Big News: दुष्कर्म व हत्या मामले में सजा नहीं होगी कम, मेडागास्कर में भव्य हिंदू मंदिर का उद्घाटन
जस्टिस यूयू ललित, जस्टिस एस रवींद्र भट और जस्टिस बेला एम त्रिवेदी की पीठ ने भारतीय स्त्री शक्ति नामक संस्था द्वारा इस मामले में दायर एक पुनर्विचार याचिका पर विचार करने से भी इन्कार कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सुप्रीम कोर्ट ने एक मां की चार साल की बेटी से दुष्कर्म व हत्या के दोषी के मृत्युदंड को कम करने वाले फैसले पर पुनर्विचार की याचिका को खारिज कर दिया। शीर्ष अदालत ने कहा, उसने प्रासंगिक कारकों पर ध्यान देने के बाद मौत की सजा को उम्रकैद में तब्दील करने का निर्णय लिया था।
जस्टिस यूयू ललित, जस्टिस एस रवींद्र भट और जस्टिस बेला एम त्रिवेदी की पीठ ने भारतीय स्त्री शक्ति नामक संस्था द्वारा इस मामले में दायर एक पुनर्विचार याचिका पर विचार करने से भी इन्कार कर दिया। ट्रायल कोर्ट ने आरोपी फिरोज को फांसी की सजा सुनाई थी। फिरोज द्वारा दाखिल अपील को हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया था और फांसी की सजा को बहाल रखा था।
हाईकोर्ट के खिलाफ दाखिल अपील पर सुप्रीम कोर्ट ने फिरोज की दोष सिद्धि को बरकरार रखा था लेकिन फांसी की सजा को उम्रकैद में तब्दील कर दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने तब कहा था, हमें याद दिलाया जाता है कि ऑस्कर वाइल्ड ने क्या कहा है - संत और पापी के बीच एकमात्र अंतर यह है कि प्रत्येक संत का अतीत होता है और प्रत्येक पापी का भविष्य होता है।
मेडागास्कर की राजधानी में भव्य हिंदू मंदिर का उद्घाटन
हिंद महासागर के एक बड़े द्वीप मेडागास्कर की राजधानी एंटानानारिवो में मंगलवार को एक भव्य हिंदू मंदिर का उद्घाटन किया गया। मंदिर के उद्घाटन समारोह में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिसमें विभिन्न हिंदू देवताओं की मूर्तियों का अनावरण, आरती और भक्ति गीत गाए गए।
मेडागास्कर में भारतीय राजदूत और कोमोरोस अभय कुमार ने इस अवसर पर शिरकत की। हिंदू समाज के अध्यक्ष संजीव हेमतलाल ने इस मौके को गर्व का पल बताया। द्वीप के अन्य प्रमुख शहरों जैसे महाजंगा और अंतसिरानाना में छोटे हिंदू मंदिर हैं। यहां पूरे देश में गुजराती प्रवासियों का वर्चस्व है।
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति ने जिनपिंग को दिया जी-20 बैठक का न्यौता
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो ने मंगलवार को बाली में 15-16 नवंबर को होने वाली जी-20 देशों के राष्ट्राध्यक्षों की बैठक के लिए औपचारिक आमंत्रण दिया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि चीनी नेता इसमें व्यक्तिगत रूप से भाग लेंगे या नहीं।
यहां हुई दोनों नेताओं की बैठक के दौरान यह आमंत्रण दिया गया। इस बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार और सामुद्रिक क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा हुई। चीन के सरकारी सरकारी प्रसारणकर्ता सीसीटीवी ने बिना कोई अन्य जानकारी दिए बताया कि जिनपिंग ने बैठक की कामयाबी के लिए शुभकामनाएं दीं।
2019 में कोरोना महामारी के बाद से जिनपिंग चीन के बाहर नहीं गए हैं। महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भी वह वीडियो कॉन्फ्रिेंसिंग से ही शामिल होते रहे हैं। अभी यह भी साफ नहीं है कि जी-20 बैठक के बाद होने वाले एशिया-पैसेफिक इकनॉमिक कॉरपोरेशन की बैठक में जिनपिंग भाग लेंगे या नहीं।
इस्राइल ने संदिग्ध फलस्तीनी हमलावरों के घरों को ढहाया
इस्राइली सेना ने वेस्ट बैंक की एक बस्ती में इस्राइल के सुरक्षा गार्ड की हत्या के बाद दो फलस्तीनी संदिग्धों के घर ध्वस्त कर दिए। व्याचेस्लाव गोलेव नामक इस्राइली सुरक्षा गार्ड 29 अप्रैल को वेस्ट बैंक में एक यहूदी बस्ती के प्रवेश द्वार पर हुई गोलीबारी की घटना में मारा गया था। फलस्तीनी उग्रवादी संगठन हमास ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी।
इस्राइली सेना ने बाद में हमले को अंजाम देने के संदेह में दो फलस्तीनियों को पकड़ लिया। इस्राइली सेना ने मंगलवार को कहा कि उसने उत्तरी वेस्ट बैंक इलाके में स्थित करावत बानी हसन गांव में संदिग्धों आवासों को ध्वस्त कर दिया है।
तीन दिन में 69% कम हुए कोरोना के नए मरीज
करीब तीन महीने बाद कोरोना संक्रमण को लेकर थोड़ी राहत मिली है। बीते तीन दिन में संक्रमण के नए मरीजों में 69 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई है जो बीते मई माह के बाद सर्वाधिक है। मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि बीते दिन 14830 लोग संक्रमित मिले हैं।
इस दौरान 36 लोगों की संक्रमण के चलते मौत हुई है जबकि 18159 रोगी ठीक हुए हैं। नए मरीजों से ज्यादा ठीक होने वालों की संख्या सामने आई है जिसकी वजह से सक्रिय मामलों में भी गिरावट आई है।
आंकड़ों के अनुसार 20 जुलाई को 20557, 21 जुलाई को 21566, 22 जुलाई को 21880, 23 जुलाई को 21411, 24 जुलाई को 20279, 25 जुलाई को 16866 और 26 जुलाई को 14830 मामले मिले हैं। 23 की तुलना में 26 जुलाई को नए मरीजों में 69.29 फीसदी की कमी दर्ज की गई है।
सेवा शुल्क : हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देगा सीसीपीए
उपभोक्ता संरक्षण नियामक केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) ने कहा है, वह दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देगा। हाईकोर्ट ने पिछले दिनों होटलों में सेवा शुल्क पर रोक लगाए जाने के प्राधिकरण के फैसले पर रोक लगा दी थी। सीसीपीए की मुख्य आयुक्त निधि खरे ने कहा कि 4 जुलाई, 2022 के दिशानिर्देशों को कोर्ट ने रोक दिया था। हम इसकी समीक्षा कर रहे हैं और इसे चुनौती देंगे। इस मामले की अगली सुनवाई 25 नवंबर को होगी।
तीस सालों में 30 अरब डॉलर की होगी देश की अर्थव्यवस्था
नई दिल्ली। भारत अगले तीस सालों में तीस अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत अपनी मजबूत आर्थिक वृद्वि के बलबूते यह मुकाम हासिल करेगा। इसमें महिला शक्ति अहम भूमिका निभाएगी। उच्च स्तर पर हमेशा महिलाओं के लिए मौके उपलब्ध रहेंगे। यह बात उन्होंने फिक्की के महिला संगठन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कही।
50 फीसदी पद महिला निदेशकों के लिए हों
पीयूष गोयल ने कहा कि जब तक महिलाओं को महत्व नहीं दिया जाता, तब तक देश समावेशी विकास हासिल नहीं कर पाएगा। उन्होंने योग्यता के आधार पर कंपनियों में निदेशक और मालिक के रूप में महिलाओं के प्रतिनिधित्व करने पर जोर दिया। कहा कि हमें पचास फीसदी निदेशकों के लिए महिलाओं को आगे लाना होगा।