पश्चिम बंगाल: टीएमसी विधायक ने विपक्ष पर लगाया भ्रम फैलाने का आरोप, कहा- ममता और अभिषेक के बीच कोई अनबन नहीं
टीएमसी विधायक मदन मित्रा ने मंगलवार को साफ किया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के बीच कोई विवाद की स्थिति नहीं है। उन्होंने इन खबरों को विपक्ष की साजिश करार दिया।
विस्तार
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के विधायक मदन मित्रा ने मंगलवार को आरोप लगाया कि राज्य में विपक्षी भाजपा और कांग्रेस सत्ताधारी दल में भ्रम की स्थिति तैयार करना चाहती हैं। इसके लिए वह झूठी कहानियों का सहारा ले रहे हैं और अफवाह फैला रहे हैं कि पार्टी की प्रमुख और राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे व पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के बीच अनबन चल रही है।
मित्रा ने एक फेसबुक पोस्ट में लिखा कि ममता बनर्जी मेरी सुप्रीमो हैं जिनके शब्द मेरे लिए आदेश की तरह हैं। वहीं, अभिषेक हमारे नेता हैं जो पार्टी के युवा सदस्यों का प्रतिनिधित्व करते हैं। टीएमसी विधायक ने कहा, 'दोनों के बीच कोई अनबन, कलह या असहमति नहीं है। नगर निकाय चुनाव से पहले टीएमसी में भ्रम पैदा करने के लिए बीजेपी और कांग्रेस अफवाहें फैला रहे हैं, लेकिन वो सफल नहीं होंगे।'
टीएमसी में विवाद की चल रही है कुछ ऐसी चर्चा
मदन मित्रा ने उन खबरों को लेकर यह बात कही जिनमें कहा जा रहा है कि अभिषेक बनर्जी कोविड-19 महामारी से संबंधित कुछ सुझावों के साथ आगे आए थे। कहा जा रहा है कि पार्टी का एक खेमा अभिषेक बनर्जी को समर्थन दे रहा है तो दूसरा खेमा महामारी से संबंधित स्थिति में राज्य सरकार के फैसलों का सही ठहरा रहा है। मित्रा ने इन्हीं खबरों को अपनी फेसबुक पोस्ट के जरिए सिरे से खारिज किया।
टीएमसी विधायक के इस आरोप को लेकर बंगाल भाजपा के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा कि सभी उनको जानते हैं। वह जो बात कहते हैं उसमें बहुत कम ही सच्चाई होती है। बता दें कि पिछले महीने मित्रा ने एलान किया था कि मैं पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर सोशल मीडिया से तीन महीने का ब्रेक लेने जा रहा हूं। लेकिन, उनकी इस फेसबुक पोस्ट से लग रहा है कि अब उन्होंने अपना विचार बदल दिया है।