Pakistan: 'मानवता के लिए खतरा बन गया है पाकिस्तान', सर्वदलीय बैठक को लेकर बोले असदुद्दीन ओवैसी
हैदराबाद से सांसद ओवैसी ने कहा कि 'पाकिस्तान 1948 से ही भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है और अभी भी वह इसी में लगा हुआ है और मुझे नहीं लगता कि वह कभी ऐसा करना बंद करेगा। भारत सरकार को पाकिस्तान का विरोध करना चाहिए, लेकिन कश्मीरियों को अपनाना चाहिए।'
विस्तार
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने एक बार फिर पाकिस्तान को लताड़ लगाई है। ओवैसी ने कहा है कि पाकिस्तान मानवता के लिए खतरा बन गया है। ओवैसी ने कहा कि पाकिस्तान आतंकवादियों को ट्रेनिंग, फंडिंग और हथियार दे रहा है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भारत की अर्थव्यवस्था को बर्बाद करना चाहता है। गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद से ही असदुद्दीन ओवैसी कई बार पाकिस्तान को निशाने पर ले चुके हैं।
'पाकिस्तान, इस्लाम और मुसलमानों का रहनुमा बनता है, लेकिन ये बकवास'
एआईएमआईएम प्रमुख ने कहा कि पाकिस्तानी डीप स्टेट और पाकिस्तानी सेना का उद्देश्य भारत की अर्थव्यवस्था को तबाह करना और समुदायों में बंटवारा कराना है। गौरतलब है कि ओवैसी को भी सरकार ने सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल किया है। इस पर उन्होंने कहा कि वे विदेशी सरकारों के सामने पाकिस्तान को बेनकाब करेंगे। ओवैसी ने कहा कि पाकिस्तान खुद को इस्लाम और सभी मुसलमानों के रहनुमा के तौर पर पेश करता है, लेकिन यह पूरी तरह से बकवास है। भारत में भी 20 करोड़ मुसलमान हैं और वे पाकिस्तान की कार्रवाई की आलोचना करते हैं।
ये भी पढ़ें- India Pakistan: US में थरूर करेंगे सांसदों के दल का नेतृत्व, रविशंकर खाड़ी देशों के सामने PAK को करेंगे बेनकाब
'जिया उल हक के समय से ही निर्दोष लोगों को मारा जा रहा'
हैदराबाद से सांसद ओवैसी ने कहा कि 'पाकिस्तान 1948 से ही भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है और अभी भी वह इसी में लगा हुआ है और मुझे नहीं लगता कि वह कभी ऐसा करना बंद करेगा। भारत सरकार को पाकिस्तान का विरोध करना चाहिए, लेकिन कश्मीरियों को अपनाना चाहिए।' उन्होंने कहा कि 'दुनिया को इस बारे में बताया जाएगा कि पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद लंबे समय से निर्दोष लोगों की जान ले रहा है। भारत पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद का पीड़ित है। हमने पूरा तमाशा देखा है और जिया उल हक के समय से लोगों को मारा जा रहा है।'
ओवैसी ने कहा कि 'भारत को पाकिस्तान की आतंकवाद की नीति को उस समय समझ जाना चाहिए था, जब उसने आजादी के तुरंत बाद कबीलाई घुसपैठियों को जम्मू कश्मीर भेजा था। पाकिस्तान तब से ही ये तमाशा कर रहा है और रुकने का नाम नहीं ले रहा है, लेकिन पहलगाम आतंकी हमले से भारत के सब्र का पैमाना छलक गया है।
विदेश में भारतीय प्रतिनिधिमंडल पर बोले ओवैसी
ओवैसी ने आगे कहा कि अभी तक, मुझे पता है कि मैं जिस ग्रुप में हूं, उसका नेतृत्व मेरे अच्छे दोस्त बैजयंत जय पांडा करेंगे। मुझे लगता है कि इसमें निशिकांत दुबे, फंगनन कोन्याक, रेखा शर्मा, सतनाम सिंह संधू और गुलाम नबी आज़ाद शामिल होंगे। उन्होंने मुझे लगता है कि हम जिन देशों में जाएंगे, वे हैं यूके, फ्रांस, बेल्जियम, जर्मनी, इटली और डेनमार्क।
मुझे देखने से पाकिस्तानियों की जानकारी बढ़ेगी-ओवैसी
असदुद्दीन ओवैसी ने आगे कहा कि पाकिस्तानियों ने शायद ही कभी मुझ जैसा बेबाक और हैंडसम कोई देखा हो। वे सिर्फ मुझे ही देखते हैं। उन्हें मुझे सुनते रहना चाहिए, इससे उनकी जानकारी बढ़ेगी और उनकी गलतफहमियां दूर होंगी।
ओवैसी ने पाकिस्तान को लिया आड़े हाथ
उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान की अमेरिका के साथ ट्रेड सिर्फ 10 बिलियन डॉलर की है, जबकि भारत की अमेरिका के साथ 150 बिलियन डॉलर से ज्यादा की। ये मजाक है क्या? पाकिस्तान की सेना तो हमेशा भारत के खिलाफ साजिश करती रहेगी। हम कब तक बर्दाश्त करते रहेंगे?
ये भी पढ़ें- Congress: पाकिस्तान को ऋण मिलने पर कांग्रेस का आरोप, कहा- IMF बैठक में अमेरिकी दबाव के आगे झुक गई केंद्र सरकार
ओवैसी ने पाकिस्तान को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि पाकिस्तान तो खुद भिखारी है, फिर हम उनके साथ व्यापार कैसे कर सकते हैं? उन्होंने अमेरिका से मांग की कि वो पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी संगठन TRF को आधिकारिक रूप से आतंकी संगठन घोषित करे। ओवैसी ने यह भी कहा कि भारत को दुनिया में अपने नजरिए को मजबूती से रखना चाहिए।
हम दुनिया को बताएंगे सच्चाई- ओवैसी
इसके साथ ही ओवैसी ने कहा कि हम भारत की सरकार और देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। हम दुनिया को बता रहे हैं कि कैसे हमारी बेटियां विधवा हो रही हैं, बच्चे अनाथ हो रहे हैं और पाकिस्तान हमारे देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है। भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, अगर भारत अस्थिर हुआ तो पूरी दुनिया पर असर पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि 21 आम नागरिकों की मौत हुई है, पुंछ में 4 बच्चों की जान गई, 5 जवान शहीद हुए। हम इन सब बातों को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मजबूती से रखेंगे और भारत सरकार की सोच को दुनिया के सामने प्रस्तुत करेंगे।
तुर्किये को पाकिस्तान को समर्थन देने पर पुनर्विचार करना चाहिए : ओवैसी
ओवैसी ने कहा कि तुर्किये को पाकिस्तान का समर्थन करने के अपने रुख पर पुनर्विचार करना चाहिए। हमें उसे याद दिलाना चाहिए कि तुर्किये में एक बैंक है जिसका नाम इसबैंक है। इसके पहले जमाकर्ता भारत के लोग थे। तुर्किये के भारत के साथ कई ऐतिहासिक संबंध हैं। हमें उसे लगातार याद दिलाना चाहिए कि भारत में 20 करोड़ से ज्यादा सम्माननीय मुसलमान रहते हैं। भारत में पाकिस्तान से ज्यादा मुसलमान हैं। पाकिस्तान ने अब तक जिस तरह का व्यवहार किया है, उससे लगता है कि उसका इस्लाम से कोई लेना-देना नहीं है।
संघर्षविराम का एलान पीएम को करना चाहिए था
ओवैसी ने पाकिस्तान के साथ संघर्षविराम की अमेरिकी घोषणा की निंदा की। उन्होंने कहा कि मैंने पहले भी कहा है, मैं फिर से कहूंगा, हमारे प्रधानमंत्री को युद्ध विराम की घोषणा करनी चाहिए थी, अमेरिकी राष्ट्रपति को नहीं। क्या आप जानते हैं कि अमेरिका के साथ पाकिस्तान का व्यापार केवल 10 बिलियन का है, जबकि भारत के लिए यह 150 बिलियन से अधिक है। क्या यह मजाक है? उन्होंने कहा कि क्या अमेरिका यह गारंटी दे सकता है कि पाकिस्तान अब हम पर आतंकी हमले नहीं करेगा? पाकिस्तान की सेना हमेशा भारत के साथ खिलवाड़ करती रहेगी। हम इसे कब तक बर्दाश्त करेंगे? आप पाकिस्तान के साथ व्यापार कैसे कर सकते हैं? वे भिखारी हैं।
टीआरएफ को आतंकी संगठन घोषित करे अमेरिका
उन्होंने कहा कि हम अमेरिका से केवल इतनी ही उम्मीद कर रहे हैं कि वे टीआरएफ (द रेजिस्टेंस फ्रंट) को आतंकवादी संगठन घोषित कर दें। टीआरएफ कुछ और नहीं बल्कि लश्कर-ए-ताइबा का पाकिस्तान प्रायोजित गुट है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.