फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 7th August North East West South India Politics Crime National News In Hindi

Updates: असम में चरागाह की भूमि से 114 परिवार बेदखल; विशाखापत्तनम में LPG सिलिंडर विस्फोट में तीन लोगों की मौत

Thu, 07 Aug 2025 10:28 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Thu, 07 Aug 2025 10:28 PM IST
विज्ञापन
News Updates 7th August North East West South India Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

असम सरकार ने गुरुवार को लखीमपुर जिले में गांव के चरागाह (वीजीआर) पर कथित रूप से अतिक्रमण करने वाले 114 परिवारों को बेदखल कर दिया। साथ ही 78.21 एकड़ (237 बीघा) जमीन खाली करा दी गई। फुकोंडोली गांव में बेदखली अभियान भारी सुरक्षा घेरे में चलाया गया। एक अधिकारी ने बताया कि परिवारों को 31 जुलाई को नोटिस दिया गया था। अधिकांश लोगों ने अपना सामान हटा लिया था। 25 प्रतिशत लोग पहले ही गांव छोड़ चुके हैं। उन्होंने बताया कि गांव निचले इलाके में है और वहां बसने वालों ने कथित तौर पर मछली पालन के लिए तालाब खोदे थे, जिससे प्रत्येक परिवार को सालाना 5 से 10 लाख रुपये की कमाई होती थी। बेदखल किये गये परिवार बंगाली भाषी मुस्लिम समुदाय से थे। परिवारों का दावा है कि उनके पूर्वज ब्रह्मपुत्र नदी के कटाव के कारण चार या नदी क्षेत्र में उनकी जमीन बह जाने के बाद उन क्षेत्रों में आकर बस गए थे, जहां अभियान चलाया गया था। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पहले दावा किया था कि मई 2021 में उनकी सरकार के सत्ता में आने के बाद से 160 वर्ग किलोमीटर से अधिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। इससे लगभग 50,000 लोग प्रभावित हुए हैं।

विज्ञापन


विशाखापत्तनम में रसोई गैस सिलिंडर विस्फोट में तीन लोगों की मौत
विशाखापत्तनम में बंदरगाह के पास एक वेल्डिंग की दुकान में खाना पकाने के गैस सिलिंडर में विस्फोट हो गया। इसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें शहर के किंग जॉर्ज अस्पताल (केजीएच) ले जाया गया। विशाखापत्तनम की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) मैरी प्रशांति ने बताया कि घायल लोग आस-पास के इलाकों के निवासी हैं। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामला दर्ज करने की प्रक्रिया में है।
विज्ञापन


ओडिशा में नाबालिग की मौत मामले में BJD का छह घंटे का बंद
पुरी जिले के बालंगा इलाके में 15 साल की लड़की की जलकर मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर विपक्षी बीजेडी (BJD) ने गुरुवार को छह घंटे का बंद बुलाया। इस दौरान आम जनजीवन पर आंशिक असर पड़ा। बंद सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक चला। बीजेडी कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर टायर जलाए, रास्ते जाम किए और पुलिस जांच पर सवाल उठाए। उन्होंने लोगों से महिलाओं पर बढ़ते अपराधों के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की। बीजेडी कार्यकर्ता पोस्टर, बैनर और पार्टी का प्रतीक शंख लेकर सड़कों पर उतरे और दुकानदारों से अपनी दुकानें बंद करने का आग्रह किया।
विज्ञापन
विज्ञापन


क्या है मामला?
मामले में लड़की की मां ने आरोप लगाया है कि 19 जुलाई को तीन अज्ञात लोगों ने भर्गवी नदी के किनारे उसकी बेटी को आग लगा दी। लड़की की 2 अगस्त को दिल्ली के AIIMS में इलाज के दौरान मौत हो गई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि इसमें किसी और का हाथ नहीं है, जबकि बीजेडी और कांग्रेस ने पुलिस की जांच पर सवाल खड़े किए हैं।

परिवार के बयान में विरोधाभास
लड़की के पिता ने कहा है कि उनकी बेटी ने मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या की। वहीं, लड़की की मां ने एफआईआर में साफ कहा था कि तीन लोगों ने उनकी बेटी को जिंदा जलाया। बीजेडी के पुरी जिला अध्यक्ष उमाकांत सामंतराय ने आरोप लगाया कि परिवार पर दबाव डालकर बयान बदलवाया गया और पुलिस असली दोषियों को बचाने की कोशिश कर रही है।

एससी आंतरिक आरक्षण रिपोर्ट पर चर्चा करेगी कर्नाटक कैबिनेट
अनुसूचित जातियों (एससी) के बीच आंतरिक आरक्षण को लेकर न्यायमूर्ति एचएन नागमोहन दास आयोग की रिपोर्ट गुरुवार को कर्नाटक कैबिनेट के सामने पेश की गई। इस रिपोर्ट पर कैबिनेट 16 अगस्त को एक विशेष बैठक में चर्चा करेगी। कर्नाटक उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश नागमोहन दास की अध्यक्षता वाले आयोग ने चार अगस्त को मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को 1766 पन्नों की रिपोर्ट सौंपी। कानून एवं संसदीय कार्य मंत्री एचके पाटिल ने कहा कि आयोग ने कम समय में सर्वेक्षण के बाद रिपोर्ट प्रस्तुत की है। सर्वेक्षण में समुदाय की 92 प्रतिशत आबादी को शामिल किया गया है। रिपोर्ट को मंत्रिमंडल के समक्ष रखा गया और सभी मंत्रियों को इसकी एक प्रति दी गई है। 16 अगस्त को इस पर चर्चा करने और निर्णय लेने के लिए एक विशेष कैबिनेट बैठक होगी। आंतरिक आरक्षण का उद्देश्य 101 अनुसूचित जातियों को दिए गए 17 प्रतिशत आरक्षण मैट्रिक्स को कम करना है।

भाजपा की रैली पर पथराव के बाद तनाव
 पश्चिम बंगाल के बारासात में बुधवार को भाजपा की कन्या सुरक्षा यात्रा पर पथराव के बाद तनाव व्याप्त हो गया। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने रैली पर पथराव किया और काले झंडे दिखाए गए। यह रैली राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराधों को उजागर करने के लिए निकाली गई थी। उत्तर 24 परगना जिले के चंपादाली मोड़ पर यह यात्रा विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में निकली थी। भाजपा समर्थकों ने लाठियों और पानी की बोतलों से जवाबी कार्रवाई की।

तेलंगाना के करीमनगर में महिला ने प्रेमी की मदद से पति की हत्या की, गिरफ्तार
करीमनगर कस्बे के किसान नगर में महिला ने कथित तौर पर अपने प्रेमी और एक सहयोगी की मदद से अपने पति के कान में कीटनाशक डालकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना 29 जुलाई को हुई थी। मामले में एक गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसकी जांच करते हुए पुलिस को यह बातें पता चलीं। जिसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

करीमनगर के पुलिस आयुक्त गौश आलम ने कहा कि महिला (38) का कर्रे राजैया (50) के साथ विवाहेतर संबंध था। वहीं उसका पति संपत कथित तौर पर शराब का आदी था। उन्होंने बताया कि महिला ने राजैया और तीसरे साथी केसरी श्रीनिवास (35) के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की साजिश रची। फिर तीनों संपत को एक समारोह के बहाने शहर के बाहरी इलाके में ले गए। जहां उसे शराब पिलाने के बाद, बेहोशी की हालत में उसके कान में कीटनाशक डाल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में महिला ने शुरुआत में शिकायत दर्ज कराई कि उसका पति लापता हो गया है। हालांकि, पूछताछ के दौरान उसके बयानों में विसंगतियों के कारण पुलिस ने और गहराई से जांच की। तब मामले का खुलासा हुआ। 

फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और आगे की पूछताछ जारी है।

खराब सड़कों के लिए एनएचएआई जनता से नहीं वसूल सकता टोल: केरल हाईकोर्ट
केरल हाईकोर्ट ने बुधवार को अपने एक अहम फैसले में कहा कि अगर एनएचएआई या उसके एजेंट राजमार्गों तक निर्बाध और सुरक्षित पहुंच प्रदान करने में विफल रहते हैं, तो वे जनता से ऐसी सड़कों के लिए शुल्क या टोल नहीं वसूल सकते। इसके साथ ही हाईकोर्ट ने एनएच 544 पर एडापल्ली-मन्नुथी खंड के बीच टोल वसूली पर रोक लगाने का आदेश जारी किया।

टोल संग्रह के खिलाफ दायर रिट याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए जस्टिस ए मुहम्मद मुश्ताक और जस्टिस हरिशंकर वी मेनन की पीठ ने कहा, हम आदेश देते हैं कि एडापल्ली-मन्नुथी खंड के बीच तत्काल प्रभाव से टोल वसूली चार सप्ताह के लिए रोक दी जाए। केंद्र सरकार जनता की चिंता और शिकायतों का निवारण करते हुए चार सप्ताह की अवधि के भीतर उचित निर्णय ले। पीठ ने कहा कि एक तरफ आम जनता राजमार्ग का उपयोग करने के लिए शुल्क का भुगतान करने को बाध्य है, दूसरी तरफ भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की जिम्मेदारी है कि वह खुद या उसके एजेंटों की ओर से उत्पन्न किसी भी बाधा के बिना सुचारू यातायात सुनिश्चित करे। हाईकोर्ट में दाखिल रिट याचिकाओं में कहा गया था कि वर्तमान में राष्ट्रीय राजमार्ग का यह हिस्सा अंडरपास, फ्लाईओवर, जल निकासी कार्य के निर्माण और सर्विस रोड के अनुचित रखरखाव के कारण बदहाल है और हर दिन काफी जाम लगता है। इतनी परेशानियों के बावजूद राजमार्ग पर वाहन चालकों से टोल वसूला किया जा रहा है।

मद्रास हाईकोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय पर लगाया 30 हजार का जुर्माना
 मद्रास हाईकोर्ट ने फिल्म निर्माता आकाश भास्करन और व्यवसायी विक्रम रवींद्रन की ओर से दायर याचिकाओं पर जवाबी हलफनामा दाखिल नहीं करने पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पर 30,000 रुपये का जुर्माना लगाया। जस्टिस एमएस रमेश और जस्टिस वी लक्ष्मीनारायणन की पीठ ने मामले की अगली सुनवाई 20 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दी। आकाश और विक्रम ने कथित 1,000 करोड़ रुपये के तस्माक मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की तलाशी और जब्ती की कार्रवाई को चुनौती दी थी।

थिएटर भगदड़ में तेलंगाना के मुख्य सचिव को NHRC का नोटिस
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने फिल्म पुष्पा-2 की स्क्रीनिंग के दौरान मची भगदड़ मामले में तेलंगाना सरकार के मुख्य सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। एनएचआरसी ने बुधवार को अधिकारी से पूछा कि मृतका के परिजनों को 5 लाख रुपये का मुआवजा देने की सिफारिश क्यों न की जाए। यह कार्रवाई वकील रामा राव इम्माननी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर की गई। उसमें आरोप था कि अभिनेता अल्लू अर्जुन के थिएटर में प्रवेश करते समय पुलिस के लाठीचार्ज और जरूरी व्यवस्थाओं की कमी से महिला रेवती की मौत हो गई और उसके बच्चे घायल हो गए।

बिल्ली को मारकर इंस्टा पर शेयर किया वीडियो, गिरफ्तार
 केरल में एक शख्स ने बिल्ली को मारकर उसका वीडियो खुद के इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया। एक पशु अधिकार कार्यकर्ता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शजीर को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस से बुधवार को मिली जानकारी के मुताबिक, वीडियो में चेरपुलसेरी के रहने वाला आरोपी बिल्ली को खाना खिलाते, उसे मारते और बाद में उसकी लाश के कुछ हिस्से दिखाते हुए दिखाई दे रहा था। पुलिस अधिकारी ने बताया, आरोपी से पूछताछ जारी है और उसकी गिरफ्तारी अभी बाकी है। आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

त्रिपुरा : एयर होस्टेस से बस में छेड़छाड़, हंगामा
त्रिपुरा के बिश्रामगंज में एक एयर होस्टेस से चलती बस में पुरुष यात्री ने छेड़छाड़ की। नाराज लोगों ने बिश्रामगंज मोटर स्टैंड पर तोड़फोड़ की। गुवाहाटी से अगरतला पहुंची 19 वर्षीय एयर होस्टेस सोनामुरा सब डिवीजन जा रही थी। पास में बैठे पुरुष यात्री ने अश्लील हरकत की। युवती ने परिजनों से संपर्क किया। वे बिश्रामगंज मोटर स्टैंड पहुंचे। बस के पहुंचने से पहले आरोपी भाग गया। भीड़ ने मोटर स्टैंड पर बस की खिड़कियां तोड़ दीं।

जर्मन सांसद हार्ड्ट से जयशंकर का द्विपक्षीय रिश्तों पर जोर
 विदेश मंत्री एस जयशंकर ने नई दिल्ली में जर्मन सांसद जुर्गन हार्ड्ट से मुलाकात की और बढ़ते द्विपक्षीय संबंधों और हाल के वैश्विक घटनाक्रम पर चर्चा की। सोशल मीडिया पोस्ट में जयशंकर ने लिखा, बीते मंगलवार को जर्मन सांसद से मिलकर हमेशा की तरह अच्छा लगा। हमने द्विपक्षीय सहयोग और वैश्विक विकास पर चर्चा की। विदेश मंत्रालय के अनुसार, जर्मनी यूरोप में भारत के सबसे मूल्यवान साझेदारों में से एक है। दोनों देशों के बीच एक मजबूत रणनीतिक साझेदारी है, जो 1951 में राजनयिक संबंधों की स्थापना के बाद से पिछले दशकों में लगातार बढ़ी है।
 

पूर्व मुख्यमंत्री करुणानिधि की पुण्यतिथि पर सीएम एमके स्टालिन ने निकाली मौन यात्रा
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके नेता एम. करुणानिधि की पुण्यतिथि पर मौन मार्च में हिस्सा लिया। यह यात्रा माउंट रोड से मरीना बीच स्थित करुणानिधि स्मारक तक निकाली गई। इस मौन यात्रा में उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन, डीएमके सांसद कनिमोझी और पार्टी के अन्य नेता व कार्यकर्ता भी शामिल हुए। सभी ने करुणानिधि को श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया।करुणानिधि तमिलनाडु के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे थे और तमिल राजनीति के बड़े चेहरों में गिने जाते हैं।
 

 

कोट्टारक्करा में तेज रफ्तार ट्रक ने बस स्टॉप पर खड़ी दो महिलाओं को कुचला
गुरुवार सुबह करीब 7 बजे कोट्टारक्करा में एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस स्टॉप के पास खड़ी दो महिलाओं को कुचल दिया। हादसे में दोनों महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।एक महिला की उम्र 42 साल थी और दूसरी की 23 साल। दोनों को अस्पताल ले जाया गया लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं इस हादसे में 50 वर्षीय ऑटो चालक हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ। पहले उसे तालुक अस्पताल ले जाया गया, फिर हालत नाजुक होने पर तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

बंगाल भाजपा ने 4 जिलों में अध्यक्ष किए नियुक्त
पश्चिम बंगाल भाजपा इकाई ने बुधवार को दार्जिलिंग, बोंगांव, बैरकपुर और घाटल जिले के नए अध्यक्षों की घोषणा की। इससे राज्य की सभी 39 संगठनात्मक इकाइयों में नेताओं की सूची पूरी हो गई।

इन चार में से तीन जिलों में नेतृत्व परिवर्तन किया गया है। एक जिले में मौजूदा अध्यक्ष बरकरार हैं। संजीव तमांग को दार्जिलिंग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। तपस घोष बैरकपुर में कार्यभार संभालेंगे और विकास घोष को बोंगांव का प्रभार दिया गया। घाटल का नेतृत्व तन्मय दास के हाथों में रहेगा, जिन्हें एक और कार्यकाल के लिए पुनर्नियुक्त किया गया है।

ओडिशा के पूर्व मंत्री और डिप्टी स्पीकर विभूति भूषण सिंह महाराज का निधन
ओडिशा के पूर्व मंत्री और विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष बिभूति भूषण सिंह मरदाराज का निधन हो गया है। उनके परिवार ने यह जानकारी दी। वे 70 वर्ष के थे। वे अपनी पत्नी, एक बेटे और एक बेटी को पीछे छोड़ गए हैं।मरदाराज खंडपाड़ा की पूर्व राजघराने से जुड़े थे। उन्होंने भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान गुरुवार तड़के करीब 12:30 बजे अंतिम सांस ली।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया 'एक्स' पर लिखा कि ओडिशा विधानसभा के पूर्व मंत्री और डिप्टी स्पीकर विभूति भूषण सिंह मरदाराज के निधन से दुखी हूं। भगवान श्री जगन्नाथ से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और उनके परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल मिले। ओम् शांति।

पुलिवेन्दुला उपचुनाव में राजनीतिक हिंसा का आरोप, वाईएसआरसीपी ने चंद्रबाबू नायडू पर लगाया दोष
कादपा जिले के पुलिवेन्दुला विधानसभा क्षेत्र में चल रहे जिला परिषद उपचुनाव के दौरान राजनीतिक हिंसा होने का आरोप यूसियर्सीपी प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने टीडीपी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू पर लगाया है। बताया गया है कि कादपा जिले के नलगोंडावरिपल्ली गांव में टीडीपी कार्यकर्ताओं ने यूसियर्सीपी के एमएलसी रमेश यादव के काफिले पर पत्थर फेंके, जिससे उनका वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। जगन रेड्डी ने बुधवार देर रात 'एक्स' पोस्ट में कहा कि नायडू सत्ता का दुरुपयोग कर रहे हैं और पुलिस बल का गलत इस्तेमाल कर हिंसा को बढ़ावा दे रहे हैं, ताकि उपचुनाव में जीत हासिल की जा सके।

साथ ही वाईएसआरसीपी नेता ने आरोप लगाया कि टीडीपी कार्यकर्ताओं ने रमेश यादव और मंडल पार्टी प्रभारी वी रामालिंगा रेड्डी पर हमला किया, जिससे वे घायल हो गए और उनका वाहन भी तोड़ा-फोड़ा गया। इसके बावजूद पुलिस ने शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि सैकड़ों यूसियर्सीपी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बंधक बना रखा है, जबकि टीडीपी समर्थक खुले घूम रहे हैं। पुलिस की निष्क्रियता से साफ लग रहा है कि वे नायडू के राजनीतिक निर्देशों के तहत काम कर रहे हैं।

कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार की सवारी वाली स्कूटी पर था ₹18,500 का चालान, मालिक ने भरा जुर्माना
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार हाल ही में एक स्कूटी चलाते नजर आए थे, लेकिन जिस स्कूटी पर वे सवार थे, उस पर ₹18,500 का ट्रैफिक जुर्माना बकाया था। यह जानकारी पुलिस ने गुरुवार को दी। दरअसल, पांच अगस्त को शिवकुमार बंगलूरू के हेब्बाल फ्लाईओवर लूप का निरीक्षण कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने एक दोपहिया वाहन चलाया। बंगलूरू ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट के मुताबिक, उस वाहन पर कुल 34 ट्रैफिक नियम उल्लंघन के मामले दर्ज थे।

इनमें बिना हेलमेट चलाना, मोबाइल का इस्तेमाल करना और नो-एंट्री या वन-वे में घुसना जैसे नियम तोड़ना शामिल थे। हालांकि, अब वाहन के मालिक ने 6 अगस्त को आरटी नगर ट्रैफिक पुलिस स्टेशन पहुंचकर ₹18,500 का पूरा जुर्माना चुका दिया है। शिवकुमार ने खुद अपने 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर एक वीडियो भी साझा किया था, जिसमें वे हेलमेट पहनकर स्कूटी चलाते हुए हेब्बाल फ्लाईओवर लूप के उद्घाटन की जानकारी दे रहे थे। यह फ्लाईओवर 15 अगस्त को जनता के लिए खोला जाएगा।

लोकसभा में मणिपुर जीएसटी संशोधन विधेयक पारित
लोकसभा में गुरुवार को मणिपुर जीएसटी (संशोधन) विधेयक 2025 पारित किया गया।  विधेयक शोरगुल के बीच ध्वनिमत से पारित हुआ। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि यह संशोधन एक सांविधानिक आवश्यकता है जिस पर अभी विचार किया जाना चाहिए। अगर यह विधेयक अभी पारित नहीं होता है, तो राज्य को उन संशोधनों को लागू करने में कठिनाई होगी, जिन्हें जीएसटी परिषद ने लंबे समय से मंजूरी दे दी है। उनका राजस्व प्रभावित होगा क्योंकि उनके पास कुछ वस्तुओं पर कर लगाने का अधिकार नहीं होगा। विधेयक में मणिपुर जीएसटी अधिनियम, 2017 की धारा 9 में परिवर्तन करने का प्रावधान है। अब मणिपुर में मानव उपभोग के लिए अल्कोहल युक्त शराब के निर्माण में प्रयुक्त असंक्रमित अतिरिक्त तटस्थ अल्कोहल या संशोधित स्पिरिट पर राज्य कर लगाने की अनुमति मिल जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed