एस जयशंकर: डेनमार्क के विदेश मंत्री से की मुलाकात, ग्रीन एनर्जी से लेकर स्वास्थ्य तक सहयोग बढ़ाने पर हुई चर्चा
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोक्के रासमुसेन से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंध मजबूत करने पर चर्चा की। दोनों देशों ने ग्रीन एनर्जी, रक्षा, तकनीक, व्यापार और निवेश में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही 2026-2031 के लिए नई संयुक्त कार्ययोजना बनाने की तैयारी जताई।
विस्तार
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोक्के रासमुसेन से मुलाकात की। देशों के बीच सहयोग बढ़ाने और संबंधों को नई ऊंचाई देने पर चर्चा हुई। बैठक में जयशंकर ने ग्रीन स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप (जीएसपी) को दोनों देशों के रिश्तों की खास पहचान बताया। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी डेनमार्क की विशेषज्ञता और भारत की विकास संबंधी जरूरतों को एक साथ जोड़ती है।
ग्रीन स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप पर क्या बोले जयशंकर?
जयशंकर ने कहा कि दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों की मुलाकात मई में तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी। अब इस बैठक के जरिए उस दौरान हुई चर्चाओं और द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा करने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के एजेंडे में ग्रीन स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप सबसे अहम है। इसके तहत जल प्रबंधन, नवीकरणीय ऊर्जा, बिजली और ग्रीन शिपिंग जैसे क्षेत्रों में सहयोग किया जा रहा है। इसके अलावा स्वास्थ्य, खाद्य प्रसंस्करण, कृषि, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भी दोनों देश मिलकर काम कर रहे हैं। इससे भारत और डेनमार्क की साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है।
विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में डेनमार्क की अहम भूमिका
विदेश मंत्री ने कहा कि डेनमार्क के विदेश मंत्री को बंगलूरू यात्रा के दौरान भारत की उन कंपनियों को देखने का मौका मिला, जो अत्याधुनिक तकनीक, रक्षा और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में काम कर रही हैं।जयशंकर ने कहा कि भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इस सफर में डेनमार्क को एक महत्वपूर्ण साझेदार मानता है। दोनों देश भारत के कई राष्ट्रीय मिशनों में मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने भारत में डेनिश कंपनियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश की गतिविधियों को और बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
किन मुद्दे पर हुई चर्चा
जयशंकर ने कहा कि दोनों सरकारें व्यापार को आसान बनाने और कंपनियों के सामने आने वाली चुनौतियों को दूर करने में अहम भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने रक्षा और सुरक्षा, उभरती तकनीकों, अंतरिक्ष, शिक्षा, कौशल विकास और लोगों की आवाजाही जैसे क्षेत्रों में सहयोग की नई संभावनाओं पर चर्चा करने की इच्छा जताई। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच कई संयुक्त कार्य समूह (जॉइंट वर्किंग ग्रुप) बनाए गए हैं। इनमें से कई की बैठकें हो चुकी हैं, जबकि बाकी समूहों को भी जल्द बैठक करनी चाहिए। भारत और डेनमार्क 2026 से 2031 के लिए नई संयुक्त कार्य योजना तैयार करने की उम्मीद कर रहे हैं।
भारत-यूरोपीय संघ संबंधों में डेनमार्क का सहयोग अहम
जयशंकर ने कहा कि भारत और डेनमार्क की साझेदारी यूरोपीय संघ के साथ भारत के बढ़ते संबंधों के व्यापक संदर्भ में भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को पूरा करने की दिशा में डेनमार्क के समर्थन की सराहना की। अंत में उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक हालात जटिल और अनिश्चित हैं। ऐसे समय में दोनों देशों के बीच होने वाली बातचीत में भू-राजनीतिक और रणनीतिक मुद्दे भी महत्वपूर्ण रहेंगे।
