Andhra Pradesh: YSRCP और TDP के कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़प, पथराव के साथ की गई आगजनी और तोड़फोड़
माचेरला कस्बे में एक कार्यक्रम में आपराधिक इतिहास वाले कुछ लोगों ने विरोधियों पर पथराव किया। इसमें शामिल लोगों को दबोच लिया गया है। स्थिति नियंत्रण में है। साथ ही शहर में धारा 144 लागू की गई है।
विस्तार
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी की पार्टी वाईएसआरसीपी और पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू की पार्टी टीडीपी के कार्यकर्ताओं के बीच शुक्रवार रात पलनाडु जिले के माचेरला में हिंसक झड़प हो गई। दोनों तरफ से पथराव हुआ। हिंसक झड़प से क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। हिंसक झड़प के दौरान तोड़फोड़ और आगजनी भी की गई। कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। घटना में कई लोगों के घायल होने की भी खबर है।
जानकारी के मुताबिक, जब झड़पें तेज हो गईं तो पुलिस ने टीडीपी और वाईएसआरसीपी के कार्यकर्ताओं पर हल्का बल प्रयोग किया। जिसके बाद भीड़ तितर-बितर हुई।। मौके पर बड़ी संख्या में सुरक्षाबल पहुंचा। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया।
शहर में धारा 144 लागू
पलनाडु एसपी वाई रविशंकर रेड्डी ने कहा कि माचेरला कस्बे में एक कार्यक्रम में आपराधिक इतिहास वाले कुछ लोगों ने विरोधियों पर पथराव किया। इसमें शामिल लोगों को दबोच लिया गया है। स्थिति नियंत्रण में है। साथ ही शहर में धारा 144 लागू की गई है।
घटना का वीडियो आया सामने
सामने आए वीडियो में भीड़ हाथों में लाठी-डंडे लिए दिख रही है। वाहनों पर खड़े होकर हंगामा किया जा रहा है। बाइक सवार लोग हाथों में डंडे लिए है। हालांकि, ये किस पार्टी के हैं, ये साफ पता नहीं चल रहा है।
#WATCH | Andhra Pradesh: Violent clashes erupt between YSRCP and TDP workers in Palnadu district, police on the spot.
— ANI (@ANI) December 16, 2022
(Warning: Violence & Arson) pic.twitter.com/hzjTaaC1hi
बता दें कि टीडीपी कार्यकर्ता माचेरला में वाईएसआरसीपी सरकार के खिलाफ रैली करने जा रहे थे। पार्टी के प्रभारी जुलाकांति ब्रह्म रेड्डी के नेतृत्व में टीडीपी समर्थक 'इधेमी खर्मा' कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे थे। उसी दौरान यह बवाल शुरू हुआ और दोनों पार्टियों के समर्थक आपस में भिड़ गए। पुलिस ने पूछताछ के लिए 10 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
तेलंगाना: सड़क पर अचानक पलटी कार; दो की मौत, दो घायल
तेलंगाना के नलगोंडा में एक परिवार के पांच सदस्यों को लेकर जा रही कार सड़क पर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। हादसे में चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई और दो घायल हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि गुरुवार रात करीब 1:30 बजे एक परिवार के पांच सदस्यों को लेकर जा रही एक कार केथेपल्ली पुलिस थाने की सीमा में नाकरेकल के प्रवेश द्वार के पास डिवाइडर से टकरा गई, जिससे दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान चालक फणी कुमार और उसकी मां करुणा के रूप में हुई है।
केथेपल्ली पुलिस उपनिरीक्षक अनिल रेड्डी ने कहा कि फणी कुमार की पत्नी कृष्णावेनी और बेटे साई सनीश को गंभीर चोटें आई हैं। जबकि उनकी 10 वर्षीय बेटी जसरीथा को कोई चोट नहीं आई। एंबुलेंस चालक नगैया ने कहा कि सड़क दुर्घटना नाकरेकल के प्रवेश द्वार पर बायपास पर हुई। कार के सड़क पर पलट जाने के बाद कार में तुरंत आग लग गई। कार में पांच सदस्य थे। उनमें से तीन को गंभीर चोटें आईं और एक की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई।