Rajnikath: रजनीकांत के बयान पर तमिलनाडु में सियासी भूचाल; DMK नेताओं ने घेरा, कहा- पुराने अभिनेता युवाओं को...
तमिलनाडु के मंत्री और डीएमके नेता दुरई मुरुगन ने कहा कि फिल्मों में भी कुछ पुराने अभिनेता ऐसे हैं जो युवा कलाकारों को आगे नहीं आने दे रहे हैं।
विस्तार
फिल्म अभिनेता रजनीकांत के बयान को लेकर तमिलनाडु में सियासी भूचाल आ गया है। DMK नेताओं ने रजनीकांत को घेरना शुरू कर दिया है। तमिलनाडु के मंत्री और डीएमके नेता दुरई मुरुगन ने रविवार को पुराने छात्र वाले बयान पर अभिनेता रजनीकांत पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि फिल्मों में भी कुछ पुराने अभिनेता ऐसे हैं जो युवा कलाकारों को आगे नहीं आने दे रहे हैं।
दरअसल शनिवार को तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम करुणानिधि पर एक पुस्तक विमोचन समारोह में अभिनेता रजनीकांत ने कहा था कि यह बेहद हैरान करने वाली बात है कि एक स्कूल में शिक्षक (एमके स्टालिन) को नए छात्रों को संभालने में कोई दिक्कत नहीं होती। जितनी समस्या पुराने छात्रों को संभालने में होती है। क्योंकि पुराने छात्र सामान्य नहीं हैं। वे तो रैंक धारक छात्र हैं और कक्षा (DMK) को नहीं छोड़ेंगे।
खासकर तब जब पार्टी में दुरई मुरुगन जैसे नेता हों। रजनीकांत ने कहा था कि दुरई मुरुगन से कुछ पूछो तो वह अच्छा कहेंगे, लेकिन हम भ्रमित हो जाते हैं कि वह खुशी से बोल रहे हैं या निराशा है। इतना सब कुछ संभालने के लिए स्टालिन सर को सलाम।
रजनीकांत की इस टिप्पणी पर तमिलनाडु के मंत्री और डीएमके नेता दुरई मुरुगन ने कहा कि यह ठीक वैसा ही है, जैसा फिल्मों में है। फिल्मों में कुछ पुराने अभिनेताओं के कारण नए युवा कलाकार आगे नहीं आ पा रहे हैं। पुराने कलाकार दाढ़ी बढ़ने, सारे दांत टूटने और मरणासन्न अवस्था में भी अभिनय कर रहे हैं।
वहीं तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि युवा DMK में आने के लिए तैयार हैं। हमें केवल उन्हें जगह देनी है और उनका मार्गदर्शन करने के लिए उनका हाथ पकड़ना है। सुपरस्टार रजनीकांत का भाषण सभी ने देखा होगा। रजनीकांत ने जो कहा उस पर मैं कुछ नहीं कहूंगा। क्योंकि अगर कहूंगा तो सभी सोचेंगे कि मैं अपने दिल में कुछ लेकर बोल रहा हूं। भाषण प्रतियोगिता की अच्छी प्रतिक्रिया को देखते हुए मैं यूथ विंग की ओर से अनुरोध करता हूं कि हर साल यह भाषण प्रतियोगिता होनी चाहिए।
मुरुगन मेरे पुराने दोस्त: रजनीकांत
तमिलनाडु के मंत्री दुरई मुरुगन के बयान को लेकर अभिनेता रजनीकांत ने कहा कि वह मेरे पुराने दोस्त हैं। उन्होंने जो भी कहा वह कोई मुद्दा नहीं है। हमारी दोस्ती हमेशा जारी रहेगी। मैं विजय को भी अपनी पार्टी का झंडा पेश करने के लिए शुभकामनाएं देता हूं।
मुरुगन और बालू जैसे नेताओं से ही वट वृक्ष बनी डीएमके
रजनीकांत की पुराने छात्र वाली टिप्पणी को लेकर भाजपा नेता और तमिलनाडु सरकार की मंत्री डॉ. तमिलिसाई साउंडराजन ने कहा कि डीएमके दुरई मुरुगन और टीआर बालू जैसे नेताओं की वजह से वट वृक्ष बनी है। न कि एमके स्टालिन या उदयनिधि स्टालिन की वजह से। इन नेताओं ने पार्टी को खड़ा करने के लिए आधी सदी तक कड़ी मेहनत की है। किसी को भी इन वरिष्ठ नेताओं को अनादर नहीं करना चाहिए। रजनीकांत ने जो टिप्पणी की है। मैं दुरई मुरुगन का समर्थन करती हूं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.