50% कालाधन वापस कर रही है सरकार, ये PAYTM यानि 'पे टू मोदी स्कीम' है: राहुल गांधी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वो इनकम टैक्स संशोधन बिल के जरिए कालाधन रखने वालों की मदद कर रही है। इसमें कहा गया है कि अघोषित धन का आधा पैसा उन्हें लौटा दिया जाएगा।
संसद के बाहर उन्होंने कहा कि कालाधन रखने वालों का आधा पैसा सरकार उन्हें वापस देना चाहती है। इसके साथ ही कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने एक टीवी चैनल से बातचीत करते हुए ये भी कहा कि आयकर संशोधन बिल पेटीएम स्कीम यानी 'पे टू मोदी' स्कीम है।
आपको बता दें कि मंगलवा को लोकसभा में इनकम टैक्स संशोधन विधेयक पास कर दिया गया। इनकम टैक्स विधेयक के दूसरे संशोधन के मुताबिक कालाधन रखने वालों को अघोषित रकम पर पचास प्रतिशत टैक्स देना होगा, जिसमें सरचार्ज और पेनल्टी शामिल है।
विपक्ष के सांसदों के लोकसभा में वॉकआउट के सवाल पर राहुल गांधी ने कहा "संसद के अंदर ऐसा चलन में है कि जब कोई मरता है तो हम उसे सम्मान देते हैं। ऐसा पहली बार हुआ है कि उन सैनिकों (नागरोटा हमले में शहीद) के लिए ऐसा नहीं किया गया। इसलिए विपक्ष ने वॉकआउट किया।"
कांग्रेस राष्ट्र की सुरक्षा के मुद्दे पर राजनीति कर रही है
राहुल ने आगे कहा कि विपक्ष द्वारा वॉकआउट इस वजह से किया गया क्योंकि हम जम्मू कश्मीर में आतंकी हमले में शहीद सैनिकों के लिए शोक संदेश की मांग कर रहे थे। उसे स्पीकर के द्वारा यह कहकर अस्वीकार कर दिया गया कि अभी पूरी जानकारी नहीं मिली है।
राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार करते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्री वैंकेया नायडू ने कहा कि 'यह दुखद है कि राष्ट्र की सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस राजनीति कर रही है'। उन्होंने कहा कि स्पीकर ने जानकारी दी थी कि नागरोटा में अभी कॉम्बिंग ऑपरेशन चल रहा है। ऑपरेशन पूरा होने पर सदन शहीदों को श्रद्धांजलि देगा।
कांग्रेस के बारे में पूछने पर नायडू ने कहा कि देश के लोग ऐसी छोटी राजनीति करने वालों से नफरत करते हैं। कांग्रेस ने प्रश्नकाल के दौरान वॉकआउट किया, और फिर वापस आ गई। कांग्रेस न ही चर्चा करना चाहती है और न ही ये चाहती है कि सदन में कार्यवाही ठीक से चले। ये नागरोटा के शहीदों का अपमान है।