PM Modi: प्रधानमंत्री ने मुंबई को दी 38800 करोड़ की सौगात, बोले- दुनिया को भारत के बड़े-बड़े संकल्पों पर भरोसा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मुंबई के लिए बेहद जरूरी मेट्रो हो, छत्रपति शिवाजी टर्मिनस के आधुनिकीकरण का काम हो, सड़कों में सुधार का बहुत बड़ा प्रोजेक्ट हो और बाला साहेब ठाकरे जी के नाम से आपला दवाखाने की शुरुआत हो, ये मुबंई शहर को बेहतर बनाने में बड़ी भूमिका निभाने वाले हैं।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई में लगभग 38,800 करोड़ रुपए की परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने मुंबई मेट्रो लाइन 2ए और 7 का उद्घाटन किया, इसमें अंधेरी से दहिसर तक फैला 35 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर शामिल है। प्रधानमंत्री ने शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे के नाम पर रखे गए 20 आपला दवाखाना (स्वास्थ्य क्लीनिक) का भी उद्घाटन किया। इस मौके पर राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस समेत अन्य मौजूद थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मुंबई के लिए बेहद जरूरी मेट्रो हो, छत्रपति शिवाजी टर्मिनस के आधुनिकीकरण का काम हो, सड़कों में सुधार का बहुत बड़ा प्रोजेक्ट हो और बाला साहेब ठाकरे जी के नाम से आपला दवाखाने की शुरुआत हो, ये मुबंई शहर को बेहतर बनाने में बड़ी भूमिका निभाने वाले हैं।
#WATCH | Prime Minister Narendra Modi avails Mumbai metro and interacts with the youth onboard. Earlier this evening, he inaugurated two lines of the Mumbai metro.
विज्ञापन विज्ञापन
(Video Source: DD News) pic.twitter.com/6IXCOeivXx — ANI (@ANI) January 19, 2023
पीएम मोदी ने कहा-पहले एक लंबा समय गरीबी पर चर्चा करने, दुनिया से मदद मांगने और जैसे तैसे गुजारा करने में बीत गया। आजाद भारत के इतिहास में पहली बार दुनिया ने भारत के संकल्पों पर विश्वास किया। प्रधानमंत्री ने मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) में एक कार्यक्रम में 38,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
बृहन्मुंबई महा नगरपालिका (बीएमसी) चुनाव प्रचार का आगाज करते हुए उन्होंने कहा कि आज हर किसी को लगता है कि भारत तेजी से विकास और समृद्धि के लिए जरूरी काम कर रहा है। आज भारत अभूतपूर्व आत्मविश्वास से लबरेज है। उन्होंने कहा कि पिछले आठ सालों में हमने इस दृष्टिकोण को बदल दिया है। आज भारत अपने भौतिक और सामाजिक बुनियादी ढांचे पर भविष्य की सोच और आधुनिक दृष्टिकोण को ध्यान में रखकर खर्च कर रहा है। हमने वह जमाना देखा है जब गरीबों के कल्याण का पैसा भ्रष्टाचार का शिकार होता था। करदाताओं से मिले कर के संबंध में कोई संवेदनशीलता नहीं थी। करोड़ों नागरिकों को इसका नुकसान उठाना पड़ा। आजादी का अमृत काल में भारतीयों की विकसित भारत बनाने की ललक दुनिया में भी दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि दुनिया की बड़ी-बड़ी अर्थव्यवस्थाएं आज संकट में हैं, लेकिन ऐसे मुश्किल समय में भी भारत 80 करोड़ से ज्यादा देशवासियों को मुफ्त राशन दे रहा है।
पीएम की अपील-कुछ वक्त योग को दें
मेट्रो में सफर के दौरान पीएम मोदी ने युवाओं से बातचीत की। उन्होंने पीएम को बताया कि मेट्रो से समय बचेगा। पीएम ने पूछा कितना तो वे बोले डेढ़ घंटे की जगह 45 मिनट में एक तरफ का सफर तय होगा। पीएम के यह पूछने पर कि बचे समय में क्या करेंगे, तो उन्होंने कहा कि पढ़ाई करेंगे। इस पर पीएम ने पूछा, मेरे लिए एक काम कर सकते हैं, समय बचने पर कम से कम 15 मिनट योग कर सकते हैं। युवाओं ने हंसते हुए सहमति जताई और कहा जी सर।
प्रदेश सरकार की सराहना की
पीएम मोदी ने शिंदे-फडणवीस सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्वराज और सुराज की भावना डबल इंजन की सरकार में प्रकट होती है। उन्होंने 12600 करोड़ की लागत से तैयार हुई मुंबई मेट्रो रेल 2 और 7 सहित हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे आपला दवाखाना का उद्धाटन करने के साथ 7 जलमल शोधन संयंत्रों, 3 अस्पताल, 400 सड़कों के कंक्रीटीकरण प्रोजेक्ट के अलावा विश्व विरासत छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के पुनर्विकास की आधारशिला रखी।
मुंबई को अत्याधुनिक शहर बनाने के लिए ट्रिपल इंजन सरकार की जरूरत
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में डबल इंजन की सरकार आने के बाद राज्य में विकास की गति तेज हुई है लेकिन मुंबई को 21वीं सदी का अत्याधुनिक शहर बनाने के लिए ट्रिपल इंजन की सरकार की जरूरत है। मुंबई के विकास के लिए पैसे की कोई कमी नहीं है। जरूरी यह है कि मुंबई के हक का पैसा सही जगह पर लगे। बीएमसी में 27 साल से सत्तासीन उद्धव ठाकरे की शिवसेना पर निशाना साधते हुए कहा कि यह शहर विकास के लिए तरसता रहा।
हमारी प्राथमिकता सिर्फ विकास, वोट बैंक नहीं
यादगीर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता वोट बैंक नहीं बल्कि सिर्फ विकास है। जब सड़क, बिजली और पानी जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर पर निवेश करने का समय था, तब उस समय जो दल सरकारों में थे, उन दलों ने वोटबैंक की राजनीति को बढ़ावा दिया। इसका बहुत बड़ा नुकसान न केवल कर्नाटक बल्कि पूरे देश ने उठाया। पीएम मोदी ने कर्नाटक के यादगीर जिले में भाजपा के चुनावी प्रचार की शुरुआत करते हुए10,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। कर्नाटक में इस साल मई में विधानसभा चुनाव होने हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार का मतलब है कि डबल फायदा, डबल कल्याण और डबल तेजी से विकास। एजेंसी
52000 से अधिक खानाबदोशों के लिए हक्कू पत्र वितरण की शुरुआत : पीएम ने उत्तरी कर्नाटक में 52000 खानाबदोश लंबानी (बंजारा) जनजातियों के लिए ‘हक्कू पत्र’ (टाइटल डीड) वितरण अभियान शुरू किया।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में हमारे शहरों की भूमिका सबसे अहम है। वर्ष 2014 तक मुंबई में केवल 10-11 किलोमीटर तक मेट्रो चलती थी लेकिन हमारी डबल इंजन की सरकार ने मेट्रो के काम को अभूतपूर्व गति दी है।
एमवीए सरकार ने महाराष्ट्र में विकास कार्य रुकवाए: शिंदे
इस दौरान सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता सौभाग्यशाली है। पीएम मोदी आज विभिन्न परियोजनाओं और मुंबई मेट्रो की दो लाइनों का उद्घाटन करने के लिए यहां आए हैं। कुछ लोग चाहते थे कि पीएम मोदी को ऐसा करने को न मिले, लेकिन इसके उलट हो रहा है। एमवीए सरकार ने महाराष्ट्र में विकास कार्य रुकवाए थे।
2.5 साल से लोगों को पसंद नहीं करने वाली सरकार थी: फडणवीस
कार्यक्रम में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 2019 में पीएम ने यहां कहा था कि डबल इंजन सरकार ने महाराष्ट्र को बदल दिया और कहा कि सरकार को सत्ता में वापस लाया जाए। आप पर भरोसा करके जनता ने सरकार वापस लाई, लेकिन कुछ लोग गुंडागर्दी में लिप्त थे और 2.5 साल से लोगों को पसंद नहीं करने वाली सरकार थी।
बालासाहेब ठाकरे के सच्चे अनुयायी ने साहस दिखाया: डिप्टी-सीएम
उन्होंने बालासाहेब ठाकरे के सच्चे अनुयायी एकनाथ शिंदे ने साहस दिखाया और आपके आशीर्वाद से जनता की पसंद की सरकार एक बार फिर महाराष्ट्र में आ गई। महाराष्ट्र विकास के रास्ते पर एक बार फिर तेजी से चलने लगा।
राज्यपाल-मुख्यमंत्री ने किया स्वागत
इससे पहले पीएम मोदी मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे। यहां महाराष्ट्र के राज्यपाल कोश्यारी, मुख्यमंत्री शिंदे, उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने उनका स्वागत किया। राज्य भाजपा प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले भी इस दौरान मौजूद रहे।