बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बॉलीवुड के वरिष्ठ अभिनेता और बुलंद आवाज के धनी अमिताभ बच्चन को इस भारतीय सिनेमा का सबसे बड़ा माना जाने वाला दादा साहब फाल्के पुरस्कार दिया जाएगा। 'सदी के महानायक' के नाम से मशहूर अमिताभ बच्चन पिछले पांच दशकों से बॉलीवुड में सक्रिय हैं।
अमिताभ बच्चन बॉलीवुड में 'मेगा स्टार' और 'बिग बी' के नाम से भी मशहूर हैं। गौरतलब है कि उनकी पहली फिल्म 'सात हिंदुस्तानी' थी, जो 1969 में रिलीज हुई थी।
केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने उन्हें यह पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की है। जावड़ेकर ने अपने ट्विटर पर लिखा है कि लीजेंड अमिताभ बच्चन, जिन्होंने दो पीढ़ियों का मनोरंजन किया और उन्हें प्रेरित किया, को एकमत से दादा साहब फाल्के पुरस्कार के लिए चुना गया है। पूरा देश और अंतरराष्ट्रीय समुदाय खुश है। उन्हें मेरी हार्दिक बधाई।
The legend Amitabh Bachchan who entertained and inspired for 2 generations has been selected unanimously for #DadaSahabPhalke award. The entire country and international community is happy. My heartiest Congratulations to him.@narendramodi @SrBachchan pic.twitter.com/obzObHsbLk
— Prakash Javadekar (@PrakashJavdekar) September 24, 2019
1973 में प्रकाश मेहरा के निर्देशन में बनी फिल्म 'जंजीर' से अमिताभ बच्चन ने बॉक्स ऑफि़स पर कामयाबी की जो सीढ़ियां चढ़ना शुरू कीं तो फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। करीब दो दशक तक वे हिंदी फिल्मों के सबसे सफल नायक बने रहे। यही वह दौर था जब उन्हें एंग्री यंग मैन, सुपरस्टार और महानायक जैसी उपमाएं मिलने लगी थीं।
कामयाबी के इस दौर में अमिताभ बच्चन ने प्रकाश मेहरा के अलावा मनमोहन देसाई, यश चोपड़ा और ऋषिकेश मुखर्जी जैसे नामचीन निर्देशकों के साथ काम किया था। एक दौर ऐसा भी आया जब अमिताभ का फिल्मी करियर डावांडोल होने लगा था।
इसके बाद अमिताभ ने फिर से नए सिरे से काम शुरू किया और नए निर्देशकों के साथ नए प्रयोग किए। उन्होंने 'ब्लैक' और 'पा' जैसे प्रयोगधर्मी फिल्में कीं। उन्होंने कौन बनेगा करोड़पति के जरिये टेलीविजन की दुनिया में कदम रखा और यहां भी इतिहास रच दिया। केबीसी को होस्ट करते हुए उन्हें लगभग दो दशक पूरे होने वाले हैं।
अमिताभ को बॉलीवुड में 50 साल हो चुके हैं और इस दौरान उन्हें चार बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, 15 फिल्मफेयर सहित कई पुरस्कार मिल चुके हैं। 2015 में उन्हें पद्म विभूषण से भी सम्मानित किया गया था।
76 वर्ष के अमिताभ बच्चन अब भी फिल्मों और टेलीविजन पर पूरी तरह से सक्रिय हैं। एक दर्जन से ज्यादा ब्रांड और सेवाओं के लिए वो आपको विज्ञापन करते हुए नजर आते हैं। उन्होंने कई कार्यक्रमों में भी आवाज दी है। यहां तक कि देश के कई पर्यटक स्थल ऐसे हैं, जहां अमिताभ की आवाज में जानकारी दी जाती है।