आंध्र प्रदेश: श्रीकाकुलम के वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़, 10 लोगों की मौत; सीएम ने दिए जांच के आदेश
आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में शनिवार को बडा हादसा हो गया है। काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में अचानक भगड़द मच गई। इस हादसे में 10 की मौत हो गई है, वहीं कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। वहीं सीएम चंद्रबाबू नायडू ने मंदिर में हुई भगदड़ की घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
विस्तार
आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में शनिवार को हुई भगदड़ में 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। भगदड़ के पीछे की वजह एकादशी के मौके पर हुई भारी भीड़ को बताया जा रहा है।
जानकारी मुताबिक, शनिवार को वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में एकादशी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंची थी। बताया जा रहा है कि मंदिर परिसर के प्रवेश द्वार के पास अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। सूत्रों के अनुसार, घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया।
काशीबुग्गा सब डिवीजन के डीएसपी लक्ष्मण राव ने बताया कि, काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर मंदिर में सुबह करीब 11.30 बजे भगदड़ मच गई और 10 लोगों की मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गए।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
घटना पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने दुख व्यक्त किया है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने पोस्ट किया, "श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर मंदिर में भगदड़ की घटना दुखद है। इस दुखद घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु अत्यंत हृदयविदारक है। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैंने अधिकारियों को घायलों को शीघ्र और उचित उपचार प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। मैंने स्थानीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया है कि वे घटनास्थल का दौरा करें और राहत कार्यों का निरीक्षण करें।
VIDEO | Andhra Pradesh: Stampede reported at Venkateswara Temple in Kashibugga in Srikakulam district; several devotees injured, rushed to hospital. More details are awaited.
(Source: Third Party)#AndhraPradesh pic.twitter.com/dOJxEI4JHC
— Press Trust of India (@PTI_News) November 1, 2025
मुख्यमंत्री नायडू ने दिए जांच के आदेश
मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने मंदिर में हुई भगदड़ की घटना की जांच के आदेश दिए हैं। नायडू ने बताया कि आयोजकों ने पुलिस को पहले से सूचना नहीं दी थी, जिसकी वजह से पर्याप्त सुरक्षा उपाय नहीं किए जा सके। सूचना दी गई होती तो भीड़ को नियंत्रित किया जा सकता था। निर्दोष लोगों की जान चली गई। हम इस घटना को गंभीरता से लेंगे। जो भी जिम्मेदार होगा, उसे हिरासत में लिया जाएगा और जांच की जाएगी।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबि, श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़ मच गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। यह घटना उस समय हुई जब एकादशी के अवसर पर मंदिर में भारी भीड़ जमा हुई थी। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण भीड़ बढ़ गई, जिससे अचानक भगदड़ मच गई। घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया। पुलिस मौके पर पहुंची। राज्य के कृषि मंत्री के. अत्चन्नायडू तुरंत दुर्घटनास्थल पर पहुंचे है। उन्होंने घटना की जानकारी जुटाने के लिए मंदिर के अधिकारियों से बात की। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।