Bengal Violence: बंगाल में शुभेंदु ने की केंद्रीय बलों की तैनाती की मांग, गिरिराज बोले- राज्य से भाग रहे हिंदू
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में वक्फ कानून के विरोध में हुई हिंसा के बाद से सियासी बवाल मचा हुआ है। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने यहां केंद्रीय बलों की तैनाती की मांग की है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सीएम ममता बनर्जी पर हमला बोला है।
विस्तार
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में भड़की हिंसा को लेकर सियासत तेज हो गई है। वक्फ संशोधन कानून के विरोध में हुई हिंसा से निपटने के लिए बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने धारा 355 लागू करने और केंद्रीय बलों की तैनाती की मांग की। वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सीएम ममता बनर्जी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हिंदुओं को राज्य से भागने पर मजबूर होना पड़ रहा है।
भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि पश्चिम बंगाल में विरोध प्रदर्शन के नाम पर कट्टरपंथियों के एक खास समूह द्वारा बड़े पैमाने पर हिंसा, अराजकता फैलाई जा रही है। ये लोग जिन्होंने साफ तौर पर कहा है कि वे भारत के संविधान के खिलाफ हैं और देश के कानून का विरोध करेंगे, सड़कों पर उतर आए हैं। सार्वजनिक और निजी संपत्तियों को मनमाने ढंग से नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आम लोगों को कट्टरपंथियों की इन क्रूर भीड़ पर छोड़ दिया गया है। इससे सार्वजनिक सुरक्षा से समझौता किया गया है। प्रशासन ने इस उत्पात को नियंत्रित करने के लिए मुर्शिदाबाद जिले में बीएसएफ कर्मियों की तैनाती की मांग की है। उन्हें अन्यत्र केंद्रीय बलों की तैनाती की मांग करने से कौन रोक रहा है?
ये भी पढ़ें: वक्फ कानून को लेकर मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा मामले में 110 गिरफ्तार, अन्य जिलों में भी छापेमारी जारी
अधिकारी ने कहा कि मैं बंगाल के मुख्य सचिव, गृह विभाग के सचिव को सुझाव दूंगा कि वे अपना अहंकार त्याग दें। साथ ही भारत सरकार के गृह मंत्रालय से संपर्क करें। उन्होंने स्थिति को नियंत्रित करने में केंद्र सरकार से सहायता की मांग की, जो हाथ से बाहर होती जा रही है। मुर्शिदाबाद, दक्षिण और उत्तर 24 परगना, हुगली, मालदा, बीरभूम जिलों के कई पुलिस स्टेशनों के अंतर्गत आने वाले बड़े इलाकों में अनुच्छेद 355 लागू करना जरूरी हो गया है।
उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में स्थित रेलवे स्टेशनों पर हुई तोड़फोड़ की घटनाओं की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंपने की मांग की।
केंद्रीय मंत्री ने सीएम ममता को घेरा
मुर्शिदाबाद हिंसा को लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सीएम ममता बनर्जी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हिंदुओं को राज्य से भागने पर मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुस्लिमों के साथ ही हिंदुओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी ममता बनर्जी की है। मुर्शिदाबाद हिंसा से लगता है कि हिंदुओं को राज्य से भागने पर मजबूर किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: फिर विवादों में टीटीडी, गोशाला में तीन महीने में 100 गायों की मौत का दावा; ट्रस्ट ने किया खंडन
मुर्शिदाबाद हिंसा पर भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार अराजकता को रोकने में असमर्थ है या अनिच्छुक है। जिस तरह से राज्य में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को दबाया जा रहा है और वहां की सरकार कुछ नहीं कर रही है, यह चिंताजनक है। राज्य सरकार को हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ जल्द कार्रवाई करनी चाहिए। इससे मुख्यमंत्री के कामकाज पर सवाल उठता है। क्या राज्य सरकार चुपचाप देखकर ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है?
संबंधित वीडियो
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.