियों में नुकसान: उप कृषि निदेशक डॉ. प्रताप सिंह सभ्रवाल के अनुसार धुंध व तापमान जमाव बिंदु की ओर जाने से जहां गेहूं, चना व जौ की फसल को फायदा पहुंचेगा, जबकि सरसों, बरसीम, आलू, मटर व टमाटर की फसलों को नुकसान की आशंका है।
  • भिवानी में सर्दी ने तोड़ा आठ साल का रिकॉर्ड टूटा: भिवानी में सर्दी ने आठ साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वहां न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले 2011 में 19 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 
  • कोहरे के कारण केजीपी-केएमपी पर कम हुई रफ्तार: जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह दृश्यता महज 30 मीटर तक रही। कोहर के चलते हाईवे,  केएमपी और केजीपी एक्सप्रेस-वे पर भी रफ्तार धीमी हो गई। आम दिनों में केएमपी-केजीपी एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रहती है, लेकिन कोहरे के चलते एक्सप्रेस-वे पर वाहन 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ही चल रहे थे। 
  • ऐसे बनता है धुंध/कोहरा: एचएयू के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि सर्द ऋतु में पृथ्वी की ऊपरी सतह का तापमान कम होने पर हवा में उपस्थित जलवाष्प संतृप्त होने पर संघनित होकर जल की सूक्ष्म बूंदों में परिवर्तित हो जाते हैं। ये सूक्ष्म बूंदे वायुमंडल में उपस्थित धूल मिट्टी व प्रदूषक तत्व जो न्यूक्लिआई के रूप में संघनन करने में सहायक होते हैं, उनसे मिलकर दृश्यता को कम कर देते हैं और आसपास की ठंडी हवा के संपर्क में आने पर इनका स्वरूप धुएं के बादल जैसा बन जाता है। वायुमंडल में अधिक नमी होने पर यह घने कोहरे का रूप ले लेता है और इस स्थिति में दृश्यता काफी कम हो जाती है। जब कोहरे के साथ धुएं का मिश्रण होता है तो उसे स्मॉग कहा जाता है। 

हरियाणा: आठ साल का रिकॉर्ड टूटा, सीजन की सबसे सर्द रात ने कंपकंपाया

  • पश्चिम विक्षोभ के कारण पहाड़ों में हो रही बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ गई है। आठ साल में 19 दिसंबर की रात सबसे ठंड रिकार्ड की गई है। वीरवार को न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 16.4 डिग्री रहा। इससे पहले 2011 में 19 दिसंबर का अधिकतम तापमान 21.1 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 
  • मौसम वैज्ञानिकों की माने तो दिसंबर में अच्छी बारिश होने के कारण इस बार सर्दी और सताएगी। कोहरा लोगों के लिए परेशानी बना और दृश्यता महज 10 मीटर रही। जिला प्रशासन ने ठंड को देखते हुए वीरवार को छुट्टी की घोषणा तो कर दी मगर समय रहते सूचना नहीं मिलने के कारण बच्चे ठंड में ठिठुरते स्कूल पहुंचे और वहां उन्हें छुट्टी के बारे में बताया गया। जिला प्रशासन ने 20 दिसंबर को भी छुट्टी की घोषणा की थी, मगर इस फैसले को रद्द कर दिया। ऐसे में शुक्रवार को स्कूल लगेंगे।
  • धुंध व गिरते तापमान से गेहूं को फायदा, सब्जियों में नुकसान: कृषि विभाग के उप कृषि निदेशक डॉ. प्रताप सिंह सभ्रवाल के अनुसार घनी धुंध व तापमान जमाव बिंदू की ओर जाने से जहां गेहूं, चना व जौ की फसल को फायदा पहुंचेगा वहीं सरसों, बरसिम, आलू, मटर व टमाटर की फसलों में नुकसान की संभावनाएं है।
  • सरसों की रुकती है बढ़ोतरी, पैदावार पर होगा असर: भिवानी में इस बार 92 हजार 867 हेक्टेयर में गेहूं व 86 हजार 867 हेक्टेयर में सरसों है। कृषि वैज्ञानिकों का मानना है कि तापमान जमाव बिंदू की ओर जाने से पाला जमना शुरू हो जाता है। ऐसे में सरसों की फसल को घनी धुंध से सबसे अधिक नुकसान की संभावना रहती है। घनी धुंध पड़ने और पाला जमने से सरसों की बढ़ोतरी रुक जाती है। लगातार कोहरा व ठंड के कारण सरसों का दाना पतला बनता है, जिससे पैदावार प्रभावित होती है। ऐसे में किसान अपने क्षेत्र के कृषि विकास अधिकारी से समय समय पर अपने खेत का निरीक्षण करवा कर सलहा लेते रहें।
  • 46 साल पहले बना था ठंड का रिकॉर्ड: भिवानी जिले में 46 साल पहले कड़ाके की ठंड का रिकॉर्ड बना था, जो अब तक टूट नहीं पाया है। 31 दिसंबर 1973 को न्यूनतम तापमान माइनस 0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके बाद 30 दिसंबर 2013 को न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस पर रहा था।
  • डीसी के आदशों के बावजूद लगे कई निजी स्कूल: गहराती ठंड को देखते हुए जिले के उपायुक्त सुजान सिंह ने बुधवार देर शाम जिले के सभी सरकारी व निजी स्कूलों में प्राइमरी विंग की दो दिन की छुट्टी के आदेश जारी कर दिए थे। मगर शहर व ग्रामीण क्षेत्र के कई निजी स्कूलों ने इन आदेशों को नकारते हुए स्कूलों में प्राइमरी विंग के बच्चों की पढ़ाई जारी रखी। बच्चे भी ठंड में ठिठुरते हुए सुबह स्कूल पहुंचे।
  • कोहरे की चादर में छुपा पूरा फरीदाबाद: इस सीजन का पहला कोहरा बृहस्पतिवार को देखा गया। पूरा शहर कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। दृश्यता भी बेहद कम रही, जिस कारण वाहन रेंग-रेंग कर चले। सुबह करीब 10 बजे तक तो लोगों को अपने वाहनों की लाइट जलाकर चलना पड़ा। कोहरे का असर तापमान पर भी पड़ा और न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट देखी गई।
  • बुधवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री था, जोकि बृहस्पतिवार को घटकर 5 डिग्री सेल्सियस हो गया। अधिकतम तापमान 16 डिग्री रहा। मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हो रही बर्फबारी के कारण हरियाणा में अगले 5 दिन तक कोहरे का कहर जारी रहेगा। 
  • शहर के बाहरी क्षेत्रों में ज्यादा घना कोहरा रहा। कोहरे के कारण आम जनजीवन भी खासा प्रभावित हुआ। सुबह होते-होते शहर में भारी कोहरा छा गया। घने कोहरे और हल्की हवा चलने की वजह से मौसम बेहद ठंडा रहा। स्कूल जाने वाले बच्चे पूरी तरह से गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए।
  • स्कूली बच्चे ठंड में ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे, वहीं बाजार भी 11 बजे तक ही पूरी तरह खुल पाए। दृश्यता 50 मीटर से भी कम रहने की वजह से वाहन चालकों को खासी परेशानी रही। हादसे से बचने के लिए वाहन चालक सुबह 10 बजे तक भी वाहनों की हेडलाइट जलाकर 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलते नजर आए। तापमान में भी गिरावट देखी गई और न्यूनतम तापमान दो डिग्री गिरा।
  • बुधवार को जहां न्यूनतम तापमान 7 डिग्री था, वहीं बृहस्पतिवार को घटकर 5 डिग्री सेल्सियस रहा। सर्दी बढ़ने के साथ ही शहर में जगह-जगह अलाव जलाकर लोग हाथ सेकते दिखे। विभिन्न सरकारी दफ्तरों में अधिकारियों के कमरे में जहां हीटर जल रहे थे, वहीं कर्मचारी भी कोनों में आग जलाकर सर्दी भगाने का प्रयास करते दिखे। 
  • ट्रेनें और बसें लेट: घने कोहरे का यातायात व्यवस्थाओं पर भी असर पड़ा और यातायात सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। सुबह की अधिकतर ट्रेनें आधे से पौन घंटा तक लेट रहीं। वहीं, रोडवेज बसें भी धीमी रफ्तार से चलने के कारण लेट चली।

जम्मू-कश्मीर : जम्मू में सीजन का ठंडा दिन बीता

  • कश्मीर के साथ जम्मू में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कोहरे और बादलों के बीच कंपकंपा देने वाली सर्दी से वीरवार को हर कोई परेशान रहा। जम्मू में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 8 डिग्री लुढ़क कर 12.0 डिग्री सेल्सियस पहुंचने के साथ इस सीजन का अब तक सबसे ठंडा दिन बीता। हालांकि रात के न्यूनतम तापमान में सुधार हुआ है।
  • संभाग के अन्य हिस्सों में भी हल्के बादलों के साथ कोहरा छाया रहा। कश्मीर में शीत लहर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार शुक्रवार को जम्मू और कश्मीर के कुछ इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। बर्फबारी की सूरत में जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर मार पड़ सकती है। जिला राजोरी और पुंछ को शोपियां (कश्मीर) से जोड़ने वाला मुगल रोड पहले से ही बंद चल रहा है।
  • जम्मू में वीरवार की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम होने से सड़कों पर वाहन रेंगते हुए दिखाए दिए। सीजन का यह पहला दिन था जब दिनभर कोहरा और बादल छाए रहे। सर्दी से हर कोई बेहाल रहा। स्कूली विद्यार्थियों को भी कड़ाके की ठंड झेलनी पड़ी। सर्दी बढ़ने से बाजार की खरीदारी पर भी असर पड़ा है।
  • लोग जरूरी खरीदारी के लिए ही बाहर निकल रहे हैं। जम्मू संभाग में बनिहाल न्यूनतम तापमान माइनस 2.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा। भद्रवाह में न्यूनतम तापमान माइनस 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में दिन का तापमान सामान्य से 8.1 डिग्री गिरकर 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
  • कश्मीर के सभी जिलों में दिन का तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में दिन का तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में दिन का तापमान भी 0.0 (शून्य) डिग्री दर्ज किया गया। 


स्थान          न्यूनतम तापमान 
लेह             माइनस 12.6
गुलमर्ग        माइनस 7.2
पहलगाम     माइनस 4.9
श्रीनगर        माइनस  2.3

हिमाचल : ठंड में रात को जलाए हीटर से लगी आग

  • पर्यटन नगरी मनाली की शलीण पंचायत के गधेरनी गांव में एक व्यक्ति की धुएं से दम घुटने के कारण मौत हो गई है। व्यक्ति ने रात को कमरे में हीटर लगाया था। इसके बाद वह सो गया, लेकिन रात को हीटर के साथ रखे सामान में आग लग गई। इससे निकले धुएं से उसका दम घुट गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 
  • पुलिस के अनुसार गौरव शर्मा निवासी मढ़ी ने पुलिस को सूचना दी कि किराएदार लाल सिंह पुत्र प्रताप सिंह निवासी गांव तुलसीपुर वार्ड नंबर 05, जिला ढांग (नेपाल) ने 16 दिसंबर की रात से शटर बंद कर रखा है। वह खटखटाने पर भी दरवाजा नहीं खोल रहा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
  • स्थानीय लोगों के सामने शटर की कुंडी जो अंदर से लगी थी को तुड़वाकर दुकान में प्रवेश किया तो कमरे के अंदर लाल सिंह मृत अवस्था में पाया गया। मृतक लाल सिंह चिकन की दुकान करता था। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए शव गृह मनाली में रखा गया है। मृतक के परिजनों को सूचित किया गया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed