फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Over 100 trainee police personnel suffer food poisoning in Dhule Maharashtra Latest News in Hindi

Big News: महाराष्ट्र में 110 ट्रेनी पुलिसकर्मियों को फूड पॉइजनिंग; तेलंगाना में MBA छात्रा हॉस्टल में मृत मिली

Fri, 15 Mar 2024 12:17 AM IST
गुलाम अहमद न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: गुलाम अहमद Updated Fri, 15 Mar 2024 12:17 AM IST
विज्ञापन
Over 100 trainee police personnel suffer food poisoning in Dhule Maharashtra Latest News in Hindi
National News - फोटो : Social Media

महाराष्ट्र के धुले शहर में गुरुवार शाम को दूषित भोजन खाने के बाद 100 से अधिक प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों को तबीयत बिगड़ गई। अधिकारियों ने बताया कि सभी खतरे से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में 633 छात्र एक प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने आए थे। इनमें से लगभग 110 छात्रों ने फूड पॉइजनिंग की शिकायत की। उन्हें तुरंत भाऊसाहेब हिरे सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया और उन सभी की हालत स्थिर है।

विज्ञापन

तेलंगाना में एमबीए की छात्रा हॉस्टल में मृत मिली
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में चैतन्यपुरी पुलिस थाना क्षेत्र में स्थित छात्रावास में एमबीए की एक छात्रा मृत मिली। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला लगता है। बुधवार को वह हॉस्टल में फंदे से लटकी पाई गई। छात्रा की पहचान साहिती के रूप में हुई। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

मेघालय में प्रतिबंधित संगठन के हथियार और गोला-बारूद जब्त
मेघालय के री-भोई जिले में पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन हाइनीवट्रेप नेशनल लिबरेशन काउंसिल (एचएनएलसी) के हथियार और गोला-बारूद जब्त कर लिए हैं। यह बरामदगी संगठन से जुड़े चार लोगों की निशानदेही पर हुई है, जिन्हें पिछले दिनों पंजाबी लेन इलाके में आईईडी विस्फोट के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। इस धमाके में एक व्यक्ति घायल हो गया था। बताया जा रहा है कि ये आरोपी बांग्लादेश के अपने आकाओं के निर्देशों पर काम कर रहे थे। 
विज्ञापन

नागपुर में जमीन हड़पने के मामले में 18 पर लगा मकोका
महाराष्ट्र के नागपुर में एक महिला की जमीन को धोखाधड़ी से हड़पने के मामले में 18 आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस उपायुक्त राहुल मदने ने कहा, गजानन नगर में नवजीवन कॉलोनी की रहने वाली मौजा नारा (63) ने उसका 3,000 वर्ग फुट का प्लॉट धोखाधड़ी से इमाम खान अब्दुल रहीम खान को 5 लाख रुपये में बेचने पर उसने पिछले साल 6 नवंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। इसके लिए नकली आधार और पैन कार्ड और सेल डीड समेत फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए थे।

अनुबंध पर नियुक्त विशेष शिक्षकों के नियमितीकरण पर राज्यों से मांगा जवाब
सुप्रीम कोर्ट ने राज्यों से अनुबंध के आधार पर नियुक्त किए गए विशेष शिक्षकों के नियमितीकरण पर जानकारी तलब की है। शीर्ष अदालत ने राज्यों से हलफनामा दाखिल कर यह बताने को कहा है कि उनके अधीन अनुबंध के आधार पर काम करने वाले विशेष शिक्षकों की संख्या कितनी है जो भारतीय पुनर्वास परिषद (आरसीआई) प्रशिक्षित और नियुक्त होने के योग्य हैं। फिलहाल इन शिक्षकों को कार्यकाल की सुरक्षा के बिना अनुबंध पर रखा गया है। जस्टिस सीटी रविकुमार और जस्टिस राजेश बिंदल की पीठ ने राज्यों से हलफनामे में इन शिक्षकों की सेवा शर्तों के बारे में जानकारी का खुलासा करने के लिए कहा है। इसमें उन्हें दिए जा रहे वेतनमान/समेकित वेतन, अनुबंध के आधार पर वे कितने वर्षों से काम कर रहे हैं। मामले में 2021 के फैसले की भावना को आत्मसात करते हुए उनकी सेवा को नियमित करने के लिए उठाए गए कदम के बारे में जानकारी देने के लिए कहा गया है।

पीठ ने कहा है कि हलफनामे में स्वीकृत पदों की संख्या का भी उल्लेख करना आवश्यक है। यदि स्वीकृत पदों की संख्या कम है तो उठाए गए कदम का उल्लेख करना होगा। ऐसे शिक्षकों की नियमित आधार पर नियुक्ति सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त पदों को मंजूरी देने को लेकर भी जानकारी देने के लिए कहा है। राज्यों को चार सप्ताह के भीतर हलफनामा दाखिल करने के लिए कहा गया है।

सुधा मूर्ति ने ली राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ
इंफोसिस फाउंडेशन की पूर्व अध्यक्ष और समाजसेवी सुधा मूर्ति ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने संसद भवन स्थित अपने कक्ष में उन्हें शपथ दिलाई। इस अवसर पर सदन के नेता पीयूष गोयल और सुधा के पति एनआर नारायण मूर्ति भी मौजूद थे। 

देश की 100 जेलों को स्वच्छ व सेहतमंद खाना परोसने पर मिला सम्मान
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण ने देश की 100 जेलों को स्वच्छ भोजन परोसने पर ईट राइट कैंपस सम्मान से सम्मानित किया गया है। इनमें तिहाड़ जेल (दिल्ली), सेंट्रल जेल गया (बिहार), मॉडर्न सेंट्रल जेल (पंजाब), सेंट्रल जेल रीवा (मध्य प्रदेश) सहित जिला कारागार शामिल हैं। राज्यवार उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक है। प्राधिकरण ने बताया कि अब तक देश में 2,900 से अधिक कार्यस्थलों को ईट राइट कैंपस के रूप में मान्यता दी है। यह मान्यता तब दी जाती है जब उक्त स्थान पर लोगों को मिलने वाला भोजन पूरी तरह से सुरक्षित और स्वस्थ होता है। साथ ही साफ सफाई का ध्यान रखते हुए हर छोटी छोटी स्वच्छता पर अमल किया जाता है।

पुणे आईएस विस्फोटक जब्ती के मामले में पूरक आरोप पत्र दायर
पुणे आईएसआईएस हथियार और विस्फोटक जब्ती मामले में एनआईए ने चार और आरोपियों मोहम्मद शाहनवाज आलम, रिजवान अली, अब्दुल्ला शेख, तल्हा लियाकत खान को नामित करते हुए अपना पहला पूरक आरोप पत्र दायर किया। इसमें बताया गया कि सभी आरोपी प्रतिबंधित आतंकी संगठन आईएस के सदस्य थे और पुणे एवं आसपास आतंक फैलाने की योजना बना रहे थे। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने कहा कि पिछले साल जुलाई में हथियारों, विस्फोटकों, रसायनों और आईएस से संबंधित साहित्य की जब्ती से संबंधित मामले में एनआईए ने कुल 11 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है। पूरक आरोपपत्र बुधवार को दाखिल किया गया। इसके अलावा आरोपी शामिल नाचन के खिलाफ अतिरिक्त आरोप दायर किए गए हैं। नाचन समेत सात के खिलाफ एनआईए पहले आरोपपत्र दायर कर चुकी है।  

वाहेगुरु की असीम कृपा से सभी का कल्याण हो : पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिख नववर्ष की शुरुआत पर लोगों को बधाई दी। उन्होंने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर लिखा, सिख नववर्ष की शुरुआत पर शुभकामनाएं। वाहेगुरु की असीम कृपा से सभी का कल्याण हो। गुरु साहिबों का ज्ञान और उनका मार्गदर्शन हमारे समाज को जगमग करता रहे।

भाजपा ने राष्ट्रीय महिला उपाध्यक्ष ज्योतिबेन को निलंबित किया
गुजरात में भाजपा ने पार्टी की राष्ट्रीय महिला उपाध्यक्ष डॉ. ज्योतिबेन पंड्या को पार्टी के सभी पदों सहित प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। हालांकि, पार्टी की ओर से इस कार्रवाई का कोई कारण नहीं बताया गया है। पार्टी प्रवक्ता यज्ञेश दवे ने बृहस्पतिवार को एक बयान में यह जानकारी दी।

केरल में घर पर मृत पाए गए रिश्वत लेने के आरोपी जज
हाल ही में निलंबित किए गए केरल विश्वविद्यालय युवा महोत्सव में रिश्वत लेने के आरोपी जजों में से एक पीएन शाजी (51) को बुधवार शाम केरल के कन्नूर में अपने घर में मृत पाया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को कहा कि संदेह है शाजी ने जहर खाया है। पुलिस के अनुसार, केरल विवि का युवा महोत्सव विवादों से घिरा रहा था और अंततः कुलपति ने उसे निलंबित कर दिया था। प्रतियोगिता में कुछ जजों पर रिश्वत लेने का आरोप लगा था। पुलिस ने शाजी और दो प्रशिक्षकों को कैंटोनमेंट पुलिस ने महोत्सव स्थल से हिरासत में ले लिया था। बाद में पुलिस ने उन्हें रिहा कर दिया था।

किसान की मौत की न्यायिक जांच के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचा हरियाणा
पंजाब-हरियाणा सीमा पर किसान आंदोलन के दौरान शुभकरण सिंह (22) की मौत की न्यायिक जांच के लिए एक पैनल गठित करने के पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देते हुए हरियाणा सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। सरकार ने फैसले के खिलाफ 11 मार्च को शीर्ष अदालत में विशेष अनुमति याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधावालिया और जस्टिस लपिता बनर्जी की खंडपीठ ने सात फरवरी को मामले की जांच के लिए एक सेवानिवृत्त हाईकोर्ट न्यायाधीश और दो अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) की एक समिति गठित करने का आदेश दिया था। पंजाब में बठिंडा के किसान शुभकरण की पिछले महीने खनौरी सीमा पर सुरक्षाकर्मियों और किसानों के बीच झड़प के दौरान मौत हो गई थी।  
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed