पश्चिम बंगालः शांति निकेतन में पीएम मोदी बोले- गुरुदेव के विचार विश्वभारती की आधारशिला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को यहां कहा कि भारत और बांग्लादेश सहयोग एवं आपसी समझ से जुड़े देश हैं। भारत और बांग्लादेश की संस्कृति काफी हद तक समान है। दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग ही विकास की कुंजी है।
मोदी ने यहां विश्वभारती विश्वविद्यालय के 49वें दीक्षांत समारोह के दौरान बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, राज्यपाल केसरी नाथ त्रिपाठी के अलावा विश्वविद्यालय की कुलपति सबुज कली सेन के साथ मंच साझा किया।
समारोह में चांसलर के तौर पर संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देश के युवाओं को भारत और बांग्लादेश के महान लोगों के सांस्कृतिक योगदान के बारे में जानकारी देने के लिए सरकार की ओर से पहल की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया को समाहित करने की भावना ही भारतीयता है। वेदों की यह भावना हजारों साल पहले से लेकर 21वीं सदी की चुनौतियों के मौजूदा दौर में भी प्रासंगिक है। मोदी ने कहा कि विदेशों में लोग गुरुदेव रबींद्रनाथ को बेहद सम्मान से देखते हैं। वह चाहे अफगानिस्तान के लोग हों या फिर तजकिस्तान के। रबींद्रनाथ पहले वैश्विक नागरिक थे और आज भी हैं। उनका गुजरात से भी नाता रहा है।
वीडियोः जब मोदी ने ममता को कीचड़ से बचाया
इस दौरान वह जब हैलीपैड पहुंचे तो एक दिलचस्प वाकया हुआ। बताते चलें कि हुआ यूं कि जब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पीएम का स्वागत करने उनके विमान की तरफ तेजी से आ रही थीं। और पीएम मोदी भी अपने विमान से उतरकर कुछ दूर पैदल चल चुके थे।
इसी बीच, प्रधानमंत्री मोदी ने हैलीपैड के पास देखा कि जिस ओर से ममता बनर्जी आ रहीं हैं उस रास्ते पर कुछ कीचड़ पड़ा है। जिसके बाद पीएम मोदी ने अपना रास्ता बदलते हुए हाथ से ममता बनर्जी को वहीं रुकने का इशारा किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपना रास्ता बदलकर उनका स्वागत किया।
#WATCH PM Narendra Modi arrives in Shanti Niketan to attend the convocation of Visva Bharati University, received by West Bengal CM Mamata Banerjee pic.twitter.com/dnDE1pZmyf
— ANI (@ANI) May 25, 2018