{"_id":"5b955fe9867a557fe3047b45","slug":"opposition-calls-for-bharat-bandh-on-september-10-over-fuel-prices-hike","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"भारत बंद : मानसरोवर यात्रा से लौटे राहुल गांधी, सोनिया-मनमोहन के साथ धरने पर बैठे","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
भारत बंद : मानसरोवर यात्रा से लौटे राहुल गांधी, सोनिया-मनमोहन के साथ धरने पर बैठे
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Updated Mon, 10 Sep 2018 05:01 AM IST
विज्ञापन
RAHUL GANDHI
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी कैलाश मानसरोवर की यात्रा से लौट आए हैं और सोमवार को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बार-बार हो रही बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस की अगुवाई में विपक्ष के बुलाये गए भारत बंद में शामिल हुए। पार्टी सूत्रों के मुताबिक राहुल कल रात वापस लौटे । वह बीते 31 अगस्त को इस धार्मिक यात्रा के लिए रवाना हुए थे।
विज्ञापन
राहुल आज सुबह भारत बंद के तहत आयोजित धरने और मार्च में शामिल होने राजघाट पहुंचे । इससे पहले उन्होंने बापू की समाधि पर श्रंद्धाजलि अर्पित की। कांग्रेस अध्यक्ष के राजघाट पहुंचने पर पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता उनसे कैलाश मानसरोवर के प्रसाद की मांग करते हुए दिखाई दिए। कांग्रेस की ओर से बुलाये गए 'भारत बंद' के तहत 20 से अधिक विपक्षी दलों के नेताओं ने राजघाट से रामलीला मैदान की तरफ मार्च निकाला। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, सोनिया गांधी, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह सहित विभिन्न दलों के नेता शामिल हैं ।
विज्ञापन
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने विपक्षी दलों से कहा कि वह अपने मतभेदों को भूलकर देश में लोकतंत्र को बचाने के लिए एकजुट हो जाएं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने बहुत कुछ ऐसा किया है जो देश के हित में नहीं है, मोदी सरकार सीमा पार कर चुकी है। उन्होंने कहा कि अब सरकार बदलने का वक्त आ गया है।
विज्ञापन
Delhi: Congress President Rahul Gandhi and opposition party leaders march from Rajghat towards Ramlila Maidan, to protest against fuel price hike. #BharatBandh pic.twitter.com/X7DQcVRgIA
— ANI (@ANI) September 10, 2018
कांग्रेस के मुताबिक समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा), द्रमुक, तृणमूल कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), जद(एस), आम आदमी पार्टी (आप), तेलुगू देसम पार्टी (तेदेपा), राष्ट्रीय लोक दल (रालोद), झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), नेशनल कांफ्रेंस, झारखंड विकास मोर्चा-प्रजातांत्रिक (झाविमो-प्र), एआईयूडीएफ, केरल कांग्रेस (एम), रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी), आईयूएमएल और लोकतांत्रिक जनता दल के नेता इस प्रदर्शन में शामिल हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने इस मौके पर संवाददाताओं से कहा, 'देश के सभी विपक्षी दलों ने भारत बंद में शामिल होने का फैसला किया। इसके साथ ही यह भी सहमति बनी कि दिल्ली में भी हमें एकजुटता दिखानी होगी। सभी आज के प्रदर्शन में शामिल हो रहे हैं।' सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अहमद पटेल ने इन सभी विपक्षी दलों के प्रमुख नेताओं से बात की थी जिसके बाद सभी ने 'भारत बंद' का समर्थन किया।
कांग्रेस ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के खिलाफ 'भारत बंद' बुलाया है।पार्टी ने सभी सामाजिक संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे 'भारत बंद' का समर्थन करें।
कांग्रेस का कहना है कि उसकी ओर से बुलाये गये 'भारत बंद' सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा, ताकि आम जनता को दिक्कत नहीं हो।