बंगाल चुनाव: जानिए कौन हैं ममता बनर्जी के खिलाफ भाजपा के उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी
पश्चिम बंगाल में अभी तक सत्ता सुख से वंचित रही भाजपा इस बार के विधानसभा चुनाव में अपनी यह इच्छा पूरी करने के लिए जी-जान से जुटी हुई है। शनिवार को उम्मीदवारों की पहली सूची घोषित करने के साथ पार्टी ने सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी के सामने अपना प्रत्याशी भी खड़ा कर दिया।
विस्तार
ममता बनर्जी इस बार अपनी पारंपरिक भवानीपुर विधानसभा सीट के स्थान पर नंदीग्राम से चुनाव लड़ेंगी। वहीं, भाजपा ने इस सीट पर कभी तृणमूल कांग्रेस का हिस्सा रहे सुवेंदु अधिकारी को उम्मीदवार घोषित किया है। उल्लेखनीय है कि सुवेंदु अधिकारी ने पिछले विधानसभा चुनाव में यहां से जबरदस्त जीत हासिल की थी।
बता दें कि तृणमूल कांग्रेस में रहते हुए सुवेंदु अधिकारी का कद ममता बनर्जी के बाद पार्टी में सबसे बड़ा माना जाता था। हाल के दिनों में तृणमूल के कई नेताओं ने पाला बदला है लेकिन ममता बनर्जी को सबसे बड़ा झटका सुवेंदु अधिकारी ने भाजपा में सामिल होकर दिया था। आइए जानते हैं सुवेंदु अधिकारी के बारे में....
साल 2006 में बने थे पहली बार विधायक
सुवेंदु अधिकारी का जन्म 15 दिसंबर 1970 को बंगाल के पूरबा मेदिनीपुर जिले के करकुली में हुआ था। प्रभावशाली जनाधार वाले नेता माने जाने वाले अधिकारी ने कांधी पीके कॉलेज से स्नातक किया और यहीं से राजनीति में प्रवेश किया था। 2006 में 36 साल की आयु में सुवेंदु पहली बार कांधी दक्षिण सीट से विधायक बने थे।
इसी साल वह कांथी नगर पालिका के चेयरमैन भी नियुक्त किए गए थे। साल 2009 और 2014 में वह लोकसभा भी पहुंचे। साल 2016 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने नंदीग्राम विधानसभा सीट से भारी जीत हासिल की थी। इस बार भी वह इसी सीट से लड़ रहे हैं और टीएमसी से उनके सामने खुद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हैं।
तैयार की थी बंगाल में ममता के लिए जमीन
साल 2007 में हुए नंदीग्राम आंदोलन से ही बंगाल की राजनीति में ममता का प्रवेश हुआ था। इस आंदोलन ने राज्य में दशकों तक रही वाम दलों की सत्ता को उखाड़ फेंका था। बता दें कि इस आंदोलन का खाका सुवेंदु ने ही तैयार किया था। अधिकारी ने ही मेदिनीपुर, पुरुलिया जैसे जिलों में टीएमसी को मजबूत किया था।
तब अधिकारी कांथी दक्षिण विधानसभा सीट से विधायक थे। उन्होंने भूमि उच्छेद प्रतिरोध समिति के तहत लोगों को जमा किया और वाम सरकार के खिलाफ भूमि आंदोलन को रफ्तार दी। जब वाम दल की जीत तय मानी जा रही थी तब सुवेंदु अधिकारी ने ही सीबीआई एम के बाहुबली उम्मीदवार लक्ष्मण सेठ को हराया था।
इस कारण से हुआ था ममता बनर्जी से मनभेद
एक समय पश्चिम बंगाल सरकार में नंबर दो की हैसियत रखने वाले सुवेंदु अधिकारी बीते दिनों पार्टी और मंत्री पद से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए थे। इस्तीफा देने से पहले अधिकारी परिवहन मंत्री का पद संभाल रहे थे। सुवेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में बवाल खड़ा हो गया था।
अधिकारी की ममता से नाराजगी इस बात से थी कि वह पार्टी के दूसरे नेताओं की तुलना में अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी को ज्यादा तरजीह दे रही थीं। हालांकि, सुवेंदु ने पार्टी में रहते हुए इस बारे में कभी खुलकर नहीं कहा। लेकिन भाजपा में शामिल होने के बाद वह लगातार ममता और अभिषेक दोनों पर हमलावर रहे हैं।
भाजपा बना सकती है सीएम पद का चेहरा
जिस तरह से भाजपा ने सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ उम्मीदवार बनाया है, पार्टी अधिकारी के जनाधार और प्रभाव दोनों को समझ रही है। अगर इस विधानसभा चुनाव में भाजपा जीत हासिल करती है तो आश्चर्य की बात नहीं होगी कि सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री पद की पेशकश कर दी जाए।