तमिलनाडु: उम्मीदवार फाइनल हुए नहीं, फिर भी इस भाजपा नेता ने भर दिया नामांकन
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा अभी अपने उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप नहीं दे पाई है। हालांकि, इससे पहले ही पार्टी के राज्य उपाध्यक्ष एन. नागेंद्रन ने शुक्रवार (12 मार्च) को तिरूनेलवेली विधानसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। उनके इस कदम से पार्टी में हलचल मच गई है।
दो बार जीते और दो बार हारे नागेंद्रन
गौरतलब है कि अन्नाद्रमुक कैबिनेट में मंत्री रह चुके नागेंद्रन 2017 में भाजपा में शामिल हुए थे। वह 2001 से 2006 और 2011 से 2016 तक दो बार तिरूनेलवेली विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। हालांकि, इस सीट पर उन्हें दो बार हार का भी सामना करना पड़ा है।
एआईएडीएमके से भाजपा का गठबंधन
नागेंद्रन ने दी यह जानकारी
नामांकन को लेकर नागेंद्रन ने पत्रकारों से कहा कि मैंने नामांकन पत्र दाखिल कर दिया, क्योंकि आज शुभ दिन है। वह पांचवीं बार इस विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने जा रहे हैं। बता दें कि चुनाव आयोग के कोविड-19 प्रोटोकॉल के तहत उनके साथ केवल एक व्यक्ति मौजूद था।
पार्टी को थी नामांकन की जानकारी?
बताया जा रहा है कि भाजपा के कई स्थानीय नेताओं को नागेंद्रन के इस कदम की जानकारी थी। भाजपा के राज्य सचिव केटी राघवन ने बताया कि पार्टी के नेता जानते हैं कि वह आज नामांकन दाखिल करेंगे। ऐसे में यह गोपनीय या आश्चर्यजनक नहीं है। उन्होंने कहा कि नागेंद्रन उन संभावित उम्मीदवारों में शामिल हैं, जिनकी पहचान भाजपा ने की है। राघवन ने कहा कि पार्टी जल्द ही उम्मीदवारों के नामों का एलान करेगी।