दक्षिण भारतीय अभिनेत्री से छेड़छाड़ मामले में पुलिस अब भी खाली हाथ
दक्षिण भारतीय अभिनेत्री के अपहरण और छेड़छाड़ में शामिल संदिग्ध मुख्य साजिशकर्ता पल्सर सुणी और अन्य को पकड़ने की तलाश सोमवार को भी जारी रही। पुलिस इस सनसनीखेज मामले को सुलझाने के लिए तेजी से काम रही है। इस मामले के तूल पकड़ने के बीच सोमवार को मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने पीड़िता से बात की और आश्वस्त किया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस बीच मामले में वांछित तीन लोगों ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की है।
पुलिस ने बताया कि सुणी की सहायता करने के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। घटना के तीन दिन बाद भी आरोपियों के पुलिस की पकड़ से बाहर रहने के कारण सरकार की चौतरफा आलोचना हो रही है। हालांकि, अभिनेत्री पर हमला करने वाले सुणी के दो साथियों को पुलिस हिरासत में लिए जाने की बात पर वे चुप रहे। अभिनेत्री की कार के चालक मार्टिन को कथित तौर पर हमलावर गैंग के साथ मिले होने के आरोप में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
मेनका गांधी ने राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताई
इस मामले में केंद्रीय महिला एवं बाल कल्याण मंत्री मेनका गांधी ने राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि केरल में कानून नाम की कोई चीज नहीं है। राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू कर देना चाहिए।
गौरतलब है कि संदिग्ध आरोपी 18 फरवरी की रात को अभिनेत्री को दो घंटे तक प्रताड़ित करने के बाद शहर के सबसे व्यस्त इलाके में भाग गए। अपने गुप्तचरों को फैलाकर पुलिस ने अलपुझा जिले के कई इलाकों में सुणी और उसके तीन साथियों की तलाश में छापेमारी की मगर आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला। इस घटना की चौतरफा निंदा के बीच मुख्यमंत्री विजयन ने अभिनेत्री से बात की और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया। साथ ही कहा कि पीड़िता को सभी जरूरी मदद की जाएगी।