Big News: एचआईवी की दवा पर केंद्र को नोटिस, अब दो दिन में निकाल सकेंगे पेंशन का पैसा, पढ़ें अहम खबरें
एचआईवी पॉजिटिव मरीजों के उपचार में इस्तेमाल होने वाली एंटीरेट्रोवायरल दवाओं की कमी को लेकर सर्वोच्च अदालत ने केंद्र सरकार, राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन व अन्य को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने दो सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने को कहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सुप्रीम कोर्ट ने एचआईवी पॉजिटिव मरीजों के लिए इलाज में इस्तेमाल होने वाली एंटीरेट्रोवाइरल (एआरटी) दवा की कमी के बारे में एक एनजीओ की याचिका पर मंगलवार को केंद्र सरकार व अन्य को नोटिस जारी किया है। जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ और जस्टिस हिमा कोहली की पीठ ने स्वास्थ्य मंत्रालय, राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन व अन्य को नोटिस जारी कर दो हफ्ते में जवाब मांगा है।
श्रीलंकाई नौसेना ने आठ भारतीय मछुआरों को पकड़ा
श्रीलंकाई नौसेना ने आठ भारतीय मछुआरों को उनके समुद्री सीमा क्षेत्र में दाखिल होने के आरोप में पकड़ लिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
मत्स्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, ये मछुआरे तमिलनाडु के पुडुकोट्टई के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार देर रात मुल्लैथिवु एवं नेदुनथिवु के बीच अपने (श्रीलंका के) समुद्री क्षेत्र में मछली पकड़ने के आरोप में मथुआरों को पकड़ लिया गया और एक नौका भी जब्त की गई है।
भारतीय जनता पार्टी की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष ने विदेश मंत्री एस जयशंकर को इस बारे में पत्र लिखा है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के अन्नामलाई ने जयशंकर को पत्र लिखकर उनसे इन मछुआरों की शीघ्र स्वदेश वापसी में सहयोग की मांग की। उन्होंने उनसे श्रीलंका की नौसेना द्वारा पकड़ी गई नौकाएं हासिल करने में सहयोग करने का अनुरोध भी किया।
एयर रेस में भाग लेते वक्त मारे गए पायलट की हुई पहचान
रेनो एयर रेस प्रतिस्पर्धा में भाग लेने के दौरान मारे गए पायलट की अधिकारियों ने पहचान कर ली है। अधिकारियों ने कहा कि उसका परिवार दुर्घटना का साक्षी था। दरअसल, एल-29 पायलट एरॉन होग की रविवार को स्पर्धा के एक राउंड में दुर्घटना के दौरान मृत्यु हो गई थी। स्पर्धा के एक वीडियो में 61 वर्षीय होग दुर्घटना से पहले विमान में किसी गड़बड़ी से जूझते नजर आ रहे हैं। इसके बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर जमीन पर आ गिरा और आग लग गई।
युगांडा में इबोला वायरस से मौत के एक मामले की पुष्टि
युगांडा के स्वास्थ्य अधिकारियों ने मंगलवार को पुष्टि की कि मध्य युगांडा के मुबेंडे जिले में एक दिन पहले मरे 24 वर्षीय युवक की जांच में पुष्टि हुई है कि वह इबोला का कारण बनने वाले वायरस से पीड़ित था। यह अब भी पता नहीं चला है कि वह इबोला से पीड़ित कैसे हुआ।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि संक्रमण के संभावित स्रोत के संबंध में सूचनाएं जुटाने के लिए हम बैठकें कर रहे हैं। इसी इलाके में छह अन्य इबोला संदिग्धों का पता चला है। इससे पहले सितंबर में ही तीन बच्चों की मौत हो गई थी। स्थानीय अधिकारियों ने इसका कारण अनजान बीमारी बताया था। इबोला से जान गंवाने वाले व्यक्ति का मलेरिया और निमोनिया जैसी अन्य बीमारियों के लिए गृह जिले में ही इलाज चल रहा था।
इस बीच, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने अलग वक्तव्य में बताया कि पूर्वी अफ्रीका के 4.5 करोड़ जनसंख्या वाले युगांडा में इबोला के आठ संदिग्ध मरीजों का इलाज चल रहा है। डब्ल्यूएचओ के अफ्रीका क्षेत्र निदेशक डॉ. मत्सीदिसो मोइती का कहना है कि युगांडा इबोला पर नियंत्रण में दक्ष है। वायरस की जल्द पहचान और इसे फैलने से रोकने के कदम उठाए जा रहे हैं।
भारत व अमेरिका में भू-रणनीतिक साझेदारी को काफी लाभ : चाबोट
अमेरिकी सांसद स्टीव चाबोट ने कहा कि भारत और अमेरिका को बढ़ती भू-रणनीतिक साझेदारी से काफी लाभ हुआ है। ‘हाउस इंडिया कॉकस’ के सह-अध्यक्ष चाबोट ने भारतीय सीईओ के प्रतिनिधिमंडल के लिए भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्वारा आयोजित एक समारोह में यह बात कही।
उन्होंने कहा, विश्व के इन दो सबसे बड़े लोकतंत्रों के बीच कायम संबंध को भविष्य में भी बनाए रखें। चाबोट ने कहा, पिछले कुछ वर्षों में भारत-अमेरिकी संबंध रक्षा क्षेत्र से लेकर भारतवंशी प्रवासियों के संपर्कों तक तेजी से मजबूत हुए हैं। ये संबंध बहुआयामी साझेदारी के रूप में बढ़े हैं। द्विपक्षीय संबंधों को अब और अधिक मजबूत होना है। इस दौरान भारतीय राजदूत तरनजीत सिंह संधू ने कहा, यहां मौजूद सीईओ भारत की सफलता की गाथा के साक्षी हैं। सीआईआई के महानिदेशक चंद्रजीत बनर्जी ने कहा कि भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल एक साथ काम करने के रास्ते तलाशने के लिए यहां पहुंचा है।
काठमांडू में बदमाशों ने बाइक से पीछा कर कारोबारी को मार डाला
नेपाल की राजधानी के बाहरी गोथातार क्षेत्र में सोमवार देर शाम दो बदमाशों ने कार से पीछा कर कारोबारी लाल मोहम्मद (55) की तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी। वह खुद हत्या के आरोप में 10 साल से ज्यादा समय जेल में था और नकली भारतीय मुद्रा का धंधा करता था।
पुलिस ने बताया कि सरलाही में हरिवन नगर पालिका-2 क्षेत्र में रहने वाले लाल मोहम्मद के सिर में दो और जांघ में एक गोलियां मारी गईं। घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई है। महाराजगंज के त्रिभुवन यूनिवर्सिटी मेडिकल कॉलेज स्थित अस्पताल ले जाने पर उसने दम तोड़ दिया।
काठमांडू जिला पुलिस रेंज के एसपी दिनेशराज मैनाली ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में बदमाश पीछा कर लाल मोहम्मद पर निशाना लगाते दिख रहे हैं। घटना देख लाल मोहम्मद की बेटी पहली मंजिल से कूद गई। घटनास्थल से एक अज्ञात व्यक्ति फरार है।
ऊर्जा आपूर्ति की राशनिंग पर विचार नहीं : लिज ट्रस
ब्रिटेन की प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने कहा कि उनकी सरकार ऊर्जा आपूर्ति की राशनिंग पर विचार नहीं कर रही है। स्काई न्यूज के मुताबिक, उन्होंने साथ ही जोड़ा कि सस्ती ऊर्जा के लिए हम अपनी सुरक्षा खतरे में नहीं डाल सकते। संयुक्त राष्ट्र महासभा में विश्व के अन्य नेताओं से मुलाकात के लिए ट्रस इन दिनों न्यूयॉर्क में हैं।
अफगानिस्तान : घर-तलाशी अभियान के बाद परवान-कंधार प्रांतों से पलायन
अफगानिस्तान के मध्य और दक्षिण में स्थित परवान व कंधार प्रांतों में अवैध हथियारों की तलाश में तालिबान के घर-घर तलाशी अभियान से स्थानीय लोगों में भय है। उन्होंने बड़ी संख्या में पलायन शुरू कर दिया है।
तालिबान का घर-घर तलाशी अभियान लगातार चल रहा है। खामा प्रेस ने बताया कि परवान के सालंग जिले के कोलामी गांव के लोग सामूहिक पलायन की योजना बना रहे हैं। पिछले साल 15 अगस्त को अमेरिकी फौजों की वापसी के बाद तालिबान ने सत्ता पर कब्जा कर लिया था। इसके बाद से वह देश के अलग-अलग हिस्सों में घर-घर तलाशी अभियान चला रहा है।
कंधार के पुलिस मुखिया ने कहा कि तालिबान अकेले अभियान नहीं चलाते, बल्कि उनके साथ पड़ोस के बुजुर्ग और धार्मिक विद्वान भी होते हैं। तालिबानी अधिकारियों ने दावा किया कि तलाशी अभियान का मकसद अवैध और सरकारी आग्नेयात्रों की तलाश है। इससे पहले अगस्त में भी तालिबानी सुरक्षा बलों ने शहरों और कुछ जिलों में घर-घर छापे मारे थे।
कोच्चि में भारतीय तटरक्ष बल के बेड़े में शामिल हुआ समर्थ
भारतीय तटरक्षक बल ने मंगलवार को 105 मीटर लंबे पोत समर्थ को अपने बेड़े में शामिल कर लिया। इससे तटीय सुरक्षा प्रणाली को मजबूती मिलेगी। समर्थ अधिकतम 23 नॉट्स (करीब 43 किलोमीटर प्रति घंटे) की रफ्तार हासिल कर सकता है। तटरक्षक बल ने कहा कि कोच्चि में नया जहाज निश्चित ही समुद्र में भारतीय तटरक्षक बल की परिचालन क्षमताओं को सुधारेगा। समर्थ को गोवा से कोच्चि लाया गया है। यह पोत एकीकृत पुल प्रबंधन प्रणाली और कई अन्य सुविधाओं से लैस है। यह एक हेलिकॉप्टर और चार उच्च गति वाली नावों को भी ढो सकता है।
अब दो कामकाजी दिन में निकाल सकते हैं एनपीएस की रकम
नेशनल पेंशन सिस्टम (एनपीएस) से अब दो कामकाजी दिन में इसके सदस्य रकम निकाल सकते हैं। पेंशन फंड नियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडईए) ने यह जानकारी दी है। मंगलवार को जारी बयान में कहा कि इसके सदस्य जब रकम निकासी के लिए आवेदन करेंगे तो इसे दो दिन में पूरा करना होगा। अभी तक यह चार दिन में पूरा होता था।
हालांकि, इसके लिए सुबह 11 बजे से पहले आवेदन करना होगा। इससे पहले इरडाई ने एनपीएस निवेशकों के लिए परिपक्वता वाली एन्यूटी में अलग से प्रस्ताव फॉर्म को जमा करने में छूट दे दी थी। इसने कहा था कि खरीदने के समय जो प्रस्ताव दिया गया होगा, उसी को निकासी के लिए भी मान्य किया जाएगा।
सिंगापुर : भारतीय कला की प्रदर्शनी आयोजित, 85 कलाकारों ने हिस्सा लिया
भारत की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के मौके पर भारतीय कला शैलियों के विकास को प्रदर्शित करने के लिए सिंगापुर में एक प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें भारत के विभिन्न हिस्सों के 85 कलाकारों ने हिस्सा लिया और 170 से अधिक कलाकृतियां रखी गईं।
सिंगापुर के परिवहन मंत्री और व्यापार संबंधों के प्रभारी मंत्री एस. ईश्वरन तथा भारतीय उच्चायुक्त पी. कुमारन ने इस चार दिनी प्रदर्शनी का उद्घाटन हाल ही में किया था। इसके समापन पर आयोजक कविता राहा ने बताया, यह कुछ महत्वपूर्ण कहानियों को बताने, कलाकारों की यात्रा और अनुभवों का जश्न मनाने तथा संपूर्ण भारत में कला शैलियों के बदलते विकास की खोज करने का उत्सव था। प्रदर्शनी में बंगाल स्कूल ऑफ आर्ट, बॉम्बे प्रोग्रेसिव आर्टिस्ट ग्रुप और मद्रास आर्ट्स मूवमेंट जैसे संस्थानों के अलावा आदिवासी और लोक कला के गोंड और पिचवाई कलाकार शामिल रहे।
पुरानी कारों पर ग्राहकों का भरोसा 23 अरब डॉलर का हुआ बाजार
कार के शौकीन पुरानी कारों पर भरोसा जता रहे हैं। देश में पुरानी कारों का बाजार वित्त वर्ष 2021-22 में 23 अरब डॉलर का रहा है, जो 2026-27 तक 19.5% सालाना की दर से बढ़ सकता है।
एक रिपोर्ट के अनुसार, देश में पुरानी कारों का बाजार वर्तमान में असंगठित है और इसका ज्यादातर लेन-देन सड़क के किनारे गैरेज, छोटे एजेंटों और कार मालिकों के बीच होता है। हालांकि, अब संगठित तरीके से कंपनियां भी इसमें उतर रही हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि अगले पांच साल में पुरानी कारों के बाजार के इस विकास में मध्यम और युवा आबादी का योगदान ज्यादा होगा।
ग्राहक पुरानी कारों को इसलिए खरीद रहे हैं क्योंकि निजी उपयोग और कारोबार बढ़ाने के लिए गाड़ी की जरूरत है। ये कारें बजट में आ जाती हैं। बड़ी कंपनियां प्रमाणित, उच्च क्वालिटी और वारंटी के साथ कारों की बिक्री कर रही हैं। साथ ही विश्वास और पारदर्शिता भी रहती है।
अदाणी ने अंबुजा-एसीसी सीमेंट के एक लाख करोड़ रुपये के शेयर गिरवी रखे
एसीसी व अंबुजा सीमेंट खरीदने की घोषणा करने के दो दिन बाद ही गौतम अदाणी ने इसके एक लाख करोड़ के शेयर गिरवी रख दिए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, अदाणी कारोबार विस्तार पर भारी निवेश करना चाहते हैं जिसके लिए यह फैसला किया है।
इन दोनों कंपनियों में एसीसी का 57 फीसदी व अंबुजा का 63% शेयर गिरवी रखा गया है। समूह पर 2 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज है। समूह ने अपनी सभी 9 सूचीबद्ध कंपनियों के शेयरों को गिरवी रखा है।
पुनर्वास के बाद ब्रू जनजाति की स्थिति की शाह ने की समीक्षा
गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को दिल्ली में त्रिपुरा के सीएम माणिक साहा के साथ ब्रू समझौते के कार्यान्वयन की समीक्षा की।
जनवरी 2020 में समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद से त्रिपुरा के मिजोरम से विस्थापित हुए ब्रू समुदाय के पुनर्वास में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। यह समझौता प्रत्येक परिवार के पुनर्वास के लिए एक व्यापक पैकेज प्रदान करता है।
त्रिपुरा में पुनर्वासित परिवारों की संख्या 6,959 हैं जिनकी कुल जनसंख्या 37,136 है। अब तक 3696 परिवारों का पुनर्वास किया जा चुका है और शेष का पुनर्वास किया जा रहा है। पुनर्वासित परिवारों के लिए मतदाता सूची में नामों का पीआरटीसी, एसटी प्रमाण पत्र, आधार कार्ड शामिल करने जैसे विभिन्न प्रमाण पत्र जारी किए जा रहे हैं।
कुर्मी आंदोलन से रेलवे ट्रैक हुआ जाम, सेवाएं प्रभावित
अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने और कुर्माली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर कुर्मी समुदाय के लोगों ने मंगलवार को झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में रेलवे ट्रैक जाम कर दिए। इससे सेवाएं प्रभावित हो गईं।
आंदोलनकारियों ने विभिन्न स्थानों पर रेलवे ट्रैक पर बैठ कर प्रदर्शन किया। इस कारण कई ट्रेनों को रद्द, अस्थायी निलंबन और डायवर्जन करना पड़ा। आद्रा मंडल के कस्तौर और निमडीह स्टेशनों, खड़गपुर मंडल के खेमासुली और भंजपुर स्टेशनों और चक्रधरपुर मंडल के अनलाजोरी स्टेशन पर पटरियों पर जाम के कारण दक्षिण पूर्व रेलवे (एसईआर) की ट्रेन सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित हुईं। एसईआर ने 18 ट्रेनों को रद्द कर दिया है, 13 को डायवर्ट कर दिया है।
भारत ने ऋण पुनर्गठन के लिए श्रीलंका से शुरू की बातचीत
भारत ने मंगलवार को कहा कि उसने ऋण पुनर्गठन के लिए श्रीलंका से वार्ता शुरू कर दी है। साथ ही, भारत ने वादा किया कि वह करीब चार अरब अमेरिकी डॉलर की वित्तीय सहायता मुहैया कराने के बाद इस संकटग्रस्त पड़ोसी की मदद मुख्य रूप से दीर्घकालिक निवेशों के जरिए जारी रखेगा। पर्यटन आधारित अर्थव्यस्था पर निर्भर इस दक्षिण एशियाई देश की 2.2 करोड़ आबादी पिछले सात दशकों के सबसे बुरे आर्थिक संकट का सामना कर रही है।
इस महीने की शुरुआत में श्रीलंका ने 2.9 अरब डालर के कर्ज के लिए अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से प्रारंभिक करार पर हस्ताक्षर किया था। कोलंबो में भारतीय उच्चायोग ने कहा कि 16 सितंबर को उसने श्रीलंकाई अधिकारियों के साथ पहले दौर की ऋण वार्ता की। श्रीलंका शुक्रवार को अपने अंतरराष्ट्रीय लेनदारों के समक्ष प्रजेंटेशन देकर अपने आर्थिक संकट और ऋण पुनर्गठन की जानकारी देगा।
स्थानीय मीडिया में इस तरह की रिपोर्ट आने के बाद किश्रीलंका को 4 अरब डॉलर की मदद के बाद अब उसे ताजा वित्तीय मदद की भारत की कोई योजना नहीं है, भारतीय उच्चायोग ने कहा कि हम हरसंभव तरीके से श्रीलंका को समर्थन जारी रखेंगे।
देश खाद्य जरूरतों को पूरा करने सहित दुनिया की मदद में भी सक्षम : तोमर
भारत खाद्य उत्पादन में आत्मनिर्भर होने के साथ-साथ दुनिया के एक बड़े हिस्से की खाद्य जरूरतों को पूरा करने की भी क्षमता रखता है। भविष्य की चुनौतियों के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कृषि के बुनियादी ढांचे पर बड़े पैमाने पर निवेश किया जा रहा है। छोटे और मझोले किसानों की आय बढ़ाने के लिए खेती में आधुनिक तकनीक का समावेश किया जा रहा है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने मंगलवार को वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ द्वारा आयोजित लीडर्स 2022 कांफ्रेंस में ये बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि खाद्यान्न उत्पादन बढ़ाने के लिए किसान उत्पादकता बढ़ाएं। उन्नत सिंचाई व्यवस्था के साथ कृषि लागत भी कम की जा रही है। तोमर ने कहा कि कृषि क्षेत्र में भारत को पहले नंबर पर लाने का लक्ष्य है।