Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Women Reservation and Delimitation Bill 15-Year Quota, Rotational Seats and No Change in States Representation

सरकार की तैयारी: परिसीमन विधेयक से नहीं घटेगा राज्यों का हिस्सा, महिला आरक्षण के लिए तय हुआ कोटे का फॉर्मूला

Sat, 28 Nov 2026 01:26 PM IST
शिवम गर्ग न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: शिवम गर्ग Updated Sat, 28 Nov 2026 01:26 PM IST
सार

केंद्र सरकार लोकसभा और विधानसभाओं की सीटें 50 फीसदी बढ़ाने के साथ महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण देने की तैयारी में है। प्रस्ताव लागू हुआ तो लोकसभा में करीब 815 सीटें होंगी। लेकिन परिसीमन से राज्यों का प्रतिनिधित्व कैसे बचेगा और महिलाओं को आरक्षण कब मिलेगा? आइए जानते है...

विज्ञापन
Women Reservation and Delimitation Bill 15-Year Quota, Rotational Seats and No Change in States Representation
परिसीमन और महिला आरक्षण  - फोटो : Amar Ujala Graphics

विस्तार

देश की राजनीति में आने वाले समय में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। केंद्र सरकार लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभाओं में मौजूदा सीटों की संख्या 50 फीसदी तक बढ़ाने की तैयारी कर रही है। इसके साथ ही महिलाओं के लिए एक तिहाई सीटें आरक्षित करने का प्रस्ताव है। केंद्रीय कैबिनेट ने शुक्रवार को इससे जुड़े तीन विधेयकों को मंजूरी दी है। इनमें संविधान का 132वां संशोधन विधेयक, परिसीमन विधेयक और केंद्र शासित प्रदेशों से संबंधित विधेयक शामिल हैं।

विज्ञापन


सरकार की इस पहल का सीधा असर संसद और विधानसभाओं की संरचना पर पड़ेगा। लोकसभा में अभी 543 सीटें हैं। प्रस्तावित 50 फीसदी बढ़ोतरी के बाद इनकी संख्या करीब 815 हो सकती है। वहीं, महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में एक तिहाई प्रतिनिधित्व देने का रास्ता भी खुल सकता है।
विज्ञापन


लेकिन परिसीमन आखिर क्या है? सीटें बढ़ने से राज्यों का प्रतिनिधित्व बदलेगा या नहीं? महिला आरक्षण कब से लागू होगा और इसकी अवधि कितनी होगी? आइए, आसान भाषा में समझते हैं सरकार के प्रस्ताव से जुड़े हर बड़े सवाल का जवाब...
विज्ञापन
विज्ञापन

 

Trending Videos

सबसे पहले समझिए, सरकार के तीनों विधेयक क्या हैं?
केंद्र सरकार ने इस बदलाव के लिए तीन विधेयकों को मंजूरी दी है।
  • 132वां संविधान संशोधन विधेयक: इसके जरिए महिला आरक्षण लागू करने की व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। 2023 के नारी शक्ति वंदन अधिनियम में आरक्षण को अगली जनगणना और उसके बाद होने वाले परिसीमन से जोड़ा गया था। नए प्रस्ताव के तहत इसे इस संशोधन के बाद होने वाले पहले परिसीमन से लागू करने की तैयारी है।
  • परिसीमन विधेयक: इसका उद्देश्य लोकसभा और विधानसभाओं की सीटों की संख्या में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी और निर्वाचन क्षेत्रों का नए सिरे से निर्धारण करना है।
  • केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़ा विधेयक: इसके तहत केंद्र शासित प्रदेशों में प्रतिनिधित्व और चुनाव से संबंधित व्यवस्थाओं में बदलाव का प्रस्ताव है।
लोकसभा में 543 की जगह 815 सीटें कैसे होंगी?
फिलहाल लोकसभा में 543 निर्वाचित सीटें हैं। सरकार के प्रस्ताव के मुताबिक, इनकी संख्या में 50 फीसदी की बढ़ोतरी की जाएगी।

इसे ऐसे समझिए:
  • मौजूदा लोकसभा सीटें: 543
  • प्रस्तावित बढ़ोतरी: 50 फीसदी
  • बढ़ोतरी के बाद कुल सीटें: करीब 815
यानी संसद में मौजूदा संख्या के मुकाबले लगभग 272 सीटें बढ़ सकती हैं। इसका मतलब है कि लोकसभा में सांसदों की संख्या बढ़ेगी और संसद में प्रतिनिधित्व के लिए ज्यादा सीटें उपलब्ध होंगी।

Women Reservation and Delimitation Bill 15-Year Quota, Rotational Seats and No Change in States Representation
महिला आरक्षण - फोटो : Amar Ujala Graphics
महिलाओं को कैसे मिलेगा एक तिहाई आरक्षण?
महिला आरक्षण के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की एक तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। इसमें अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित सीटों में से भी एक तिहाई सीटें संबंधित वर्ग की महिलाओं के लिए होंगी।

इसे आसान भाषा में समझें:
  • लोकसभा की कुल सीटों में एक तिहाई महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी।
  • राज्य विधानसभाओं में भी यही व्यवस्था लागू होगी।
  • एससी और एसटी वर्ग की महिलाओं को भी आरक्षण का लाभ मिलेगा।
  • आरक्षित सीटें रोटेशन यानी बारी-बारी से बदली जा सकेंगी।
  • सीटों के रोटेशन का तरीका संसद तय करेगी।
अगर लोकसभा में कुल 815 सीटें होती हैं, तो उनमें करीब 272 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं।

महिला आरक्षण कितने साल तक रहेगा?
प्रस्ताव के मुताबिक, महिलाओं के लिए आरक्षण की अवधि 15 साल होगी। हालांकि, इसे आगे जारी रखने का फैसला संसद करेगी। आरक्षित सीटों का निर्धारण रोटेशन के आधार पर होगा। इसका मतलब है कि हर चुनाव में या तय प्रक्रिया के अनुसार आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों में बदलाव किया जा सकता है। इससे अलग-अलग क्षेत्रों की महिलाओं को चुनाव लड़ने का अवसर मिल सकेगा।



अभी लोकसभा में कितनी महिलाएं सांसद हैं?
वर्तमान लोकसभा में महिलाओं की भागीदारी अभी भी सीमित है। दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, 543 सदस्यों में 74 महिलाएं सांसद हैं। यह कुल सदस्यों का करीब 13.63 फीसदी है। लोकसभा चुनाव में कुल 797 महिलाओं ने चुनाव लड़ा था। इनमें से 74 उम्मीदवार सफल हुई थीं।

पार्टीवार दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा से 30 और कांग्रेस से 13 महिलाएं सांसद चुनी गईं। तृणमूल कांग्रेस से 11 और समाजवादी पार्टी से 4 महिला उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। महिला आरक्षण लागू होने के बाद संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने की उम्मीद है।

Women Reservation and Delimitation Bill 15-Year Quota, Rotational Seats and No Change in States Representation
परिसीमन - फोटो : Amar Ujala Graphics
क्या सीटें बढ़ने से राज्यों का प्रतिनिधित्व बदल जाएगा?
यह इस प्रस्ताव का सबसे अहम पहलू है। आमतौर पर परिसीमन में आबादी के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण किया जाता है। ऐसे में ज्यादा आबादी वाले राज्यों की सीटें बढ़ने और कम आबादी वाले राज्यों का प्रतिनिधित्व घटने की आशंका जताई जाती रही है। लेकिन सरकार के प्रस्ताव में राज्यों की कुल हिस्सेदारी को मौजूदा अनुपात के करीब बनाए रखने की बात कही गई है।
 

राज्य

वर्तमान सीटें

वर्तमान हिस्सेदारी

बढ़ने के बाद सीटें

नई हिस्सेदारी

उत्तर प्रदेश

80

14.73%

120

14.72%

उत्तराखंड

5

0.92%

8

0.98%

पंजाब

13

2.39%

20

2.45%

हरियाणा

10

1.84%

15

1.84%

जम्मू-कश्मीर

5

0.92%

8

0.98%

दिल्ली

7

1.28%

11

1.34%

तमिलनाडु

39

7.18%

59

7.20%

कर्नाटक

28

5.15%

42

5.15%

(प्रतिनिधित्व की गणना 815 लोकसभा सीटों के आधार पर की गई है।)

इन आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की लोकसभा सीटें 80 से बढ़कर 120 हो सकती हैं। वहीं तमिलनाडु की सीटें 39 से बढ़कर 59 होने का प्रस्ताव है। सरकार की ओर से दिए गए आंकड़ों में इन राज्यों की कुल लोकसभा हिस्सेदारी लगभग पहले जैसी रहने का अनुमान है। यानी सीटें बढ़ेंगी, लेकिन राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का अनुपात बड़े स्तर पर नहीं बदलेगा।

जम्मू-कश्मीर को लेकर क्या बदलाव होगा?
प्रस्ताव में राष्ट्रपति चुनाव से जुड़ी व्यवस्था में भी बदलाव शामिल है। दिल्ली और पुडुचेरी की तरह केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर को भी राष्ट्रपति चुनाव के लिए राज्य की परिभाषा में शामिल करने की बात कही गई है। इसके अलावा राष्ट्रपति चुनाव में विधायकों के वोट का मूल्य 2051 तक 1971 की जनगणना के आधार पर तय करने का प्रस्ताव है।

क्या आयोग के फैसले को अदालत में चुनौती दे सकेंगे?
प्रस्तावित विधेयक के मुताबिक, आयोग के अंतिम आदेश राजपत्र में प्रकाशित होने के बाद कानून का रूप ले लेंगे। इन आदेशों को किसी अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकेगी। हालांकि, अंतिम आदेश से पहले आयोग को अपने प्रस्ताव प्रकाशित करने होंगे। हर राज्य में जनसुनवाई भी कराई जाएगी, ताकि संबंधित पक्ष अपनी आपत्तियां और सुझाव रख सकें।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed