Bengal: टीएमसी नेता पुलिस हिरासत में, संदेशखाली में कक्षा आठ की छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप
बंगाल पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि लड़की की मां ने शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें लिखा है कि शुक्रवार रात 20 वर्षीय आरोपी टीएमसी नेता गांव में उसके घर में घुस आया। बेटी कक्षा 8 की छात्रा है। टीएमसी नेता ने उसके साथ छेड़छाड़ की। इस बीच बेटी मौका देख भागने में सफल रही और मदद के लिए चिल्लाई।
विस्तार
पश्चिम बंगाल पुलिस ने एक टीएमसी नेता को छात्रा से छेड़छाड़ करने के आरोप में हिरासत में लिया है। आरोप है कि नेता ने किशोरी के घर में घुसकर जबरदस्ती करने की कोशिश की, लेकिन किशोरी मौका देख वहां से भागने में कामयाब रही। वहीं, आरोपी नेता के पिता का कहना है कि उसके बेटे को फंसाया जा रहा है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, लड़की की मां ने शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें लिखा है कि शुक्रवार रात 20 वर्षीय आरोपी टीएमसी नेता गांव में उसके घर में घुस आया। बेटी कक्षा 8 की छात्रा है। टीएमसी नेता ने उसके साथ छेड़छाड़ की। इस बीच बेटी मौका देख भागने में सफल रही और मदद के लिए चिल्लाई। लड़की की आवाज सुनकर परिवार के लोग और पड़ोसी बाहर निकल आए। हालांकि, लोगों के आने से पहले ही आरोपी टीएमसी नेता भागने में सफल रहा।
आरोप: भाजपा में शामिल होने का बना रहे दबाव
वहीं, आरोपी के पिता का कहना है कि लड़की पक्ष भाजपा से जुड़ा है। जबकि, हम टीएमसी के कार्यकर्ता हैं। लड़की पक्ष की तरफ से हम पर भाजपा में शामिल होने का दबाव बनाया गया। जब, हमने उनके आदेश को नकार दिया तो उन्होंने घटिया चाल चली। यही वजह है कि मेरे बेटे को फंसाया जा रहा है।
बशीरहाट पुलिस जिले के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। लड़की का मेडिकल परीक्षण कराया है। रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
कोलकाता से 100 किमी दूर संदेशखाली
बता दें कि कोलकाता से लगभग 100 किलोमीटर दूर, सुंदरबन की सीमा पर स्थित संदेशखाली इलाके के टीएमसी नेताओं पर यौन शोषण और जमीन हड़पने के आरोप लगे हैं। इस मामले में टीएमसी नेता शाजहान शेख की गिरफ्तारी के बाद से ही विरोध प्रदर्शनों के साथ संदेशखाली उबल रहा है।