बाढ़ और लू से निपटने की तैयारियों की समीक्षा: अमित शाह बोले- हर राज्य में प्रबंधन टीमें बनाएं, न हो कोई नुकसान
MHA Review: लू और बाढ़ से निपटने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक उच्चस्तरीय बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमें शून्य हताहत आपदा प्रबंधन के दृष्टिकोण को अमल में लाने पर काम करना होगा।
विस्तार
यह भी पढ़ें- जनता पर महंगाई की मार: जेब पर भारी पड़ेगा एफएमसीजी संकट, साबुन-बिस्कुट और राशन के दाम बढ़ने के आसार
उन्होंने कहा कि हर राज्य में बाढ़ संकट प्रबंधन टीमों (एफसीएमटी) का गठन कर इन्हें सक्रिय करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आपदाओं को लेकर जारी एनडीएमए के दिशानिर्देशों के जरिये बेहतर जागरूकता और समग्र दृष्टिकोण विकसित हुआ है लेकिन राज्य, जिला और नगरपालिका स्तर पर इन दिशानिर्देशों के पालन की समीक्षा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एनडीएमए को अध्ययन करना चाहिए कि जंगलों में लगने वाली आग, लू और बाढ़ से निपटने के लिए गृह मंत्रालय के निर्देशों तथा एनडीएमए के दिशानिर्देशों का कितने राज्य पालन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमें शून्य हताहत आपदा प्रबंधन के दृष्टिकोण को अमल में लाने पर काम करना होगा।
जल संरक्षण की संभावनाएं तलाशें- गृह मंत्री
अमित शाह ने कहा कि जल संचय और चेक डैम परियोजनाओं के जरिये जल संरक्षण में सुधार की और अधिक संभावनाओं को तलाशा जाए। हमारा उद्देश्य लू से कृषि क्षेत्र को न्यूनतम नुकसान हो, साथ ही नदियों पर चेक डैम बना कर जल संरक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि सीएएमपीए फंड का इस्तेमाल पर्यावरण संतुलन के लिए किए जा रहे प्रयासों को बहुआयामी बनाने के लिए किया जाना चाहिए।
आज बाढ़ प्रबंधन और हीट वेव से देशवासियों को सुरक्षित रखने के संबंध में समीक्षा बैठक की।
मोदी सरकार आपदाओं के पूर्वानुमान, समय पर चेतावनी और प्रभावी प्रबंधन से ‘Zero Casualty in Natural Disasters’ की दिशा में सार्थकता से प्रयास कर रही है।
हर राज्य में बाढ़ संकट प्रबंधन टीमों… pic.twitter.com/qROdwGyF7y— Amit Shah (@AmitShah) May 10, 2026
'पूर्वानुमानों और चेतावनियों का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए'
गृह मंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम के मिजाज में आ रहे बदलावों और उनसे उत्पन्न होने वाली आपदा संबंधी बढ़ती चुनौतियों से निपटने के लिए एक मास्टर प्लान तैयार किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अब नए-नए एप या पोर्टल बनाने के बजाय मौजूद एप और पोर्टल को समेकित कर बेहतर बनाने पर ध्यान दें। उन्होंने कहा की मौसम संबंधी पूर्वानुमानों और चेतावनियों का व्यापक और प्रभावी ढंग से प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें- Karnataka-Tamil Nadu Ties: सीएम सिद्धारमैया ने की CM विजय की तारीफ, बोले- फिल्मों से जनसेवा तक ऐतिहासिक सफर
योजनाएं धरातल पर उतारी जाएं- गृह मंत्री
अमित शाह ने कहा कि इस मौसम के दौरान होने वाली मौतों, पूर्वानुमानों की सटीकता और कृषि क्षेत्र को हुए नुकसान का अध्ययन कर आने वाले मानसून के आकलन को और बेहतर बनाने के प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने विभिन्न मंत्रालयों/विभागों के बीच के समन्वय की तारीफ की। कहा कि अब समय आ गया है कि मौसम संबंधी हमारी योजनाएं धरातल तक पहुंचें।