Updates: त्रिपुरा विधानसभा अध्यक्ष को ब्रेन स्ट्रोक, भुवनेश्वर में डिलीवरी में देरी पर महिला पर हमला
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने शुक्रवार को कहा कि विधानसभा अध्यक्ष बिस्वा बंधु सेन को अगरतला रेलवे स्टेशन पर ब्रेन हेमरेज हुआ है। मुख्यमंत्री ने फेसबुक पर लिखा कि त्रिपुरा विधानसभा के अध्यक्ष बिस्वा बंधु सेन शुक्रवार शाम ट्रेन से धर्मनगर जा रहे थे। अगरतला रेलवे स्टेशन पर वे अचानक शौचालय में बेहोश हो गए। साहा ने बताया कि 72 वर्षीय सेन को तुरंत त्रिपुरा मेडिकल कॉलेज (टीएमसी) में स्थानांतरित कर दिया गया, जहां मेडिकल जांच में मस्तिष्क रक्तस्राव का पता चला। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों ने तत्काल सर्जरी की सलाह दी है। टीएमसी के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. जयंत पोद्दार ने बताया कि अध्यक्ष को गंभीर ब्रेन स्ट्रोक हुआ है और अगरतला के आईएलएस अस्पताल में उनकी आपातकालीन सर्जरी की जा रही है। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों की एक टीम स्थिति पर नजर रख रही है।
भुवनेश्वर में डिलीवरी में देरी पर महिला पर हमला, एजेंट गिरफ्तार
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में एक महिला पर फूड डिलीवरी एजेंट ने हमला कर दिया। महिला ने खाने की डिलीवरी में देरी को लेकर एजेंट से सवाल किया था। बहस के दौरान एजेंट ने धारदार हथियार से महिला पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़िता, बिनोदिनी राठ नाम की एक नर्स, को गर्दन, सिर, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी तपन दास को गिरफ्तार कर लिया और हथियार भी जब्त किया। मेडिकल जांच में सामने आया कि हमले के समय एजेंट नशे में था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गोवा में अवैध मकानों को नियमित करने वाला बिल पारित
गोवा विधानसभा ने गुरुवार रात एक अहम विधेयक पारित किया, जो समुदाय भूमि पर बने अवैध निर्माणों को नियमित करने की अनुमति देता है। इस बिल का विपक्ष ने कड़ा विरोध किया, आरोप लगाया कि यह गैर-गोवावासियों को फायदा पहुंचाएगा। इस बिल से करीब 35,000 घरों को वैधता मिल सकती है, जिनमें 30,000 गोवावासियों के हैं। बिल के अनुसार, गांव पंचायत क्षेत्रों में 500 और नगर पालिका क्षेत्रों में 600 वर्ग मीटर तक की निर्माण सीमा तय की गई है। यह वैधता केवल तभी दी जाएगी जब संबंधित समुदाय से मंजूरी ली जाए और जुर्माना चुकाया जाए। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया कि यह कदम पुराने मकानों को तोड़ने से बचाने के लिए उठाया गया है।
माधुरी दीक्षित बनीं ओडिशा हथकरघा उद्योग की ब्रांड एंबेसडर
ओडिशा सरकार ने बृहस्पतिवार को बॉलीवुड अभिनेत्री माधुरी दीक्षित को राज्य के हथकरघा उद्योग का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने 11वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर एकता पहल के उद्घाटन के मौके पर यह घोषणा की। कार्यक्रम में माधुरी ने ओडिशा की समृद्ध वस्त्र विरासत की प्रशंसा की।
ओडिशा: डॉक्टर-फार्मासिस्ट के यौन उत्पीड़न में अधिकारी गिरफ्तार
ओडिशा में एक स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को बृहस्पतिवार को सरकारी चिकित्सा केंद्र में महिला डॉक्टर और फार्मासिस्ट का महीनों तक यौन उत्पीड़न करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
कटक सदर पुलिस स्टेशन के आईआईसी ओम प्रकाश मोहंती ने बताया कि आरोपी ने महिलाओं का शारीरिक उत्पीड़न किया और विरोध करने के बावजूद मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। महिला फार्मासिस्ट ने स्वास्थ्य अधिकारी पर लगातार प्रेम संबंध बनाने का प्रस्ताव रखने और तबादले की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। मोहंती ने बताया कि महिलाओं ने इस संबंध में कटक सदर पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आगे की जांच जारी है।
सिक्किम में मशीन हादसे में सैनिक की मौत
सिक्किम के गंगटोक में कंक्रीट मशीन के अनियंत्रित होने के बाद सैनिक की ड्यूटी पर ही मौत हो गई। घटना दो दिन पहले कुपुप इलाके के टीआर जंक्शन पर सड़क निर्माण के लिए इस्तेमाल की जा रही मशीन में खराबी आने से हुई।
एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि हादसे में लांस नायक रिंकू सिंह (29) की मौत हो गई। सिंह पंजाब के संगरूर जिले के नमोल गांव के रहने वाले थे। सैनिक के परिवार को सूचना दे दी गई है।
फिलीपीन भारत में निवेश के लिए उत्साहित: मार्कोस
फिलीपीन के राष्ट्रपति फर्डिनेंड रोमुअलडेज मार्कोस जूनियर ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत और फिलीपीन स्वाभाविक साझेदार हैं। दोनों देश साझा मूल्यों, पूरक शक्तियों और समावेशी एवं सतत विकास के लिए साझा दृष्टिकोण से बंधे हैं। यह भी कहा कि हमलोग भारत में निवेश के लिए इच्छुक हैं।
मार्कोस ने बंगलूरू के मनीला में आयोजित फिलीपीन-भारत व्यापार मंच 2025 में उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मास्यूटिकल्स, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल नवाचार और बुनियादी ढांचे जैसे प्रमुख क्षेत्रों में भारतीय उद्योग के साथ मजबूत सहयोग का स्वागत किया। उन्होंने भारतीय कंपनियों से आग्रह किया कि वे फिलीपीन को केवल बाजार के रूप में न देखें, बल्कि सेमीकंडक्टर, स्वच्छ ऊर्जा, डिजिटल समाधान और स्वास्थ्य सेवा समेत भविष्य के उद्योगों को आकार देने में रणनीतिक साझेदार के रूप में भी देखें। मार्कोस ने कहा, हम सब मिलकर अपने लोगों और क्षेत्र के लिए एक लचीला, नवोन्मेषी और समृद्ध भविष्य का निर्माण कर सकते हैं।
कर्नाटक : संविदाकर्मी ने की आत्महत्या भाजपा सांसद व दो अन्य पर केस दर्ज
कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर जिले में एक संविदा चालक ने बृहस्पतिवार सुबह उपायुक्त (डीसी) कार्यालय परिसर में पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान एम बाबू के रूप में हुई है। वह मुख्य लेखा अधिकारी के चालक के रूप में तैनात था। पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर भाजपा सांसद के सुधाकर और दो अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस ने बताया कि बाबू ने सुसाइड नोट में भाजपा सांसद सुधाकर, जिला पंचायत के लेखा सहायक मंजीनाथ और नागेश नामक व्यक्ति पर आरोप लगाया था कि दोनों ने उससे 10 लाख रुपये ठग लिए। दोनों ने कहा था कि वे सांसद की सिफारिश से उसे सरकारी नौकरी दिलवा सकते हैं। प्राथमिक जांच में पता चला है कि बाबू ने अपनी पत्नी से कहा था कि उसे एक अधिकारी को मीटिंग में ले जाना है और वह सरकारी वाहन लेकर घर से निकला था। लेकिन वह डीसी कार्यालय चला गया और वहीं उसने आत्महत्या कर ली।
इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय जुलाई 2025 में आधार फेस ऑथेंटिकेशन के जरिये अब तक का सबसे ज्यादा 19.36 करोड़ लेनदेन दर्ज किए गए। जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 5.77 करोड़ लेनदेन हुए थे। यह वृद्धि सेवाओं का लाभ उठाने और प्रदान करने, दोनों के लिए इसके बढ़ते इस्तेमाल, उपयोग और उपयोगिता को दर्शाती है। एक जुलाई 2025 को एक दिन में अब तक के सबसे ज़्यादा 1.22 करोड़ से ज़्यादा फेस ऑथेंटिकेशन लेनदेन दर्ज किए गए।
कांग्रेस ने मतदाता सूची में हेराफेरी और चुनावी धोखाधड़ी के खिलाफ देशव्यापी अभियान पर चर्चा के लिए 11 अगस्त 2025 को शाम 4:30 बजे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) कार्यालय में सभी AICC महासचिवों, प्रभारियों और प्रमुख संगठनों के प्रमुखों की एक बैठक बुलाई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
मतदाता सूची की जांच चुनाव आयोग की नियमित पहल: बंगाल राज्यपाल
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर चल रहे विवाद के बीच पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने शुक्रवार को कहा कि चुनाव आयोग की यह पहल नियमित अभियान है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि देश में लोग सुचारू और निष्पक्ष रूप से मतदान कर सकें। बोस ने कहा कि मैं इसे देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग की नियमित गतिविधियों में से एक मानता हूं। इस मामले पर मतभेद हो सकते हैं। लेकिन मेरा मानना है कि आम सहमति जरूरी है। यह सुनिश्चित करना चुनाव आयोग का कर्तव्य है कि लोग सही तरीके से मतदान कर सकें।
भारत में डेनमार्क के राजदूत रासमस अबिल्डगार्ड क्रिस्टेंसन ने हालिया व्यापारिक तनावों, खासकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लगाए 50% टैरिफ को देखते हुए एक नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था की जरूरत बताई है। उन्होंने ट्रंप की इस धारणा को खारिज कर दिया कि भारत एक मृत अर्थव्यवस्था है। क्रिस्टेंसन ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। उन्होंने यूरोपीय संघ और भारत के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर चल रही बातचीत को भारत की आर्थिक क्षमता का प्रमाण बताया। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि डेनमार्क और यूरोप भारत को निवेश और व्यापार के लिए एक आशाजनक जगह मानते हैं। डेनमार्क के राजदूत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता की वकालत भी की।
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री माननीय रामदास आठवले ने शुक्रवार को संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने बिहार स्थित महाबोधि विहार (बोधगया) को लेकर ‘महाबोधि मंदिर अधिनियम’ (1949) को रद्द करने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि वर्तमान अधिनियम के अंतर्गत ट्रस्ट में 4 बौद्ध और 4 हिन्दू सदस्य होते हैं और जिलाधिकारी इसके अध्यक्ष होते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री से मांग की कि मंदिर का प्रबंधन पूर्णतः बौद्ध समुदाय को सौंपा जाए, और इस संदर्भ में एक लिखित मांग पत्र भी उन्हें सौंपा। आठवले ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के लिए प्रधानमंत्री को बधाई दी। उन्होंने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री के निर्णायक और सशक्त नेतृत्व की सराहना करती है। प्रधानमंत्री से हुई बातचीत के दौरान आठवले ने बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर से जुड़े स्थलों के विकास को लेकर केंद्र सरकार की ओर से की गई पहल की भी प्रशंसा की।