Weather: उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी का सितम, 3-5 डिग्री तक चढ़ सकता है पारा; गुजरात-राजस्थान में चलेगी लू
Weather: उत्तर-पश्चिम भारत और गुजरात में 15 अप्रैल से तेज गर्मी और लू का दौर शुरू होने वाला है, जहां तापमान 45-46 डिग्री तक जा सकता है। वहीं, पूर्वी भारत में गरज-बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है, लेकिन इन गर्म क्षेत्रों में रातें भी गर्म रहने की भी चेतावनी है।
विस्तार
उत्तर-पश्चिम भारत और गुजरात के कुछ हिस्सों में 15 अप्रैल से प्रचंड गर्मी और झुलसा देने वाली लू की चपेटों का दौर फिर से शुरू होने वाला है। बृहस्पतिवार से रविवार के बीच क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि से मौसम सुहावना बना गया था। पश्चिमी राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को ही तापमान में 2-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। हालांकि, अगले 4-5 दिन के दौरान पूर्व और उससे सटे पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में गरज के साथ बिजली कड़कने, बारिश होने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वामुनामों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 4-5 दिनों के दौरान आसामान साफ रहेगा और गर्म हवाएं चलेंगी। अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की क्रमिक वृद्धि हो सकती है। दिल्ली-एनसीआर में 15-16 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। राजस्थान में इस दौरान पारा 45-46 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ सकता है। अगले पांच दिनों के दौरान पश्चिम भारत में भी अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है। देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव की संभावना नहीं है।
ये भी पढ़ें: तेलंगाना में आज से लागू होगा एससी श्रेणीकरण कानून, दशकों पुरानी मांग हुई पूरी; जानें सब कुछ
बिहार, असम, मेघालय में हुई बारिश, ओले भी गिरे
रविवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटे के दौरान हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई स्थानों पर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर गरज और बिजली गिरने के साथ बारिश हुई। इस दौरान बिहार, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और पूर्वी मध्य प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश हुई और ओले भी गिरे। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में कुछ स्थानों पर 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलीं।
लू चलेगी, रातें भी होंगी गर्म
विभाग के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान के अलग-अलग स्थानों पर 14 और 15 अप्रैल को लू चलने की संभावना है। 16-19 अप्रैल के दौरान पूर्वी राजस्थान में सामान्य और अन्य क्षेत्रों में भीषण लू चल सकती है। 14 अप्रैल को तेलंगाना, 15-19 अप्रैल के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश, 15-17 अप्रैल के दौरान गुजरात, 16-18 अप्रैल के दौरान पंजाब और हरियाणा में लू चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों में रात में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है और तापमान ज्यादा बना रह सकता है।
ये भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर पुनर्विचार याचिका दायर करेगा केंद्र, राज्य के विधेयकों को मंजूरी देने का मामला
हिमाचल-कश्मीर में बदलेगा मौसम : हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में सोमवार से मौसम में बदलाव आएगा। शिमला और मनाली में मौसम सुहावना रहेगा, लेकिन ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकतम तापमान 22-24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 9-11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। श्रीनगर में हल्की बारिश संभव है, तापमान 20 डिग्री सेल्सियस। लेह में न्यूनतम तापमान -1 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, और ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। लेकिन जम्मू में मौसम गर्म और शुष्क रहेगा, अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।
संबंधित वीडियो-
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.