Weather: देश में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, कहीं चढ़ेगा पारा तो कहीं बारिश की बौछारों से मिलेगी राहत
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ बनेगा, जिसके चलते जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और गुजरात समेत कई राज्यों में 28 से 30 अप्रैल के बीच गरज और तेज हवाओं के साथ भारी बर्फबारी और बारिश हो सकती है।
विस्तार
देश में एक बार फिर तेजी से मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल रहा है। पिछले दिनों पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई थी। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ बनेगा, जिसके चलते जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और गुजरात समेत कई राज्यों में 28 से 30 अप्रैल के बीच गरज और तेज हवाओं के साथ भारी बर्फबारी और बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के चलते 28 से 30 अप्रैल के दौरान कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के इलाकों में तेज हवा चलने के साथ ही गरज के साथ बारिश होगी। पहाड़ी कुछ क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है। 30 अप्रैल और 1 मई को उत्तर पश्चिमी हिमालय और पंजाब, उत्तर हरियाणा और उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के निकटवर्ती इलाकों में तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने के आसार बन रहे हैं। 29 अप्रैल से 1 मई के दौरान पश्चिम और उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी आने का अनुमान है।
Isolated rainfall/snowfall with thunderstorm & gusty winds over upper reaches of Kashmir, Ladakh, Gilgit, Baltistan, Muzaffarabad, Himachal Pradesh and Uttarakhand during 28th-30th April. pic.twitter.com/6mZpXb9X8H
— India Meteorological Department (@Indiametdept) April 26, 2021
दिल्ली वालों को 30 अप्रैल तक खूब सताएगी गर्मी
देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में गर्मी अगले तीन दिन खूब सताने वाली है। तापमान में हररोज बढ़ोतरी की संभावना है। मौसम विभाग की मानें, तो 30 अप्रैल तक तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है। यानी गर्मी दिन के साथ रात में भी सताएगी। मौसम विभाग के मुताबिक, इसके बाद 1 और 2 मई को आंधी-तूफान के साथ हल्की बरसात की संभावना है। इससे लोगों को कुछ हद तक गर्मी से राहत मिलेगी। मंगलवार का दिन भी बेहद गर्म रहा। दिन का तापमान 19 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा।
राजस्थान: तेवर दिखाएंगे सूर्यदेव
राजस्थान की राजधानी जयपुर समेत राज्य भर में लगातार सूर्यदेव अपने तेवर दिखा रहे हैं। 12 से ज्यादा जिलों में दिन का पारा 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया जा रहा है। गुरुवार से प्रदेश में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलेगा। इसका असर मई के पहले सप्ताह तक नजर आएगा। शुक्रवार से तापमान में गिरावट शुरू होगी। आज मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन गुरुवार से आगामी चार दिन प्रदेश के विभिन्न भागों में धूलभरी आंधी चलने की संभावना है।
इन राज्यों में सताएगी लू
आज असम, मेघालय और त्रिपुरा में लू (हीट वेव) चलने के आसार हैं।