Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Supriya Sule Says NCP Merger Talks Ended After Ajit Pawar's Death

एनसीपी के दोनों गुटों का होगा विलय?: सुप्रिया सुले ने दिया बड़ा अपडेट, कहा- जब तक भाई जीवित थे...

Sat, 14 Nov 2026 11:27 AM IST
राहुल कुमार एएनआई, मुंबई।
एएनआई, मुंबई। Published by: राहुल कुमार Updated Sat, 14 Nov 2026 11:27 AM IST
सार

महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दोनों गुटों के विलय को लेकर सियासी हलचल तेज है। अजित पवार के निधन के बाद विलय की संभावनाओं पर विराम लगने की बात कहकर सांसद सुप्रिया सुले ने नई चर्चा छेड़ दी है। वहीं, सुनेत्रा पवार और एनसीपी के वरिष्ठ नेताओं की शरद पवार व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकातों ने इन अटकलों को और हवा दी है।

विज्ञापन
Supriya Sule Says NCP Merger Talks Ended After Ajit Pawar's Death
सुप्रिया सुले और अजित पवार - फोटो : ANI

विस्तार

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (एनसीपी-एससीपी) की कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले ने दोनों एनसीपी गुटों के विलय को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उनके भाई अजित पवार के जीवित रहने तक दोनों गुटों के विलय पर चर्चा चल रही थी, लेकिन उनके निधन के बाद यह बातचीत पूरी तरह रुक गई।

विज्ञापन


शनिवार को एनसीपी-एसपी सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, "जब तक मेरे भाई (अजित पवार) जीवित थे, तब तक दोनों गुटों के विलय पर चर्चा होती रही। जिस दिन वह हमें छोड़कर चले गए, उसी दिन इन चर्चाओं पर पूरी तरह विराम लग गया। उनका यह बयान राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों गुटों के बीच विलय को लेकर चल रही चर्चाओं के संदर्भ में आया है। बता दें कि हाल ही में एनसीपी के कई नेताओं ने अमित शाह से मुलाकात की थी, जिसके बाद ऐसे कयास लग रहे थे कि दोनों गुटों का विलय हो सकता है।
विज्ञापन


सुनेत्रा पवार से मुलाकात के दौरान राकांपा के विलय पर कोई चर्चा नहीं हुई: भरणे 
इससे पहले शुक्रवार को महाराष्ट्र के मंत्री दत्तात्रेय भरणे ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दोनों गुटों के विलय को लेकर फिर से चर्चाएं तेज होने के बीच कहा था कि यहां उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के आवास पर हुई बैठक में कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी विधायक उनके नेतृत्व के साथ मजबूती से खड़े हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


भरणे ने कहा कि विधायक अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में सूखे से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा करने के लिए ही एकत्र हुए थे। उन्होंने कहा, पार्टी की कोई बैठक नहीं हुई और न ही विलय को लेकर कोई राजनीतिक चर्चा हुई। पार्टी ने ऐसी कोई बैठक नहीं बुलाई थी। हममें से कुछ लोग यहां आए हुए थे और सुनेत्रा पवार से मुलाकात की। मुख्य रूप से सूखे की स्थिति और अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में किए जाने वाले कामों पर चर्चा हुई।

पिछले सप्ताह प्रफुल्ल पटेल और पार्थ पवार समेत सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राकांपा के कई नेताओं ने राकांपा (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की थी। इसके बाद दोनों गुटों के विलय की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया था। दो दिन पहले बारामती में संवाददाता सम्मेलन के दौरान सुनेत्रा पवार ने यह कहकर इन अटकलों को और हवा दे दी थी कि उचित समय आने पर सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा।

हालिया राजनीतिक घटनाक्रम
सुले ने प्रतिद्वंद्वी खेमे के नेताओं द्वारा शरद पवार से हाल की मुलाकातों को सामान्य शिष्टाचार भेंट बताया। उन्होंने कहा कि विभिन्न दलों के नेता नियमित रूप से अनुभवी नेता से मिलते रहते हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से कुछ एनसीपी नेताओं की मुलाकातों पर उन्होंने टिप्पणी से इन्कार किया, इसे दूसरी पार्टी का आंतरिक मामला बताया।

शाह का पुणे दौरा चर्चा में
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दोनों गुटों के विलय या फिर से एकजुट होने की चर्चाओं के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 15 और 16 नवंबर को महाराष्ट्र के पुणे जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह भाजपा, एनसीपी और शिवसेना के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात कर सकते हैं। उनके दौरे को महाराष्ट्र की राजनीति में चल रही हलचल के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण करेंगे शाह
16 नवंबर को अमित शाह पुणे जिला परिषद परिसर में महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री और एनसीपी अध्यक्ष रहे अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इस कार्यक्रम में एनसीपी के विधायक, मंत्री, सांसद और अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे। पार्टी के नेताओं को फोन के जरिये कार्यक्रम की जानकारी दे दी गई है। राज्य के प्रचार विभाग ने भी गृह मंत्री के दो दिवसीय आधिकारिक दौरे की पुष्टि की है। एनसीपी के सूत्रों ने भी अजित पवार की प्रतिमा के अनावरण की पुष्टि की है। सूत्रों के मुताबिक, महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख सुनेत्रा पवार ने इसके लिए औपचारिक अनुरोध किया था। इसके अलावा पार्टी के पदाधिकारी अमित शाह से महायुति गठबंधन और एनडीए से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे।

सुनेत्रा और पार्थ पवार ने दिल्ली में शाह से की थी मुलाकात
अमित शाह का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब कुछ दिन पहले उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और उनके बेटे व सांसद पार्थ पवार ने नई दिल्ली में उनसे मुलाकात की थी। बताया जा रहा है कि इस दौरान एनसीपी को वित्त मंत्रालय दोबारा सौंपने और पार्टी के दोनों गुटों के संभावित विलय या फिर से एकजुट होने के मुद्दे पर चर्चा हुई थी।

इसके बाद एनसीपी नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी अमित शाह से मुलाकात की थी। इसमें प्रफुल्ल पटेल, महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष सुनील तटकरे, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दिलीप वलसे पाटिल, मंत्री छगन भुजबल और हसन मुश्रीफ के अलावा पूर्व मंत्री धनंजय मुंडे शामिल थे। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में पार्टी के कामकाज और वरिष्ठ नेताओं तथा युवा नेताओं के बीच बढ़ती दूरी को लेकर चर्चा हुई थी।

 क्या फरवरी में हो सकता है विलय?
सुप्रिया सुले का यह बयान महाराष्ट्र की राजनीति में पिछले एक सप्ताह से चल रही अटकलों के बीच आया है। एनसीपी की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष सुनील तटकरे ने हाल ही में कहा था कि अजित पवार के जीवित रहते दोनों गुटों के विलय को लेकर बातचीत चल रही थी। उनके मुताबिक, अगर विमान हादसे में अजित पवार का निधन नहीं हुआ होता तो फरवरी में दोनों गुट एक हो सकते थे।


वहीं, शरद पवार के हालिया अस्पताल में भर्ती होने के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन कर उनका हालचाल जाना था। इसके दो दिन बाद एनसीपी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने उनसे मुलाकात की थी। इसके बाद सांसद पार्थ पवार लगातार दो दिन शरद पवार के मुंबई स्थित आवास 'सिल्वर ओक' पहुंचे थे। इन घटनाक्रमों के बाद पर्दे के पीछे दोनों गुटों के बीच बातचीत की अटकलें तेज हो गई थीं।

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed