Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Tamil Nadu Misbehavior with female Collector Minister accused taking bribe DMK launches offensive against TVK

तमिलनाडु: महिला कलेक्टर से बदसलूकी, मंत्री पर पांच करोड़ रिश्वत लेने का आरोप; टीवीके के खिलाफ डीएमके हमलावर

Tue, 24 Nov 2026 11:19 AM IST
प्रशांत तिवारी एएनआई, नई दिल्ली।
एएनआई, नई दिल्ली। Published by: प्रशांत तिवारी Updated Tue, 24 Nov 2026 11:19 AM IST
सार

तमिलनाडु की कल्लाकुरिची की महिला जिला कलेक्टर ने टीवीके विधायक सी. अरुण विग्नेश के खिलाफ कथित दुर्व्यवहार की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की है। वहीं, मंत्री ए. राजमोहन पर 5 करोड़ रुपये की कथित रिश्वत पेशकश का मामला भी गरमा गया है। 

विज्ञापन
Tamil Nadu Misbehavior with female Collector Minister accused taking bribe DMK launches offensive against TVK
तमिलनाडु के सीएम विजय - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

तमिलनाडु की राजनीति में इन दिनों दो बड़े मामले चर्चा का विषय बने हुए हैं। पहला मामला कल्लाकुरिची की महिला जिला कलेक्टर के साथ टीवीके विधायक सी. अरुण विग्नेश के कथित दुर्व्यवहार से जुड़ा है। इस मामले में कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर और डीएमके सांसद कनिमोझी ने विधायक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) भी मामले में दखल दे चुका है। दूसरी ओर, डीएमके ने राज्य के मंत्री ए. राजमोहन पर लगे रिश्वत की पेशकश से जुड़े आरोपों की जांच कराने के लिए राज्यपाल से अनुमति मांगी है। 

विज्ञापन


महिला कलेक्टर की शिकायत के बाद बढ़ा मामला
कल्लाकुरिची की जिला कलेक्टर ने टीवीके विधायक सी. अरुण विग्नेश के खिलाफ पुलिस अधीक्षक (एसपी) को औपचारिक शिकायत दी है। शिकायत सामने आने के बाद कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने विधायक के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। टैगोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह खबर बेहद चौंकाने वाली है। उन्होंने कहा कि जब पीड़ित महिला अधिकारी ने खुद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, तो फिर कार्रवाई में देरी का कोई कारण नहीं होना चाहिए। विधायक के खिलाफ मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित कानूनी धाराओं में केस दर्ज किया जाना चाहिए।
विज्ञापन


'सत्ता में होने का मतलब कानून से ऊपर होना नहीं'
कांग्रेस सांसद ने राज्य सरकार को याद दिलाया कि सरकारी पदों पर काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना उसकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के पास राजनीतिक ताकत या सत्ता होने का यह मतलब नहीं है कि उसे कानून से छूट मिल जाएगी। टैगोर ने राज्य सरकार से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने और जिला कलेक्टर को न्याय दिलाने की अपील की। उनका कहना था कि अगर किसी महिला अधिकारी के साथ उसके कार्यस्थल पर इस तरह का व्यवहार होता है, तो सरकार को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन


कनिमोझी ने कलेक्टर के साहस की तारीफ की
डीएमके सांसद कनिमोझी ने भी इस मामले में जिला कलेक्टर का समर्थन किया है। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के उनके फैसले की सराहना करते हुए कहा कि यह उन तमाम महिलाओं के लिए एक मिसाल है, जिन्हें अपने कार्यस्थल पर उत्पीड़न या गलत व्यवहार का सामना करना पड़ता है। कनिमोझी ने याद दिलाया कि जब टीवीके विधायक अरुण विग्नेश के जिला कलेक्टर के साथ कथित दुर्व्यवहार की खबरें सामने आई थीं, तब भी उन्होंने इस मामले की जांच कराने और सरकार से कार्रवाई करने की मांग की थी। उन्होंने उन लोगों पर भी सवाल उठाए, जिन्होंने उस समय इस मुद्दे को उठाने के लिए उनकी और डीएमके की आलोचना की थी। कनिमोझी के मुताबिक, कुछ लोगों ने महिलाओं की सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दे पर आवाज उठाने को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की थी। अब जब खुद जिला कलेक्टर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, तो ऐसे लोगों को जवाब देना चाहिए।

मुख्यमंत्री विजय से कनिमोझी का सीधा सवाल
कनिमोझी ने मुख्यमंत्री और टीवीके प्रमुख विजय से भी सवाल किया है। उन्होंने पूछा कि जब उनकी ही पार्टी के एक विधायक पर इतने गंभीर आरोप लगे हैं, तो अब तक उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हुई? उन्होंने एक्स पर लिखा कि जिला कलेक्टर ने हिम्मत दिखाते हुए सत्ताधारी पार्टी के विधायक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उनका यह कदम दूसरी महिलाओं को भी अपने साथ होने वाले गलत व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाने का हौसला देगा। कनिमोझी ने विजय से पूछा कि क्या वह अब अपने विधायक के खिलाफ कोई कदम उठाएंगे या फिर पार्टी के सदस्य को बचाना महिलाओं की सुरक्षा से ज्यादा जरूरी समझेंगे? उन्होंने यह भी कहा कि न्याय मिलने में देरी होना भी एक तरह से न्याय से वंचित करना है।

स्टालिन ने की टीवीके विधायक की गिरफ्तारी की मांग
इस पूरे मामले को लेकर तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन ने कल्लाकुरिची से टीवीके विधायक सी. अरुल विग्नेश पर महिला जिला कलेक्टर के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में तत्काल गिरफ्तारी और जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अपनी पार्टी के विधायक को बचाने के लिए मामले को दबाने की कोशिश कर रही है। स्टालिन ने कहा कि मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को शुरुआत में ही महिला अधिकारी से संपर्क कर उन्हें सरकार के समर्थन का भरोसा देना चाहिए था। स्टालिन ने कहा कि महिला जिला कलेक्टर को ही ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है तो राज्य की आम महिलाओं की सुरक्षा का क्या हाल होगा? उन्होंने विधायक का बचाव करने वाले नेताओं की भी आलोचना की और कहा कि सरकार को आरोपी विधायक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि विधायक को बिना देरी गिरफ्तार कर पूछताछ की जाए।

टीवीके विधायक की गिरफ्तारी की मांग तेज
तमिलनाडु में एआईएडीएमके महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने कल्लाकुरिची के टीवीके विधायक सी. अरुल विग्नेश की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। आरोप है कि विधायक ने जिला कलेक्टर को अश्लील मैसेज भेजा था। पलानीस्वामी ने मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए कहा कि कलेक्टर ने इस मामले में पुलिस शिकायत दर्ज कराई है। मद्रास हाईकोर्ट में सरकार ने भी एफआईआर दर्ज होने की जानकारी दी है। पलानीस्वामी ने मामले की सीबीआई जांच कराने और इसे दबाने की कोशिश करने वालों पर कार्रवाई की मांग की है।

राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी लिया संज्ञान
इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने भी स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में बताया कि मीडिया रिपोर्टों में टीवीके विधायक पर जिला कलेक्टर के साथ पहले भी गलत व्यवहार करने के आरोप लगे हैं। रिपोर्ट में यह दावा भी किया गया है कि विधायक कथित तौर पर नशे की हालत में कलेक्टर के आवास पर पहुंचे थे। एनसीडब्ल्यू की अध्यक्ष विजया राहटकर ने तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र लिखकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने को कहा है। आयोग ने पुलिस से सात दिनों के भीतर कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट (एटीआर) भी मांगी है। अब इस मामले में पुलिस की जांच और राज्य सरकार के अगले कदम पर सबकी नजर है।

मंत्री राजमोहन पर रिश्वत की पेशकश का आरोप
महिला कलेक्टर से जुड़े विवाद के बीच तमिलनाडु में दूसरा राजनीतिक मामला भी गरमा गया है। डीएमके ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मंत्री ए. राजमोहन के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए पूर्व अनुमति मांगी है। डीएमके नेता और पार्टी की लीगल विंग के संयुक्त सचिव आई. परांथमैन ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत जरूरी मंजूरी देने की मांग की है। यह मामला मंत्री राजमोहन के उस बयान से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि एक व्यक्ति ने उन्हें एक सरकारी-संबद्ध सांस्कृतिक संस्था का अध्यक्ष पद दिलाने के लिए 5 करोड़ रुपये की रिश्वत देने की पेशकश की थी।

5 करोड़ रुपये की पेशकश का क्या है मामला?
मंत्री राजमोहन ने 1 नवंबर को तमिलनाडु दिवस के कार्यक्रम में सार्वजनिक रूप से इस कथित पेशकश का जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि तमिलनाडु इयाल इसाई नाटका मंदरम के अध्यक्ष पद पर किसी व्यक्ति की नियुक्ति कराने के बदले उन्हें 5 करोड़ रुपये देने की बात कही गई थी। राजमोहन के मुताबिक, यह प्रस्ताव तमिलनाडु पाठ्यपुस्तक एवं शैक्षिक सेवा निगम के अध्यक्ष ए. लोयोला मणि के जरिए उनके पास पहुंचा था। उन्होंने यह भी कहा था कि उन्होंने अपना जवाब उसी मध्यस्थ के माध्यम से भिजवाया था। मंत्री ने यह दावा भी किया था कि इस प्रस्ताव की जानकारी केवल लोयोला मणि को थी और उन्होंने उस समय इस बारे में किसी दूसरे व्यक्ति को नहीं बताया था। हालांकि, उन्होंने कथित तौर पर रिश्वत देने की पेशकश करने वाले व्यक्ति का नाम सार्वजनिक नहीं किया।

डीएमके ने पहले ही दर्ज कराई थी शिकायत
परांथमैन के मुताबिक, उन्होंने 2 नवंबर 2026 को चेन्नई में सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय (डीवीएसी) के निदेशक को लिखित शिकायत दी थी। इसमें एफआईआर दर्ज करने और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की गई थी। लेकिन उनका आरोप है कि शिकायत देने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। 23 नवंबर को राज्यपाल को भेजे गए आवेदन में उन्होंने कहा कि उन्हें न तो एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिली है और न ही शिकायत पर की गई किसी कार्रवाई के बारे में बताया गया है। उन्होंने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 223 के तहत भी शिकायत तैयार की है। इसके जरिए वह चेन्नई की भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम मामलों की विशेष अदालत में कानूनी कार्रवाई की मांग करना चाहते हैं।


ये भी पढ़ें: यूपी: चुनावी रण में बाहरी दलों की दस्तक, बड़े गठबंधनों से गठजोड़ की कोशिश; उद्धव-शिंदे तक की नजर इन सीटों पर

मंत्री के खिलाफ जांच के लिए मांगी पूर्व अनुमति
परांथमैन ने राज्यपाल से कहा है कि चूंकि इस मामले में आरोप तमिलनाडु सरकार के मौजूदा मंत्री पर लगे हैं, इसलिए जांच शुरू करने से पहले भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 17ए के तहत जरूरी पूर्व अनुमति पर विचार किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि यह मामला केवल किसी व्यक्ति को रिश्वत देने की कथित पेशकश तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकारी संस्थाओं में नियुक्तियों की पारदर्शिता और प्रशासनिक ईमानदारी से भी जुड़ा है। इसलिए इसकी स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच जरूरी है। डीएमके ने यह भी बताया कि परांथमैन ने मुख्य सचिव एम. साई कुमार को अलग से पत्र लिखकर लोयोला मणि के खिलाफ भी पूछताछ और जांच के लिए जरूरी अनुमति मांगी है। पार्टी का आरोप है कि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए मंत्री के साथ-साथ कथित मध्यस्थ की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed