फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates Of 29 Oct: Maharashtra News, Politics, Crime, Mumbai, Thane; Maharashtra News In Hindi

महाराष्ट्र: लातूर में रिश्वत लेते ग्रामसेवक गिरफ्तार; पुणे में आईटी कर्मचारी को ब्लैकमेल कर ₹1.77 लाख वसूले

Thu, 29 Oct 2026 03:37 PM IST
पवन पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: पवन पांडेय Updated Thu, 29 Oct 2026 03:37 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Of 29 Oct: Maharashtra News, Politics, Crime, Mumbai, Thane; Maharashtra News In Hindi
महाराष्ट्र अपडेट - फोटो : Amar Ujala
महाराष्ट्र के लातूर जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने एक ग्रामसेवक को 3,500 रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 46 वर्षीय सुलोचना गोविंद धोबले के रूप में हुई है। वह लातूर तहसील के कासारगांव में तैनात थीं। एसीबी के अनुसार, एक व्यक्ति ने 21 अक्टूबर को ग्राम पंचायत कार्यालय में मकान की खरीद से जुड़े दस्तावेज जमा किए थे। वह चाहता था कि मकान की खरीद का रिकॉर्ड सरकारी अभिलेखों में दर्ज किया जाए। आरोप है कि इस काम को पूरा करने के लिए ग्रामसेवक ने उससे 3,500 रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने रिश्वत मांगने के आरोप का सत्यापन किया और बुधवार को जाल बिछाया। अधिकारियों ने लातूर पंचायत समिति कार्यालय परिसर में स्थित कैंटीन में कार्रवाई की। इसी दौरान आरोपी को कथित तौर पर रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। एसीबी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ लातूर के शिवाजीनगर पुलिस थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन

 
Trending Videos

देह व्यापार के कथित गिरोह का पर्दाफाश, दो महिलाएं बचाई गईं
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने देह व्यापार के कथित गिरोह का पर्दाफाश कर दो महिलाओं को बचाया है। मामले में एक महिला एजेंट को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरी एजेंट फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। नवघर पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक मुकुंद यादव के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला एजेंट भयंदर पूर्व में एक होटल के पास महिलाओं को ग्राहकों तक पहुंचाने आने वाली है। इसके बाद बुधवार को पुलिस ने जाल बिछाया। एक पुलिसकर्मी को ग्राहक बनाकर भेजा गया और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई कर महिला एजेंट को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर मुंबई, ठाणे, मीरा-भायंदर, लोनावला और गोवा के होटल तथा लॉज में महिलाओं को ग्राहकों तक पहुंचाती थी। बचाई गई महिलाओं की उम्र 41 और 32 वर्ष है। अधिकारी ने बताया कि इन महिलाओं और गिरफ्तार आरोपी के टेलीविजन धारावाहिकों, टॉक शो, मॉडलिंग और फोटोशूट से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। बचाई गई महिलाओं को आश्रय गृह भेजने की व्यवस्था की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव: महायुति की सीटों पर विपक्ष ने उठाए सवाल
महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के नतीजों को लेकर विपक्षी नेताओं ने भाजपा और महायुति गठबंधन पर निशाना साधा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रवक्ता क्लाइड क्रास्टो ने कहा कि भाजपा नेताओं ने चुनाव से पहले बड़ी जीत के दावे किए थे, लेकिन नतीजे उनकी उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहे। क्रास्टो के अनुसार, महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी (एमवीए) ने पांच में से तीन सीटें जीतीं, जबकि महायुति को दो सीटें मिलीं। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी को दो और कांग्रेस को एक सीट मिली। उन्होंने नागपुर और वाराणसी में भी भाजपा की हार का उल्लेख करते हुए पार्टी के चुनावी दावों पर सवाल उठाए। वहीं, शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि चुनाव परिणामों के बाद भाजपा और पूरे महायुति गठबंधन को आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को नागपुर, मराठवाड़ा और पुणे में हार का सामना करना पड़ा है। राउत ने यह भी कहा कि चुनाव मतपत्रों से कराए गए थे। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपने विरोधियों का सम्मान करने और बयानबाजी में संयम बरतने की अपील की। विपक्षी नेताओं ने इन नतीजों को भाजपा के चुनावी प्रदर्शन पर सवाल उठाने का आधार बनाया है।
विज्ञापन

पुणे में आईटी कर्मचारी को ब्लैकमेल कर 1.77 लाख रुपये वसूले, बिहार से दो गिरफ्तार
महाराष्ट्र के पुणे में 22 वर्षीय आईटी कर्मचारी को कथित तौर पर ब्लैकमेल कर 1.77 लाख रुपये वसूलने के मामले में पुलिस ने बिहार से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पीड़ित शिखर कुमारगौरव सक्सेना ने एक अक्टूबर को आत्महत्या कर ली थी। वह खराड़ी इलाके में पेइंग गेस्ट आवास में रहता था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने महिलाओं के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाए और इनके जरिए शिखर से संपर्क किया। बाद में उसे टेलीग्राम पर बातचीत करने के लिए राजी किया गया। पुलिस का आरोप है कि वीडियो कॉल के दौरान एक महिला का आपत्तिजनक वीडियो दिखाकर रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद शिखर को ब्लैकमेल किया गया और झूठे ड्रग तस्करी मामले में फंसाने की धमकी दी गई। शिखर के पिता ने 14 अक्तूबर को शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के बाद पुलिस ने 18 वर्षीय आकाश कुमार संजय सिंह और 22 वर्षीय राजकुमार संपूर्ण आनंद सिंह को पटना से गिरफ्तार किया। उनके पास से सात मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और एक टैबलेट बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित से पांच बैंक खातों में कुल 1.77 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए थे। इनमें से 1,14,498 रुपये फ्रीज कराए गए हैं। पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है।

मुंबई के समुद्र में विज्ञापन वाले होर्डिंग लगाने के फैसले का आदित्य ठाकरे ने किया विरोध
शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने मुंबई के समुद्री किनारों पर तैरते हुए होर्डिंग लगाने की अनुमति देने के फैसले का विरोध किया है। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर इस फैसले में हस्तक्षेप करने और इसे रोकने की मांग की है। 28 अक्तूबर को लिखे पत्र को आदित्य ठाकरे ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया। उन्होंने कहा कि मुंबई में पहले से ही प्रदूषण की समस्या है। ऐसे में समुद्र में तैरते होर्डिंग लगाने से शहर की सुंदरता और खराब होगी। उनके मुताबिक, समुद्र के किनारे विज्ञापन लगाने से लोगों को प्राकृतिक दृश्य देखने के बजाय विज्ञापन दिखाई देंगे। आदित्य ठाकरे ने मुंबई मैरीटाइम बोर्ड के उस फैसले पर सवाल उठाया, जिसके तहत शहर के प्रमुख समुद्री किनारों पर बजरों के जरिए तैरते विज्ञापन लगाने की अनुमति दी गई है। उन्होंने शहर में एलईडी होर्डिंग को नियंत्रित करने के लिए स्पष्ट नीति बनाने की भी मांग की। उनका कहना है कि रात में तेज रोशनी वाले होर्डिंग लोगों को परेशान करते हैं और पूरे शहर में इनकी संख्या सीमित की जानी चाहिए। आदित्य ठाकरे ने आरोप लगाया कि इस फैसले में शहर की सुंदरता के बजाय विज्ञापन ठेकेदारों के हितों को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से फैसले को वापस लेने की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed