IGI Airport: ब्रिटिश एयरवेज का ट्रेनी टिकटिंग एजेंट गिरफ्तार, स्पाइस जेट फ्लाइट में बम होने की दी झूठी सूचना
ब्रिटिश एयरवेज के एक ट्रेनी टिकटिंग एजेंट अभिनव प्रकाश को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उसने गुरुवार को दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट के कॉल सेंटर पर कॉल की और बम होने की फर्जी कॉल की।
विस्तार
ब्रिटिश एयरवेज के एक ट्रेनी टिकटिंग एजेंट अभिनव प्रकाश को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उसने गुरुवार को दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर महाराष्ट्र के पुणे जाने वाली स्पाइसजेट की एक फ्लाइट में बम होने की फर्जी सूचना दी। आरोपी ने स्पाइसजेट के सेंटर पर कॉल की और बम होने की फर्जी सूचना दी। आईजीआई एयरपोर्ट के डीसीपी रवि कुमार सिंह ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
डीसीपी सिंह ने बताया कि आरोपी ने खुलासा किया है कि उसके दोस्त राकेश और कुणाल को अपनी गर्लफ्रेंड्स के साथ कुछ और समय बिताना था, इसलिए उसने अपने दोस्तों की मदद के लिए फ्लाइट में बम की झूठी खबर फैला दी। दोनों लड़कियों को स्पाइसजेट की फ्लाइट से पुणे जाना था। उसके दोस्तों ने उससे कहा कि वह किसी तरह दिल्ली से स्पाइसजेट की फ्लाइट के प्रस्थान में देरी की योजना बनाए।
क्या है पूरा मामला
डीसीपी (एयरपोर्ट) रवि कुमार के मुताबिक, गुरुवार को स्पाइसजेट कॉल सेंटर में फ्लाइट संख्या एसजी-8938 में बम होने की सूचना मिली। ये फ्लाइट दिल्ली से पुणे के लिए रात साढ़े नौ बजे प्रस्तान करने वाली थी। सूचना तुरंत सीआईएसएफ कंट्रोल रूम को दी गई, जहां इसे आगे आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन में ट्रासफर कर दिया गया। कॉल की गंभीरता को देखते हुए सीआईएसएफ और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत कार्रवाई में जुटीं और सभी एजेंसियों ने एक बैठक की। फ्लाइट में 182 यात्री और केबिन क्रू मौजूद थे।
इसके बाद फ्लाइट को तुरंत आइसोलेश बे में ले जाया गया और 803 में पार्क किया गया। फिर सभी यात्रियों और उनके सामान की सघनता से जांच की गई। फ्लाइट की भी पूरी तरह से जांच की गई लेकिन कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला। फिर स्पाइसजेट के अधिकारियों की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज किया और जांच शुरू की।