News Updates: झारखंड के पूर्व CM हेमंत के करीबी उद्योगपति के घर पहुंची GST टीम, धनबाद में हुई जांच और पूछताछ
प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारियों के बाद अब वस्तु एवं सेवा कर (GST) विभाग के अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। धनबाद में सीएम हेमंत सोरेन के करीबी माने जाने वाले उद्योगपति अमितेश सहाय के घर पहुंची टीम ने तलाशी ली।
विस्तार
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके सहयोगियों के ठिकानों पर तलाशी का सिलसिला जारी है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारियों के बाद अब वस्तु एवं सेवा कर (GST) विभाग के अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। धनबाद में सीएम हेमंत सोरेन के करीबी माने जाने वाले उद्योगपति अमितेश सहाय के घर पहुंची टीम ने तलाशी ली। सोमवार को हुई इस कार्रवाई में अमितेश से सहयोगी और बिजनेस पार्टनर श्याम शर्मा से भी सवाल किए गए। जांच और पूछताछ की कार्रवाई छह घंटे से अधिक समय तक चली। इस मामले में समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक धनबाद में सुबह सात बजे पहुंचे जीएसटी अधिकारी दोपहर डेढ़ बजे तक जांच करते रहे।
केरल के मुख्यमंत्री की बेटी की कंपनी की जांच मामले में सुनवाई
केरल उच्च न्यायालय ने सोमवार को राज्य संचालित केएसआईडीसी से दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा है। ताकि यह साबित हो सके कि उसने मुख्यमंत्री पिनरई विजयन की बेटी की वीणा की आईटी कंपनी को किए गए कथित वित्तीय लेनदेन पर कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड से स्पष्टीकरण मांगा था। अदालत ने यह आदेश केरल राज्य औद्योगिक विकास निगम (केएसआईडीसी) की याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया। इस याचिका में कंपनी अधिनियम के तहत एसएफआईओ द्वारा उसके मामलों की जांच का निर्देश देने वाले केंद्र सरकार के आदेश को रद्द करने की मांग की गई थी।
गौरतलब है कि गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआईओ) केएसआईडीसी, आईटी फर्म एक्सालॉजिक और कोच्चि स्थित खदान कंपनी सीएमआरएल की जांच कर रहा है। सोमवार को सुनवाई के दौरान केएसआईडीसी का पक्ष रख रहे वकील ने कहा कि इस मामले में बताए गए किसी भी कथित लेनदेन में उसकी कोई भूमिका नहीं है। इस तर्क के साथ ही उसने जांच से छूट देने की मांग की। इतना ही नहीं केएसआईडीसी के वकील ने यह भी कहा कि उसने मामले के संबंध में सीएमआरएल से स्पष्टीकरण मांगा था।
इस पर न्यायमूर्ति देवन रामचंद्रन ने केएसआईडीसी से यह साबित करने के लिए दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा कि उसने कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) से स्पष्टीकरण मांगा था। बता दें कि केएसआईडीसी के पास सीएमआरएल के 13.4 फीसदी शेयर हैं।
केरल : बार में गोलीबारी में तीन घायल, तीन गिरफ्तार
केरल के कोच्चि में कथ्रिकदावु स्थित एक बार में रविवार देर रात हुई गोलीबारी में तीन कर्मचारी घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को घटना के संबंध में तीन लोगों दिलशान बोस (34), विजय जोस (32) और शेमिर पी ए (34) को गिरफ्तार कर लिया। ये सभी एर्णाकुलम के रहने वाले हैं।
एक अधिकारी ने कहा कि यह घटना तब हुई जब रविवार देर रात शराब खरीदने आए चार लोगों के बीच बार के मेन गेट के सामने सड़क पर विवाद हो गया। मैनेजर की ओर से प्रतिष्ठान के सामने झगड़े का विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर बेरहमी से हमला किया। उसके चेहरे व बायीं जांघ पर वार किया गया। मैनेजर पर हमला होता देख बार के दो कर्मचारी सुजिन और अखिल मौके पर पहुंचे और आरोपियों को रोकने की कोशिश की। इस पर गुस्साए मुख्य आरोपी ने पिस्तौल से गोली चला दी।
मणिपुर : गोलीबारी में दो ग्रामीण स्वयंसेवक घायल
मणिपुर के इंफाल पूर्वी जिले में सोमवार शाम हथियारबंद लोगों के हमले में दो ग्रामीण स्वयंसेवक घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घायलों को जवाहरलाल नेहरू आयुर्विज्ञान संस्थान (जेएनआईएमएस) में भर्ती कराया गया है।
पुलिस रिपोर्टों के अनुसार, इंफाल पूर्वी जिले के पुखाओ शांतिपुर में सशस्त्र व्यक्तियों के बीच भारी गोलीबारी जारी है। सुरक्षा बल हालात पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। पुखाओ में पिछले साल मई में हिंसा भड़कने के बाद से गोलीबारी की कई घटनाएं देखी गई हैं।
सीएआर-टी के अविष्कार से सस्ता होगा कैंसर का इलाज
टाटा अस्पताल और आईआईटी मुंबई ने रक्त कैंसर के इलाज के लिए नई तकनीक काइमेरिक एंटीजन रिसेप्टर (सीएआर-टी) का आविष्कार किया है, जो बच्चों पर 99% प्रभावी है। दावा किया गया है कि यह तकनीक मौजूदा तरीकों को स्थानांतरित कर देगी। अब तक अमेरिका और कुछ यूरोपीय देशों के पास ही यह तकनीक थी। विदेशों में इसके इलाज में चार करोड़ का खर्च आता है, वहीं भारत में 50 लाख रुपये में हो सकता है।
सेना प्रमुख जनरल पांडे चार दिवसीय अमेरिकी यात्रा पर रवाना
द्विपक्षीय सैन्य संबंधों को मजबूती देने के उद्देश्य से सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे सोमवार को चार दिवसीय यात्रा पर अमेरिका के लिए रवाना हुए। इस दौरान थल सेनाध्यक्ष अमेरिकी सेना के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल रैंडी जॉर्ज और अन्य वरिष्ठ अमेरिकी सैन्य अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय चर्चा करेंगे एवं अमेरिकी सेना सम्मान गार्ड समारोह में भाग लेंगे।
सरकार उल्फा आई के साथ बातचीत को तैयार
असम के संसदीय कार्य मंत्री पीजूष हजारिका ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि सरकार कट्टरपंथी उल्फा (इंडिपेंडेंट) के साथ शांति वार्ता के लिए तैयार है और उसके मुखिया परेश बरुआ के साथ बातचीत के दरवाजे खुले हैं। उल्फा दो गुटों में बंट गया है और अरबिंद राजखोवा तथा अनूप चेतिया के नेतृत्व वाले गुट के साथ शांति समझौते पर हस्ताक्षर हो चुके हैं। बरुआ की अगुवाई वाला दूसरा धड़ा अभी तक वार्ता में शामिल नहीं हुआ है और वह खुद को उल्फा (आई) कहता है।