हंगामे की बारिश में सरकार के लिए मिला जुला रहा संसद का बजट सत्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हंगामे की बारिश में कार्यवाही के धुलने की आशंकाओं के बीच आयोजित संसद के बजट सत्र के पहले हिस्से ने सरकार को अपनी पीठ थपथपाने का मौका दे दिया। इस दौरान राज्यसभा में खुद के खिलाफ संशोधन पारित होने से सरकार ने जहां किरकिरी झेली, वहीं तीन अहम बिल पारित कराकर अहम कामयाबी भी हासिल की।
बजट सत्र का पहला हिस्सा शुरू होने से पहले सरकार और विपक्ष कई मुद्दों पर आमने सामने थे। खासतौर पर जेएनयू, दलित छात्र रोहित वेमुला की आत्महत्या का मामला, पठानकोट आतंकी हमला और अरुणाचल प्रदेश में राष्ट्रपति शासन के सवाल पर चरम पर पहुंच चुके सियासी पारे को देखते हुए कामकाज होने की संभावना बहुत कम थी।
हालांकि पहले हिस्से में न केवल संसद में कई अहम मुद्दों पर गरमागरम चर्चा हुई, बल्कि कई बिलों को कानूनी जामा पहनाने का रास्ता भी साफ हुआ।
आर्थिक एजेंडे को छोड़ दें तो इस दौरान सरकार के हिस्से में कामयाबी के साथ-साथ किरकिरी भी आई। राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान विपक्ष ने हरियाणा में पंचायत चुनाव लड़ने के लिए जोड़ी गई शिक्षा की शर्त पर संशोधन पारित कराकर सरकार की किरकिरी की।
सरकार को जीएसटी सहित आर्थिक सुधार से जुड़े आधा दर्जन बिल पर कोई कामयाबी हासिल नहीं हुई। हालांकि इस दौरान सरकार ने रियल एस्टेट, आधार बिल को मनी बिल के रूप में पारित कराने के अलावा दो अन्य बिलों, भारतीय मानक ब्यूरो और राष्ट्रीय जलमार्ग बिल को पास करा अहम सफलता भी हासिल की।
आमने सामने आए पीएम मोदी-राहुल और स्मृति-मायावती
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान लोकसभा में पीएम नरेंद्र मोदी बनाम राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी बनाम बसपा सुप्रीमो मायावती की सियासी जंग चौतरफा चर्चा का विषय बनी। काला धन मामले में राहुल ने सरकार पर कटाक्ष करते हुए फेयर एंड लवली स्कीम शुरू करने का आरोप लगाया।
वहीं पीएम मोदी ने पलटवार करते हुए कहा कि कई लोगों की उम्र तो बढ़ती है मगर समझ नहीं। राज्यसभा में रोहित आत्महत्या मामले में स्मृति ने कहा कि जवाब से संतुष्ट नहीं कर पाने पर वह अपना सिर काटकर मायावती के चरणों में रख देंगी। स्मृति के जवाब के बाद मायावती ने यह कहकर पलटवार किया कि वह जवाब से असंतुष्ट हैं। अब स्मृति को अपना वादा पूरा करना चाहिए।