Top News: आज से संसद का शीत सत्र और अंतरराष्ट्रीय सहकारिता सम्मेलन का आगाज, संभल में बवाल के बाद हालात नाजुक
आज से संसद का शीत सत्र,आम लोगों से जुड़े ये बिल पेश करेगी सरकार
संसद का शीतकालीन सत्र आज 25 नवंबर से शुरु हो रहा है। ये सत्र 20 दिसंबर तक चलेगा। इस सत्र में सरकार पांच नए बिल पेश करेगी। इसमें शिपिंग सेक्टर से जुड़े तीन बिल शामिल है। सरकार कोस्टल शिपिंग बिल, इंडियन पोर्ट्स बिल, मर्चेंट शिपिंग बिल पेश करेगी।भारतीय शिपिंग के विकास के लिए तीनों बिल काफी अहम है। वहीं, पहले से पेश 13 बिल को पास कराने के लिए लिस्ट किया गया। इनमें इनमें बैंकिंग लॉ अमेंडमेंट बिल और वक्फ बिल भी लिस्ट में शामिल है। पढ़ें पूरी खबर...
पीएम मोदी आज अंतरराष्ट्रीय सहकारिता सम्मेलन की करेंगे शुरुआत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को भारत मंडपम में अंतरराष्ट्रीय सहकारिता सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। 30 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में 100 से ज्यादा देशों के 1,500 प्रतिनिधि शामिल होंगे। अंतरराष्ट्रीय सहकारिता गठबंधन के 130 साल के इतिहास में पहली बार भारत में वैश्विक सहकारिता सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। बता दें किअंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष पर एक स्मारक टिकट भी जारी किया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर...
संभल बवाल की पूरी कहानी: एक चूक से हो गई आगजनी-फायरिंग
संभल की जामा मस्जिद को हरिहर मंदिर बताते हुए दाखिल वाद के आधार पर सर्वे के लिए रविवार सुबह सात बजे कोर्ट कमिश्नर की टीम पहुंची तो संभल में बवाल हो गया। अचानक टीम के पहुंचने की सूचना पर जुटी भीड़ मस्जिद में दाखिल होने कोशिश करने लगी। रोकने पर पुलिस पर पथराव कर दिया। हिंसक हुई भीड़ ने चंदौसी के सीओ की गाड़ी समेत कई वाहनों में तोड़फोड़ कर दी और आग लगा दी। इसी बीच फायरिंग भी शुरू हो गई। पढ़ें पूरी खबर...
धूप ने हटाई धुंध... 22 दिन बाद घटा एक्यूआई
राजधानी में हवा की दिशा व गति बदलने से रविवार को वायु गुणवत्ता एक बार फिर गंभीर श्रेणी से सुधर कर बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई है। इससे लोगों को प्रदूषण से मामूली राहत मिली है। हालांकि, अब भी लोगों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन महसूस हो रही है। गुनगुनी धूप निकलने से धूल और धुएं की मोटी परत टूट गई। पढ़ें पूरी खबर...
महायुति की बैठकों का दौर, सीएम पद के लिए दबाव की राजनीति
महाराष्ट्र में महायुति की ऐतिहासिक जीत के बाद अब सरकार बनाने की कवायद तेज हो गई है। गठबंधन के घटक भाजपा, शिवसेना व एनसीपी में अलग-अलग बैठकों का दौर चल रहा है। साथ ही सीएम पद को लेकर दबाव बनाने की राजनीति भी शुरू हो गई है। सबसे बड़ी पार्टी के रूप में भाजपा की तरफ से सीएम पद के लिए देवेंद्र फडणवीस का नाम सबसे आगे चल रहा है। लेकिन शिवसेना और एनसीपी के नेताओं की तरफ से भी मुख्यमंत्री पद पर दावेदारी की जा रही है। हालांकि, अंतिम फैसला महायुति नेताओं की भाजपा शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक में ही होगा। पढ़ें पूरी खबर...
पर्थ टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत की दहलीज पर भारत
पर्थ में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच जारी है। यह सीरीज दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण है और यह साफ हो जाएगा कि कौन सी टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचेगी। भारत को कम से कम चार टेस्ट जीतने की जरूरत है। साथ ही यह भी सुनिश्चित करना होगा कि वह एक भी मैच न हारें। भारतीय कप्तान जसप्रीत बुमराह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। पढ़ें पूरी खबर...
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव के लिए मतगणना सोमवार को होगी। यह प्रक्रिया सुबह आठ बजे से डीयू के काॅन्फ्रेंस सेंटर में शुरू होगी और शाम चार बजे तक सभी नतीजे घोषित होने की उम्मीद है। मतगणना की निगरानी के लिए 14 सीसीटीवी कैमरे और 8 वीडियो कैमरे लगाए गए हैं। डूसू चुनाव के लिए 27 सितंबर को मतदान हुआ था, जिसमें 145,893 मतदाताओं में से 51,300 छात्रों ने अपने मत का प्रयोग किया था। कॉलेजों में प्रतिनिधियों के परिणाम रविवार को घोषित किए गए। पढ़े पूरी खबर
Jharkhand: राज्यपाल से मिले हेमंत सोरेन, दोबारा सरकार बनाने का पेश किया दावा
झारखंड विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से जीत हासिल करने के बाद सीएम और झामुमो प्रमुख हेमंत सोरेन ने नई सरकार के गठन की तैयारी शुरू कर दी है। वह रविवार को झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार से मिलने पहुंचे। राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात के बाद हेमंत सोरेन ने सरकार बनाने का दावा पेश किया। सीएम हेमंत सोरेन ने अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंपा। इसके साथ ही नई सरकार बनाने के लिए इंडिया गठबंधन के विधायकों का समर्थन पत्र भी सौंपा। उनके साथ इंडिया गठबंधन के नेता भी मौजूद रहे। पढ़े पूरी खबर..
उरुग्वे की जनता ने राष्ट्रपति चुनाव में दूसरे चरण का मतदान किया। खबरों के मुताबिक रूढ़िवादी शासक दल और विपक्ष में वामपंथी गठबंधन के बीच कांटे की टक्कर हो रही है। पूर्ण बहुमत हासिल करने में विफल रहे दोनों पक्षों के बीच करीबी मुकाबला हो रहा है। दूसरे चरण का मतदान समाप्त होने के बाद अब वोटों की गिनती पर सबकी नजरें टिकी हैं। पढ़े पूरी खबर..
पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (एनएफआर) के एक वरिष्ठ रेलवे अधिकारी शुभेंदु कुमार चौधरी के लापता होने से पूरा महकमा चिंतित है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और रेलवे के कई बड़े अधिकारी परशुराम कुंड पहुंचे। रविवार को अरुणाचल प्रदेश में लोहित जिले से लापता हुए चौधरी की तलाशी के लिए आज भी अभियान जारी रहेगा। अब सेना के हेलीकॉप्टर की मदद ली जाएगी। पढ़े पूरी खबर...
हिंसाग्रस्त मणिपुर के जिरिबाम जिले में अपहरण किए छह लोगों को बड़ी नृशंसता से मारा गया था। उग्रवादियों में किस कदर हैवानियत भरी थी इसका अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि ढाई साल के बच्चे को चेहरे पर गोलियां मारकर मौत के घाट उतारा था। यही नहीं उसके सीने और हाथ को चाकू से गोदा गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने के बाद यह खुलासा हुआ है। पढ़े पूरी खबर..