माणिक सरकार को इस जिम ट्रेनर ने त्रिपुरा में दी पटखनी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक समय पर जिम ट्रेनर रहे बिपलब देब इस समय त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं। 3 मार्च को आए नतीजों ने भाजपा का राज्य में ना केवल खाता खोला बल्कि उसे शिखर पर पहुंचा दिया है। भाजपा जनता द्वारा दिए गए प्रचण्ड बहुमत से गदगद है। ऐसे में अगर पार्टी की संसदीय समिति मंजूरी दे देती है तो 48 साल के बिपलब पूर्वोत्तर राज्य में भाजपा के चौथे मुख्यमंत्री बनने के लिए तैयार हैं। इससे पहले असम के सर्बानंद सोनोवाल, अरुणाचल प्रदेश के प्रेमा खांडू और मणिपुर के बीरेन सिंह पूर्वोत्तर राज्य के मुख्यमंत्री का पद संभाल रहे हैं। देब फिलहाल त्रिपुरा के भाजपा प्रभारी हैं।
जीत को लेकर बिपलब देब ने कहा- मैं इसका वर्णन लोगों का बदलाव के लिए फैसला कहूंगा। उन्होंने लोगों को जीत के लिए धन्यवाद कहा। देब ने कहा- हमें जिन मुद्दों ने क्लिक किया उसमें शामिल हैं सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करना और नौकरियां पैदा करना। देब का जन्म और परवरिश दक्षिण त्रिपुरा के उदयपुर में हुआ है। उन्होंने त्रिपुरा यूनिवर्सिटी से साल 1999 में स्नातक किया था। इसके बाद उन्होंने नई दिल्ली में आरएसएस से फुल ट्रेनिंग ली। इसके बाद दिल्ली में कुछ समय तक उन्होंने जिम इंस्ट्रक्टर का काम किया। भाजपा के त्रिपुरा पर्यवेक्षक सुनील देवधर को जब पूर्वोत्तर के इस राज्य के लिए नए चेहरे की तलाश थी तो उनकी यह खोज देब पर जाकर रुकी। जिसके बाद उन्हें राज्य के लोगों के लिए काम करने को कहा गया।
साल 2016 में त्रिपुरा में राज्य प्रभारी के तौर पर लौटे देब का कहना है कि अगर पार्टी नेतृत्व चाहेगा तो मैं मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी उठाने को तैयार हूं। केंद्र के साथ काम करना आसान होगा क्योंकि वही पार्टी यहां भी सत्ता में है। उन्होंने कहा- हमने अपने घोषणापत्र में जो वादे किए हैं उन्हें पूरा जरूर करेंगे। हम पिछले साल हुई दो पत्रकारों शांतनु भौमिक और सुदीप दत्ता भौमिक की हत्या के मामले में सीबीआई जांच करवाएंगे।