अपने बयान से पलटे सिद्धू, बोले- राहुल के कहने से नहीं गया था पाकिस्तान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब सरकार में मंत्री और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू अपने उस बयान से पलट गए हैं जिसमें उन्होंने कहा था कि वह कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के कहने से पाकिस्तान गए थे। सिद्धू की इस बात से आलोचना होने पर उन्होंने इस मामले में ट्वीट कर सफाई दी। सिद्धू ने ट्वीट में लिखा, 'तथ्यों को तोड़ने-मरोड़ने से पहले उसे सही तरीके से समझें, राहुल गांधी ने मुझसे पाकिस्तान जाने के लिए कभी नहीं कहा। मैं वहां पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के व्यक्तिगत बुलावे पर गया था।'
Get your facts right before you distort them,
— Navjot Singh Sidhu (@sherryontopp) November 30, 2018
Rahul Gandhi Ji never asked me to go to Pakistan.
The whole world knows I went on Prime Minister Imran Khan’s personal invite.
पाकिस्तान जाने को लेकर सिद्धू के फैसले की आलोचना हुई थी। यहां तक कि पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी उन्हें जाने से रोका था। इसके बावजूद सिद्धू करतारपुर कॉरिडोर के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। इस पर सिद्धू ने कहा कि मुख्यमंत्री ने मुझे पाकिस्तान जाने से मना किया था, लेकिन 20 कांग्रेसी नेताओं और केंद्रीय नेतृत्व के कहने पर मैं वहां गया। अमरिंदर सिंह मेरे पिता समान हैं। मैं उन्हें पहले ही बता चुका था मैं पाकिस्तान जाऊंगा।
सिद्धू ने कहा कि राहुल गांधी सीएम साहब के भी कप्तान हैं। सिद्धू की यात्रा पर पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा था कि पाकिस्तान जाना उनकी अपनी मर्जी थी। उन्हें भी वहां जाने का न्योता मिला था, लेकिन अमृतसर में निरंकारी भवन पर आतंकी हमले का हवाला देते हुए उन्होंने पाकिस्तान जाने से इनकार कर दिया था।
तेलंगाना के सीएम को सिद्धू ने बताया गिरगिट
सिद्धू ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव पर हमला बोलते हुए उनकी तुलना गिरगिट से की। सिद्धू ने कहा कि उन्होंने जनता को धोखा दिया है। वह अपने 300 करोड़ के बंगले में रहते हैं, लेकिन सचिवालय नहीं जाते। उन्होंने सिर्फ अपने परिवार को लाभ पहुंचाया है। तेलंगाना में प्रचार के लिए सिद्धू ने नया नारा दिया। उन्होंने कहा, ‘हम राहुल गांधी के सिपाही हैं, मेरा नारा है कि बुरे दिन जाने वाले हैं और राहुल गांधी आने वाले हैं। लाल किला पर झंडा फहराने वाले हैं, कोई रोक सके तो रोक लो।’
‘लोग बयान पर यू टर्न ले रहे’
पाकिस्तान जाने पर मचे विवाद को लेकर सिद्धू ने कहा कि जब मैं पहली बार पाकिस्तान गया था और वहां से लौटकर करतारपुर कॉरिडोर की बात की थी तब लोगों ने मेरा मजाक बनाया था। अब वही लोग अपने बयान पर यूटर्न लेकर खुद को गलत ठहरा रहे हैं।