06:31 PM, 11-Mar-2020
अमित शाह ने दिया जवाब
लोकसभा में दिल्ली हिंसा पर चर्चा के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने जवाब दिया-
- हिंसा में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि।
- हिंसा को अलग रंग दिया जा रहा है।
- हिंसा को राजनीतिक रंग देने की कोशिश हुई।
- हमने कहा था कि होली के बाद संसद में चर्चा होगी, लेकिन विपक्ष नहीं माना।
- शांति बनाए रखना मकसद था।
- 25 फरवरी के बाद कोई हिंसा नहीं हुई।
- हिंसा को पूरी दिल्ली में फैलने से रोकना दिल्ली पुलिस की बड़ी कामयाबी।
- ज्यादा से ज्यादा 36 घंटे तक दंगे हुए, 36 घंटे के भीतर दिल्ली पुलिस ने इसे समेटने का काम किया है।
- दंगे के कारण मैं किसी कार्यक्रम में नहीं गया।
- पुलिस के साथ सभी समीक्षा बैठकें मेरी अध्यक्षता में ही हुईं।
- एनएसए अजित डोभाल मेरी सलाह पर दंगा प्रभावित इलाके में गए थे।
- मैं इसलिए वहां नहीं गया क्योंकि मेरी सुरक्षा के चलते राहत कार्य प्रभावित हो सकते थे।
- 25 फरवरी की रात हालात काबू में थे।
अमित शाह के बयान पर कांग्रेस सांसदों ने सदन में हंगामा किया और लोकसभा से वॉकआउट किया। इसके बाद भी गृह मंत्री ने सदन में अपना बयान जारी रखा।
- 27 फरवरी से आज तक करीब 700 एफआईआर दर्ज हुई है।
- सॉफ्टवेयर की मदद से 1100 लोगों की पहचान।
- सीसीटीवी, मीडिया से जानकारी जुटा रहे हैं।
- दंगे की फंडिंग करने वाले तीन लोग गिरफ्तार।
- 2647 लोग गिरफ्तार या हिरासत में।
- किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, दंगे करने वाले बच नहीं पाएंगे, कानून से भाग नहीं पाएंगे।
- एफआईआर दोनों समुदाय के लोगों पर है।
- कांग्रेस के नेताओं ने भड़काऊ बयान दिए।
- 14 दिसंबर को रामलीला मैदान रैली में बयान दिया, आर-पार लड़ाई की बात की।
- दंगों के लिए सोशल मीडिया अकाउंट बने। दंगों के बाद बंद हो गए।
- आईटी एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।
- किसी को बख्शा नहीं जाएगा, दंगा करने वालों को ढूंढकर निकालेंगे।
- दंगों में 52 की मौत, 526 घायल हुए, 371 दुकानें जलीं।
- मंदिर-मस्जिद दोनों जले हैं, दोनों के लिए दुख प्रकट करता हूं।
- अंकित शर्मा के शरीर पर 400 घाव थे, उसपर भी कुछ शब्द यहां बोले जाने चाहिए थे।
- देश में 76 फीसदी दंगे कांग्रेस के शासन में हुए।
- सिख दंगों पर कांग्रेस ने क्या किया?
04:29 PM, 11-Mar-2020
मीनाक्षी लेखी ने कहा, हिंसा के लिए भाजपा नेता जिम्मेदार नहीं
दिल्ली हिंसा पर चर्चा के दौरान लोकसभा में भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने कहा- अनुराग ठाकुर और प्रवेश वर्मा को दिल्ली हिंसा के लिए जिम्मेदार ठहराया गया था। अनुराग और प्रवेश वर्मा ने 20 और 28 जनवरी को टिप्पणी की थी जबकि हिंसा 23 फरवरी को हुई। कपिल मिश्रा को अमानतुल्लाह खान, शर्जील अहमद और ताहिर हुसैन के कृत्यों का जिम्मेदार ठहराया गया।
उन्होंने कहा- लोग टूट जाते हैं घर बनाने में और तुम तरस नहीं खाते हो बस्तियां जलाने में। चीजों को जलाने का कुछ लोगों का इतिहास है। मेरे पास आंकड़े हैं कि देश में हुई हिंसा के लिए कब कौन जिम्मेदार रहा।
03:18 PM, 11-Mar-2020
शाह को बताना होगा कैसे दिल्ली में तीन दिनों तक हिंसा होती रही
लोकसभा में कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा, 'सरकार खासतौर से गृह मंत्री अमित शाह को यह बताना होगा कि कैसे दिल्ली में तीन दिनों तक लगातार हिंसा होती रही। जब दिल्ली जल रही थी तब अमित शाह जी क्या कर रहे थे?'
01:21 PM, 11-Mar-2020
लोकसभा स्पीकर ने वापस लिया कांग्रेस सांसदों का निलंबन
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कांग्रेस के सात विधायकों का निलंबन वापस ले लिया है। इन्हें सदन में उचित व्यवहार न करने की वजह से पूरे सत्र के लिए निलंबित किया गया था।
12:50 PM, 11-Mar-2020
लोकसभा की कार्यवाही 1:30 बजे तक के लिए स्थगित
कांग्रेस सदस्यों के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12:30 बजे पुन: शुरू होने के कुछ ही समय बाद 1:30 बजे तक के लिए स्थगित हो गई है।
11:20 AM, 11-Mar-2020
लोकसभा 12.30 बजे तक के लिए स्थगित
दिल्ली हिंसा को लेकर विपक्ष लगातार चर्चा की मांग को लेकर हंगामा कर रहा है। जिसके कारण लोकसभा की कार्यवाही को दोपहर 12.30 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
11:12 AM, 11-Mar-2020
राज्यसभा 12 बजे तक के लिए स्थगित
दिल्ली हिंसा पर तत्काल चर्चा की मांग को लेकर विपक्ष ने राज्यसभा में हंगामा किया जिसके कारण उच्च सदन का कार्यवाही को 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
10:39 AM, 11-Mar-2020
अधीर रंजन चौधरी ने कांग्रेस सांसदों के निलंबन पर दिया स्थगन प्रस्ताव
कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी ने लोकसभा में कांग्रेस के सात सांसदों के निलंबन को वापस लेने के लिए स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया है।
10:26 AM, 11-Mar-2020
यस बैंक संकट पर संजय सिंह ने दिया प्रस्ताव
यस बैंक संकट पर शून्यकाल में चर्चा को लेकर आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने प्रस्ताव दिया है।
10:19 AM, 11-Mar-2020
कम्युनिस्ट पार्टी सांसद ने दिया कार्यस्थगन नोटिस
कम्युनिस्ट पार्टी के सांसद केके रागेश ने राज्यसभा में नियम 267 के तहत दो मलयालम समाचार चैनलों पर 48 घंटे का प्रतिबंध लगाकर मीडिया को दबाने की कोशिश और दिल्ली हिंसा पर कार्यस्थगन प्रस्ताव दिया है।
10:15 AM, 11-Mar-2020
लोकसभा में पांच बजे बयान देंगे शाह
गृह मंत्री अमित शाह लोकसभा में आज शाम साढ़े पांच बजे दिल्ली हिंसा पर बयान देंगे। जिससे कि सदन का कामकाज सुचारू रूप से चल सके।
07:43 AM, 11-Mar-2020
दिल्ली हिंसा: लोकसभा में बोले शाह, दंगों के लिए सोशल मीडिया अकाउंट बनाए गए थे
लोकसभा में कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी और भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी दिल्ली के कुछ हिस्सों में हाल में पैदा हुई कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा कराने की मांग की है। वहीं तृणमूल कांग्रेस ने राज्यसभा में नियम 267 के तहत दिल्ली हिंसा पर तुरंत चर्चा के लिए प्रस्ताव दिया है।